श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # 248 क्षणभंगुरता ?

इन दिनों घर पर अकेला हूँ। वॉशिंग मशीन के बजाय हाथ से कपड़े धोने को सदा प्राथमिकता देता रहा हूँ। कपड़े भी दो-चार ही हैं, सो आज भी यही सुविधाजनक लगा।

कपड़ों पर साबुन लगाया। नल हल्का-सा चलाकर कपड़े उसके नीचे डाले। देखता हूँ कि साबुन के झाग से कुछ बुलबुले उठते हैं, कुछ देर पानी पर सवारी करते हैं। कोई जल्दी तो कोई देर से पर फूटता हरेक है।

विशेष बात यह कि इस पूरे दृश्य का चित्र सामने की दीवार पर बन रहा है। इसका कारण यह है कि बाथरूम के दरवाज़े के सामने वॉश बेसिन है। बेसिन पर एक बल्ब लगा है, जिसके कारण बुलबुलों के जन्म  और आगे की यात्रा का छायाचित्र दीवार पर बहुत बड़ा होकर दिख रहा है। इस दृश्य के साथ मानस में चिंतन भी विस्तार पा रहा है।

चिंतन बताता है कि  विसर्जन है, तभी सृजन है। पुरानी इमारतें कभी टूटती ही नहीं तो अधुनातन सुविधाओं वाली गगनचुंबी अट्टालिकाएँ कैसे बनतीं?  जो राजा मानव प्रजाति के आरंभ में होता, सदा वही राजा बना रहता। महान डॉन ब्रैडमैन आज भी क्रिकेट खेल रहे होते। जन्म हरेक पाता पर मृत्यु किसी की नहीं होती। इसके चलते धरती पर संसाधन कम पड़ने लगते। लोग एक दूसरे के प्राणों के ही शत्रु हो जाते।

सार यह कि यह मर्त्यलोक है। इसमें विनाश है तभी जीवन की आस है।  अनेक  ज्ञानी-ध्यानी कहते हैं कि जीवन क्षणभंगुर है। मैं विनम्रता से कहता हूँ, सिक्का पलट दो …, तुम पाओगे कि क्षणभंगुरता में ही जीवन है।

वस्तुत: क्षणभंगुरता वरदान है जीवन के लिए। हर क्षण को जीने का दर्शन है क्षणभंगुरता। समय की सत्ता है क्षणभंगुरता।

वन विभाग के एक अधिकारी मित्र ने एक बार निजी बातचीत में एक सत्य घटना सुनाई थी। मुख्यालय से उनके उच्चाधिकारी आए हुए थे।  उच्चाधिकारी अपने इस अधीनस्थ के साथ वनक्षेत्र के निरीक्षण के लिए निकले। रास्ते में  विशाल बरगद के नीचे एक औघड़ बैठे थे। पास के गाँव के कुछ ग्रामीण अपना भविष्य जानने की आस में उन्हें घेरे हुए थे। उच्चाधिकारी को जाने क्या सूझा!  कुछ व्यंग्य से आदेशात्मक स्वर में औघड़ से बोले, “इन गाँववालों को क्या भविष्य बताता है। बता सकता है तो मेरा भविष्य बता।” औघड़ गंभीरता से बोला, “तेरा क्या भविष्य बताना। तेरे पास अब तीन दिन ही बचे हैं।” उच्चाधिकारी आग-बबूला हो गए। औघड़ को अपशब्द कहे और आगे निकल गए।

संयोग कहें या विधि का लेखा, औघड़वाणी सत्य सिद्ध हुई और उच्चाधिकारी तीन दिन बाद सचमुच चल बसे।

मेरे मित्र ने यह घटना अपनी पत्नी को बताई। उसकी पत्नी ने तुरंत औघड़ बाबा से मिलने की इच्छा व्यक्त की ताकि पूरे परिवार का भविष्य पूछा जा सके। मित्र ने इंकार करते हुए कि जीवन में जो घटना होगा, अपने समय पर घटेगा। उसे पहले से जान लिया तो जीवन जीना ही असंभव हो जाएगा। बाद में औघड़बाबा से मिलने से बचने के लिए उन्होंने अन्य क्षेत्र में स्थानांतरण ले लिया।

कबीर ने लिखा है,

‘पाणी केरा बुदबुदा, अस मानुस की जात।

एक दिना छिप जाएगा,ज्यों तारा परभात।।

आयु का बुलबुला कब फूट जाए, कोई नहीं जानता। अत: हर क्षण जिएँ,  क्षणभंगुरता का आनंद उठाएँ। स्मरण रहे, क्षण-क्षण जीवन है, हर क्षण में एक जीवन है।…इति।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ आषाढ़ मास साधना ज्येष्ठ पूर्णिमा तदनुसार 21 जून से आरम्भ होकर गुरु पूर्णिमा तदनुसार 21 जुलाई तक चलेगी 🕉️

🕉️ इस साधना में  – 💥ॐ नमो भगवते वासुदेवाय। 💥 मंत्र का जप करना है। साधना के अंतिम सप्ताह में गुरुमंत्र भी जोड़ेंगे 🕉️

💥 ध्यानसाधना एवं आत्म-परिष्कार साधना भी साथ चलेंगी 💥

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments