श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “अपने अपने दायरे।)

?अभी अभी # 504 ⇒ अपने अपने दायरे ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

“A man is born free, but everywhere in chains”…

मनुष्य पैदा तो स्वतंत्र होता है, लेकिन हर जगह संबंधों के बंधनों से जकड़ा रहता है।

 – दार्शनिक रूसो

वैसे तो संबंध शब्द से ही बंध का बोध भी होता है। हर व्यक्ति अपने आप में एक इकाई है और उसके अपने अपने दायरे हैं।

यही दायरा उसका अपना संसार है। बच्चा पैदा होता है और कुछ ही समय में बच्चों की दुनिया में चला जाता है। यह उसकी अपनी दुनिया है, आप बड़े हैं, आपकी दुनिया अलग है। आप अब बच्चे नहीं बन सकते।

बस इसी तरह बचपन से लेकर बुढ़ापे तक हम अपने-अपने दायरे यानी अपने-अपने संसार में जीते रहते हैं। आप अपने दायरे का कितना भी विस्तार करें उसकी अपनी कुछ सीमाएं हैं। कहने को पूरी दुनिया आपकी है, आपका ही देश प्रदेश है, लेकिन दुनिया के इसी देश प्रदेश में आपका गांव शहर है जिसमें आपका भी एक अपना घर है। आपका अपना परिवार है, आपके सगे संबंधी, नाते रिश्तेदार और यार दोस्त भी हैं। दुनिया चल रही है और आप भी इसी दुनिया में अपना अलग संसार चला रहे हैं। बस यही आपका दायरा है।।

एक दूसरे से जुड़ना अपने दायरे को विस्तृत करना है। कुछ रिश्ते आपको जकड़ लेते हैं और कुछ रिश्तो को आप नहीं छोड़ पाते। कहने को प्रेम का रिश्ता सबसे बड़ा होता है, शायद इसीलिए कहा गया है सबसे ऊंची प्रेम सगाई। क्या प्रेम में सिर्फ सगाई ही होती है, शादी नहीं होती। और अगर किसी ने प्यार में धोखा खाया तो कितनी जल्दी वह कह उठता है ;

ये दुनिया, ये महफिल

मेरे काम की नहीं,

मेरे काम की नहीं …

इधर प्रेम सगाई टूटी, और उधर पूरी दुनिया ही तितर बितर हो गई ;

साथी न कोई मंज़िल

दिया है न कोई महफ़िल चला मुझे लेके ऐ दिल, अकेला कहाँ …

हम सब जीवन में एक बार उम्र के उस पड़ाव पर पहुंच जाते हैं जब हमारे दायरे सिमटने लगते हैं हमारी दुनिया छोटी होने लगती है हम एकाएक, अकेले पड़ने लगते हैं। इस अकेलेपन का एहसास आपको अपनी दुनिया के दायरे में रहते हुए भी हो सकता है।

ऐसा क्यों होता है कि अक्सर एक उम्र के बाद हर इंसान अपने दायरे में ही सिमटकर रह जाता है।

सिर्फ अपने बच्चे और अपना परिवार। एकाएक बच्चे विदेश क्या चले गए, मानो दुनिया ही चली गई। हम दो हमारे दो से अब केवल हम दो ही रह गए और उधर हमारे दो, दो से चार हो गए, और हम कहते रह गए ;

दुनिया बदल गई

मेरी दुनिया बदल गई।

टुकड़े हुए जिगर के

छुरी दिल पे चल गई।।

अगर आपके दायरे में संगीत है, कला है, किताबें हैं, साहित्य है, सतगुरु का सत्संग है, स्वाध्याय है, तो आपकी दुनिया कभी अकेली नहीं हो सकती। आपने अपना दायरा अब इतना विस्तृत कर लिया है, जहां सुख चैन है, संतोष है और सिर्फ प्रेम नहीं दिव्य प्रेम है। इस अवस्था में कोई गिला, शिकवा, शिकायत नहीं, तुम्हारी भी जय जय, हमारी भी जय जय।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments