सुश्री ऋता सिंह

(सुप्रतिष्ठित साहित्यकार सुश्री ऋता सिंह जी द्वारा ई- अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों के लिए अपने यात्रा संस्मरणों पर आधारित आलेख श्रृंखला को स्नेह प्रतिसाद के लिए आभार। आज प्रस्तुत है आपकी डायरी के पन्ने से …  – संस्मरण – गुजरात की सुखद यात्रा)

? मेरी डायरी के पन्ने से # 27 – गुजरात के दर्शनीय स्थल – भाग – 4 ?

(17 फरवरी 2020)

हमारी यात्रा का आज चौथा दिन था। हम बाए रोड सोमनाथ से द्वारका पहुँचे थे।

द्वारका कल तक महाभारत और पुराणों का विषय था पर आज द्वारका इतिहास है, एक सच्चाई जो हमारी संस्कृति की विशेषता और अवतार लेकर इस धरा पर आए ईश्वर की सच्ची गाथा है। आज द्वारका नगरी का अवशेष समुद्र के नीचे पाया गया है। कृष्ण के होने की बात काल्पनिक नहीं, सत्य है और यही हमारी जिज्ञासा, उत्साह का कारण भी रहा है।

द्वारका आज छोटा – सा शहर है। कभी यहाँ विशाल नगरी बसती थी जो समृद्ध और वैभवशाली थी। कहते हैं सोने चाँदी और जवाहरातों से जड़े सात सौ महल बने हुए थे। मान्यता है कि श्रीकृष्ण को गांधारी ने संपूर्ण कुल के विनाश का श्राप दिया था। श्रीकृष्ण के पड़पोतों ने ही आपसी लड़ाई लड़कर इस नगरी को क्षति पहुँचाई और पैंतीस वर्ष के स्वर्णिम सौंदर्य को देखने के बाद इस नगर ने समुद्र में समाधि ले ली। कहते हैं कि यादव वंश समाप्त हो गया। श्रीकृष्ण ने यहाँ पैंतीस वर्ष राज्य किया था।

आज यहाँ का सारा वातावरण द्वारिकाधीश के मंदिर के इर्द-गिर्द की ज़रूरतों से घिरा है। हमारे रहने की व्यवस्था मंदिर के पास ही स्थित एक नए बने होटल में की गई थी जिस कारण मंदिर तक पहुँचने के लिए ज्यादा चलना भी नहीं पड़ा।

सुबह-सुबह हम सब जब मंदिर जाने के लिए निकले तो सड़क पर पानी की छींटे मारकर सड़कें साफ़ की गई थीं। दिन भर की थकी धूल रात भर के शांत वातावरण में हल्की नमी के साथ सड़क पर बिछ गई थीं, जैसे थका हुआ बच्चा माँ की गोद में आकर सो जाता है। सारा वातावरण और परिसर स्वच्छ और शीतल था। सड़क पर धूप की किरणें पड़ रही थीं तब उस रश्मि में धूल के कण दिखाई देने लगे थे वरना वैसे तो सब स्वच्छ ही प्रतीत हो रहा था।

श्रीकृष्ण की इस नगरी में गायों का बड़ा महत्त्व रहा है। गायें और साँड सड़क पर खुले घूमते नज़र आते हैं। इनका आकार भी आम गाय और साँड की तुलना में बहुत बड़े है। उन्हें देखकर हमें तो इतिहास के पन्नों में छपी हड़प्पा सभ्यता के साँड की तस्वीर याद आ गई। उनकी कुछ मूर्तियाँ धोलावेरा ( हड़प्पा साइट) के संग्रहालय में भी देखने को मिली थी। भयंकर तगड़े, ऊँचे, विशालकाय, मोटे मोटे, बड़े सींग, और पीठ पर विशाल कूबड़! यहाँ के बेफिक्र हो घूमनेवाले साँड भी कुछ वैसे ही थे।

सुबह- सुबह कोई उन्हें सुबह की बनी ताज़ी रोटियाँ अपने हाथ से खिलाता दिखा तो कोई चने की फलियाँ खिलाता दिखा। अपनी श्रद्धा के अनुसार पशुओं की सेवा होते देख मन को एक अद्भुत खुशी मिली। भोजन खिलानेवाला रास्ते पर बैठकर अपने हाथ से गाय को रोटी खिला रहा था और दूसरे हाथ से उसके गले के नीचे लटकते हिस्से को सहला भी रहा था। अहा ! पशुओं के प्रति यह स्नेह देख मन गदगद हो उठा। ऐसे दृश्य बड़े नगरों में कहाँ!

सड़क पर आते -जाते लोग गाय को छूते और अपने हाथ को अपने माथे और छाती को छूकर प्रणाम करते। गौमाता के प्रति कितनी श्रद्धा है यह देखकर मन संतुष्ट हुआ कि हमारी संस्कृति तो इन नगरों के, मंदिरों के इर्द-गिर्द आज भी जीवित है। हम यों ही भयभीत होते हैं।

हम मंदिर के बड़े से प्रांगण में पहुँचे। स्वच्छ धोती -कुर्ता उसपर काली बंडी पहने, गले में लाल गमछा और तुलसी की माला लटकाए, माथे पर लाल चंदन से वैष्णवी तिलकधारी कई पंडित झुंड में खड़े थे। ऐसा लग रहा था जैसे वहाँ के पंडितों का वह गणवेश ही हो!

हमें देख चार पंडित झुंड से निकलकर हमारी ओर आए। हमसे पहले पूछा गया कि हम कहाँ से आए थे। उत्तर मिलने पर दूसरे ने पूछा हमारा गोत्र क्या है? हमें आश्चर्य हुआ, मैंने पूछा कि क्या गोत्र के बिना भीतर मंदिर में प्रवेश नहीं ? तो तीसरे ने कहा, ” ऐसा नहीं माताजी, भीतर का परिसर बहुत बड़ा है आपको सब कुछ आराम से और समझाते हुए दर्शन करवाएँगे तो आपको मंदिर दर्शन का आनंद मिलेगा। “

मेरी जिज्ञासा बढ़ गई और मेरा कुछ स्वभाव भी है कि जब तक बात स्पष्ट न हो मैं सहमत नहीं होती। साथ ही जिज्ञासा ही तो ज्ञान बढ़ाने का सहज मार्ग है। मैंने कहा, “तो चलिए साथ में, अपना रेट बताइए और ले चलिए, गोत्र से क्या मतलब?”

हम शहर वासी कुछ ज्यादा ही व्यवहारवादी होते हैं।

हमारी आवाज़ और प्रश्न सुनकर दो पंडित और जुड़ गए। एक ज़रा अधिक स्मार्ट से थे, बुज़ुर्ग भी। बोले, “माताजी यहाँ कोई रेट नहीं है। आप लोग दूर से आते हैं, हम लोग आपको जितनी देर चाहें मंदिर में घुमाते हैं। सारी जानकारी देते हैं। आपको जो उचित लगे दक्षिणा दे दीजिएगा। रही बात गोत्र की तो सो ऐसा है कि इस नगर में हम जितने ब्राह्मण हैं हम मंदिर के हर क्षेत्र, और हर काम से जुड़े हैं। हमारे लिए और कोई दूसरा आजीविका का साधन नहीं है। मंदिर से हमें तनख्वाह भी नहीं मिलती। इसलिए आपस में विवाद से बचने के लिए हम गोत्र पूछ लेते हैं ताकि जिस पंडित के हिस्से में जो गोत्र है वही गाइड के रूप में दर्शनार्थी के साथ जाए। इससे हम में से हर किसी को जीवित रहने के लिए पर्याप्त धन मिल जाता है। “

वाह! बहुत बढ़िया व्यवस्था है। कोई लड़ाई नहीं। मैं तो मन ही मन प्रसन्न हुई इस व्यवस्था के बारे में जानकर। समस्या है तो उसका हल भी तो है! देयर इज़ नो प्रॉब्लेम विदाउट अ सॉल्यूशनवाली बात यहाँ चरितार्थ होती है।

हमने अपना गोत्र बताया, वैसे हम चारों के गोत्र अलग -अलग हैं पर हमने सोचा अलग तो घूमना नहीं और शादी करने तो आए नहीं तो हम भाई-बहनों का गोत्र कश्यप है तो हमने उन्हें बता दिया। उनमें से कोई भी हमारे साथ नहीं चला बल्कि एक सातवें व्यक्ति को हमारे साथ कर दिया और बोले, ” ये गुरुजी आपके साथ जाएँगे”। गुरुजी ने तुरंत पूछा, ” बंगाली हैं क्या? ” हमारे आश्चर्य की सीमा न रही कि इन ब्राह्मणों को गोत्रों की गहन जानकारी है! गुरुजी ने हमारे माथे पर लाल तिलक छाप दी और हम गुरुजी के साथ चल पड़े।

मंदिर का भीतरी परिसर बृहद है। मंदिर की भव्य इमारत देखते ही हमने दाँतों तले उँगली दबा ली। क्या ही सुंदर भवन है, न केवल विशाल, भव्य बल्कि कलाकारी का उत्तम नमूना भी है। नक्काशीदार दीवारें, झूलते बरामदें और छह मंज़िली इमारत पर विशाल कलश!कलश के ऊपर ध्वजा!आहा मन तृप्त हुआ।

मंदिर के आँगन में बड़ी भीड़ थी। लोग आँगन में बैठे थे, मानो प्रतीक्षा रत थे। पूछने पर गुरुजी ने कहा आप भी प्रतीक्षा कीजिए, कलश पर अभी पताका लगाया जाएगा। करीब 38 मीटर ऊँचे मंदिर के शिखर पर सबसे पहले भगवान के प्रपोत्र के द्वारा ही पहली बार ध्वजारोहण किया गया था।

मंदिर में प्रति दिन पाँच बार ध्वजा बदली जाती है। यह ध्वजा बावन गज़ की होती है। कम से कम पाँच वर्षों की अवधि तक ध्वजा फहराने वालों की बुकिंग हो जाती है। असंख्य भक्त विभिन्न राज्यों, शहरों से यह ध्वज चढ़ाने आते हैं और उसे नियत समय पर आरोहण किया जाता है।

स्थानीय एक परिवार के दो सदस्य हैं जो इतनी ऊँचाई पर चढ़कर ध्वजारोहण करते हैं। यह परंपरागत है। वे मंदिर के भीतर माता का दर्शन कर इस काम के लिए ऊपर चढ़ते हैं। जोखिम का काम है, किसी प्रकार की सुरक्षा की व्यवस्था के बिना दिन में पाँच बार ऊपर चढ़ते हैं और ध्वज बदलकर, ध्वजारोहण करते हैं। अब तक उनकी आस्था ही सुरक्षा कवच बनी रही। परंपरागत एक परिवार इन ध्वजाओं को सिलने का काम करता है। पहले इस परिवार के पिता, दादा मुफ्त में यह काम करते थे पर आज इस परिवार का यही पेशा है।

अचानक आँगन में बैठी भीड़ खड़ी हो गई और दोनों हाथ ऊपर करके, गर्दन पीछे की ओर झुकाकर ऊपर देखती हुई जय श्रीकृष्ण कहकर जयकारा लगाने लगी। हमारे हाथ अपने आप ऊपर उठ गए, जयकारा में हम भी शामिल हो गए। वह दृश्य, वह आस्था, वह भक्ति सब कल्पनातीत है। सभी लोग भावविभोर हो उठे। हमारे लिए यह सब कुछ नया था और अद्भुत भी। कलश पर नया, विशाल, रंगीन, पताका हवा में लहरा उठा। हमने हाथ जोड़कर वंदना की और गुरुजी के साथ आगे बढ़े।

गुरुजी हमें गर्भ गृह में ले गए, सुंदर नक्काशीदार दीवारें, पत्थर तराशकर अद्भुत कलाकृति वर्णनातीत है। यह मंदिर ग्रेनाइट और बालूपत्थर से बना हुआ है। जिसे सैंड स्टोन कहा जाता है। मंदिर नागर वास्तुकला शैली का बेजोड़ उदाहरण है। मंदिर की दीवारों पर देवी – देवताओं और पशु पक्षियों की कलाकृतियाँ बनी हुई हैं। 72 स्तंभों पर खड़े इस मंदिर को त्रिलोक्य जगत मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। यह चार धामों में से एक है।

मूल रूप से यह मंदिर 3500 वर्ष पुराना है तब यह मंदिर जवाहरातों से मढ़ा था। गुजरात हज़ारों वर्ष से व्यापार और व्यापारियों का गढ़ रहा है अतः मंदिरों की साज – सज्जा के लिए धन खर्च करना यहाँ के लोगों के स्वभाव में है। जैसे कि हम जानते हैं कि कुछ आक्रांता हमेशा भारत को लूटने ही आए हैं और मंदिरों को ध्वस्त कर सब कुछ लूटकर ले गए हैं वैसे ही यह मंदिर कई बार तोड़ा और लूटा भी गया है।

आज जिस मंदिर को हम देख रहे हैं उसे सोलहवीं शताब्दी में बनाया गया था। गुरुजी जानकारी देते हुए बोले कि इस मंदिर की स्थापना सबसे पहले श्रीकृष्ण के पड़पोते ने की थी।

मंदिर में स्थित श्रीकृष्ण की मूर्ति बाल गोपाल या रासलीला करते कान्हा या प्रेममय श्याम नहीं हैं। यह है सक्षम, गंभीर, कर्त्तव्यपरायण, सबके संरक्षक द्वारकाधीश। कहा जाता है कि यह स्थान श्रीकृष्ण का निवास स्थान था। इसलिए इसे हरि गृह भी कहा जाता है।

थोड़ी ही देर में मूर्ति के सामने पर्दा लगा दिया गया। गुरुजी बोले, ” अभी द्वारिकाधीश को भोग लगाया जाएगा, दस मिनट बाद हम आपको मूर्ति के बिल्कुल पास से दर्शन करवाएँगे। “

थोड़ी देर बाद पर्दा हटाया गया और द्वारकाधीश केदर्शन हुए। हमारे पास शब्द नहीं कि हम उस प्रसन्नता के मुहूर्त को शब्दोबद्ध कर सकें।

द्वारकाधीश को दिन में ग्यारह बार भोग लगाया जाता है। चार बार आरती होती है और हर आरती से पूर्व वस्त्र बदलकर आभूषण पहनाकर उन्हें सजाया जाता है। यह शृंगार भी दर्शनीय है। जन्माष्टमी के दिन द्वारकाधीश को छप्पन प्रकार के भोग लगाए जाते हैं। उस दिन भक्तों को थोड़ी दूर से ही दर्शन लेना पड़ता है। गुरुजी मंदिर के हर स्थान की जानकारी देते हुए चल रहे थे। हमने अपने हिसाब से समय लेकर मंदिर के सौंदर्य का पूरा आनंद लिया। चारों ओर दीवारों की नक्काशी ने हमें मंत्र मुग्ध कर दिया।

गुरुजी ने अब हमें वह जगह दिखाई जहाँ श्रीकृष्ण सुदामा से मिले थे। आज यह एक सभागृह जैसा है पर निश्चित ही अपने समय में यह अद्भुत सुंदर और पवित्रता से परिपूर्ण स्थान रहा होगा।

हम काफी सारी सीढ़ियाँ उतरकर मंदिर के पिछले द्वार से बाहर आए। इस स्थान पर अन्न दान के लिए आप अपनी इच्छानुसार धनराशि दान कर सकते हैं। हम भी यथासंभव और अपने सामर्थ्य के अनुसार कुछ रकम दान में दे आए। इसके लिए हमें रसीद भी दी गई। सीढ़ियों के दोनों तरफ छोटी- छोटी दुकानें बनी हुई हैं। सभी दुकानें सुसज्जित और आकर्षक हैं।

अब हम गुरुजी को प्रणाम कर दक्षिणा देकर मुख्य सड़क के पास आ गए। अब यहाँ काफी भीड़ थी। पूरे परिसर में दर्शन करते हुए चार -पाँच घंटे लग गए। हम लोग होटल से निर्जला निकले थे तो अब भूख भी लगी थी तो जल्दी से होटल लौट आए।

द्वारका के मंदिर के दूसरी छोर पर एक छोटी सी खाड़ी पारकर हम शाम को चार बजे द्वारका बेट देखने निकले। इस पार से उस पार तक जाने के लिए बड़ी -बड़ी नावें हैं। एक बार में साठ सत्तर लोगों को पार उतारने की व्यवस्था है। हम द्वारका बेट पहुँचे।

शायद श्रीकृष्ण के काल में यहाँ से समुद्र निश्चित ही दूर रहा होगा पर आज द्वारकाधीश के मंदिर से यह स्थान काफी दूरी पर है। यहाँ श्रीकृष्ण की पट रानी व अन्य पत्नियों की मूर्ति रखी गई है और उनके नाम का मंदिर है। कहा जाता है कि श्रीकृष्ण की पत्नियाँ इसी स्थान में बने महल में रहती थीं। यह स्थान न तो भव्य है और ही इसकी ठीक से देखरेख होती है। द्वारकाबेट पर एक मस्जिद भी है। अधिकतर नाविक इस्लाम धर्म के अनुयायी हैं। इस जगह पर बड़ी संख्या में इस्लाम ही रहते हैं गाड़ी चालक जो हमारे साथ गया था उसने बताया कि अब नाव चलानेवाले नाविक और वहाँ के अधिकांश निवासी बाँगलादेशी और रोहिंग्या हैं। यह हमारे देश के लिए बहुत बड़ा चिंता का विषय है। हम मंदिर का दर्शन कर फिर नाव पकड़कर द्वारका की मुख्य भूमि पर लौट आए।

हमारी यह यात्रा सुखद रही। शाम के समय मुख्य मंदिर में खूब रोशनी की जाती है इससे मंदिर की भव्यता और उभरकर आती है।

एक अद्भुत सुंदर कलाकृति और जीता जागता इतिहास देखकर हम आगे की यात्रा के लिए तैयार हुए।

क्रमशः

© सुश्री ऋता सिंह

फोन नं 9822188517

ईमेल आई डी – ritanani[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments