श्रीमती समीक्षा तैलंग

 

☆ होली पर्व विशेष – पानी की बारात ☆ श्रीमती समीक्षा तैलंग  ☆

काकी कहिन – पानी की बारात

काकी इस बार खूब छककर होली खेलने के मूड में है। पिछले कई सालों की कसर जो निकालनी है। होली का हुड़दंग करने के लिए पूरी टोली तैयार है। होली के पहले ही शादी की नहीं ‘पानी की बारात’ निकालने के लिए सब मुस्तैद हैं। शहर के विधायक-सांसद-पार्षद-मेयर के अलावा गली-मुहल्ले के छुटभैये नेताओं को भी आमंत्रण पहुँच चुका है। दुलत्ती से नहीं ढोल-ताशे से सबका स्वागत करने के लिए आसपास के राज्यों से उम्दा नस्ल के गधों को भी आमंत्रित किया गया है। अलबत्ता ये गधे सच में चार पैर वाले हैं। बारात समय पर चल चुकी है। बारात की अगुवाई काकी कर रही है।

गधे ख़ाली बरतनों को ढोकर अपनी दुलत्ती से उन्हें सुरीले अंदाज में बजा रहे हैं। टोली में मौजूद लोग भी बजाने में उनका साथ दे रहे हैं। गोया वे सबकी बजा रहे हों। इस विशेष बारात को कवर करने के लिए पत्रकार अपने औजारों के साथ बड़ी तादाद में जुटे हैं। ट्रक पर ड्रम लदे हुए हैं। किसी पद संचलन की तरह ये बारात भी बढ़ रही है।

गीत बज रहे हैं- “तुमने पुकारा और हम चले आए, वोट की आस में आए रे,,,”। “ये देश है गुगली वालों का, लोफर और मस्तानों का, इस देश का यारों क्या कहना, ये देश है झूठों का गहना,,,”। “जनता की दुआँए लेता जा, जा तुझको कुरसी का प्यार मिले, महलों में कभी न याद आए, प्यादों से इतना प्यार मिले,,,”।

इन गीतों को सुन पत्रकार काकी से-

“मैंने अभी देखा कि बारात में बड़े नेता आमंत्रित हैं। उनके सामने उनके खिलाफ गीत?”

“तो क्या करें! हम पीठ पीछे और, और सामने कुछ और नहीं बोल सकते। आप हिम्मत नहीं करेंगे तो हमें तो करनी ही होगी”।

“आपकी ये बारात किस खुशी में है? क्या आप सूखी होली खेलने के पक्ष में हैं?”

“ये बारात पानी की विदाई की है। पानी अब केवल इन नेताओं के घरों में होता है। हमारे यहाँ से पिछले एक महीने से विदा हो चुका है। आज उसे ऑफिशियली विदा कर रहे हैं। इस उत्तर के बाद दूसरे प्रश्न कोई औचित्य नहीं”।

“ये बरतन ख़ाली हैं। क्या ट्रक पर रखे ड्रम भरे हैं?”

“जी हाँ वो भरे हैं। खोलकर देखना चाहेंगे?”

वो पत्रकार अपने साथियों के साथ भरे ड्रम की फ़ोटो लेने चढ़ता है। सारे ड्रम खोल दिए जाते हैं। कुछ ही समय में वातावरण बदल जाता है। जिसे देखो वह पेट पकड़कर हँसता हुआ पाया जाता है।

पत्रकार हँसते हुए काकी से-

“क्या आपने इसमें लाफिंग गैस भरी थी?”

काकी भी हँसते हुए- “हाँ जी। ये नेता लोग चाहते हैं कि त्योहारों में आम आदमी रोये और इनके पैरों पर गिड़गिड़ाए। इसलिए हम अपने दुख को इस गैस के द्वारा भूलकर हँस रहे हैं”।

“कैसा दुख?”

“अरे भाई बिन पानी सब सून। होली तो बाद की बात है यहाँ तो पीने और वापरने के पानी की किल्लत है। पानी पर राजनीति करने वालों के घर पानी से भरे हैं। जहाँ से टैंकर भरे जाते हैं वहाँ भी पानी भरा हुआ है। मगर हमारे लिए टैक्स देने के बाद भी ठन-ठन गोपाल। अब तुम कहो कि सूखी होली पसंद है तो भैया अब तो होली ही पसंद नहीं। क्योंकि सूखा रंग लगाने के बाद भी उसे धोना पड़ता है। यहाँ तो पानी के बगैर जीवन ही बदरंग हो चुका है। सुबह उठते ही किच-किच शुरू”।

उधर नेतागण माइक पर सूचित करते हैं कि इस अनोखी बारात का आयोजन अब प्रतिवर्ष किया जाएगा। काकी को समझ नहीं आता कि अब वे उनसे क्या कहें! अगले ही पल वे पानी की किल्लत को दूर करने का आश्वासन देते हैं।

तब काकी उनके हाथ से माइक छीनकर बोल पड़ती है-

“फिर से आश्वासन!!”

(स्वदेश – साप्ताहिक सप्तक – 9 मार्च 2025)

© श्रीमती समीक्षा तैलंग 

पुणे

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments