श्री सुरेश पटवा
(श्री सुरेश पटवा जी भारतीय स्टेट बैंक से सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व प्रतिसाद मिला है। आज से प्रत्यक शनिवार प्रस्तुत है यात्रा संस्मरण – हम्पी-किष्किंधा यात्रा।)
यात्रा संस्मरण – हम्पी-किष्किंधा यात्रा – भाग-२३ – हनुमान जन्म स्थली की पवित्र यात्रा ☆ श्री सुरेश पटवा
पर्वत की चढ़ाई करते समय सूर्य हमारे पीछे चलते आ रहे थे। हम पूर्व से पश्चिम दिशा में बढ़ रहे थे। जब ऊपर पहुंचे तो दिनमान पूरी तेजी से सिर पर चमक रहे थे, लेकिन चढ़ते समय पसीने से नहाए हुए थे, ऊपर हवा ठंडी चल रही थी। शरीर का तापमान भी सामान्य हो गया। आसमान में एक भी बादल का टुकड़ा नहीं था। फोटोग्राफी के लिए बहुत उम्दा चित्रमयी झांकियां चारों दिशाओं में दिख रही थीं। सम्पूर्ण भारत में सितंबर का महीना बड़ा सुहावना होता है। आंजनेय पर्वत पर से चारों दिशाओं में घूमकर देखा।
हमारी बस जिस रास्ते से आई थी। साथ में दाहिनी तरफ़ तुंगभद्रा नदी बहती दिखती रही थी। तुंगभद्रा नदी आंजनेय पर्वत को उत्तर से घूमकर पश्चिम की तरफ़ मुड़ती है। नदी भरी है, पानी पर सूर्य की किरणों की चमक तेज है। भारी गोल पत्थरों के किनारों से पेड़ों की घनी हरियाली दिख रही है। नदी और पहाड़ी के किनारे तक खेतों में हरियाली नज़र आ रही है। जी भरकर वीडियो बनाए और कई फोटो खींचे।
जिस रास्ते से चढ़े थे, उससे वापस उतरने के बजाय हमने दक्षिण दिशा का तीखी उतार का रास्ता चुना। सीधी सीढ़ियों से उतरने पर घुटनों में हल्का दर्द होने लगा। इसलिए रुक-रुक कर उतरते रहे। हमारे साथ घनश्याम मैथिल और रूपाली सक्सेना भी नीचे उतरे। नीचे उतर कर सबसे पहले नींबू-गन्ना रस पिया। बस की तरफ़ पैदल चलने लगे। तभी एक ऑटो ने दस-दस रुपयों में बस के नज़दीक छोड़ दिया। इस प्रकार हमारी हनुमान जन्म स्थली की पवित्र यात्रा पूरी हुई।
सभी साथियों के नीचे उतरने पर बस में सवार हो होटल की तरफ़ चले। सभी बुरी तरह थके निढाल दिख रहे थे। राजेश जी ने साथियों को विकल्प दिया कि होटल पहुँचकर आधा घंटा आराम करके एक और आश्रम चलना है या आराम करना है। हमने थोड़ा अधिक आराम करके हम्पी नगर का एक चक्कर लगाने का निर्णय किया। होटल पहुँच कुनकुने पानी से नहाकर थकान उतारी। थके-हारे पैरों की मालिश करके आधा घंटा ध्यान से मानसिक चंगा होकर घनश्याम जी के साथ पैदल घूमने निकले। दोहरी सड़क लंबी जाती दिख रही थी। उसी ओर बतियाते हुए चलने लगे। थोड़ा आगे चक्कर एक चौड़ी नहर के ऊपर से गुज़रकर क़रीब दो किलोमीटर चले। दोनों तरफ़ दुकानों की क़तारें थीं। एक बड़ा चौराहा पार करके उसके बाद के चौराहे से वापिसी यात्रा शुरू कर दी। फिर वही नहर मिली। चौड़ी और गहरी नगर तुंगभद्रा नदी पर बने बांध से प्रवाहित हो रही थी।
होसपेटे-कोप्पल जिलों की सीमा पर प्रवाहित तुंगभद्रा नदी पर एक जलाशय बना है। यह एक बहुउद्देशीय बांध है जो सिंचाई, बिजली उत्पादन, बाढ़ नियंत्रण आदि के काम आता है। यह भारत का सबसे बड़ा पत्थर की चिनाई वाला बांध है और देश के केवल दो गैर-सीमेंट बांधों में से एक है।
इस बाँध के बनने का भी एक इतिहास रहा है। रायलसीमा के अकालग्रस्त क्षेत्र में उस समय बेल्लारी, अनंतपुर, कुरनूल और कुडप्पा जिले शामिल थे। अकाल के निदान हेतु 1860 में ब्रिटिश इंजीनियरों का ध्यान तुंगभद्रा ने आकर्षित किया। इन जिलों में अकाल की तीव्रता को कम करने के लिए तुंगभद्रा के पानी का उपयोग एक जलाशय और नहरों की एक प्रणाली के माध्यम से भूमि की सिंचाई के लिए करने का प्रस्ताव रखा गया। तुंगभद्रा के पानी की कटाई और उपयोग के लिए कई समझौते किए गए। ब्रिटिश भारत की मद्रास प्रेसीडेंसी और हैदराबाद निज़ाम रियासत के बीच वार्ता के कई दौर चले, पर कोई बात नहीं बनी। आज़ादी के बाद हैदराबाद निज़ाम रियासत के भारत में विलय, लेकिन भारतीय गणतंत्र बनने के पहले ही 1949 में इसका निर्माण शुरू हुआ। यह हैदराबाद और मद्रास प्रेसीडेंसी के तत्कालीन प्रशासन की संयुक्त परियोजना थी। 1950 में भारत के गणतंत्र बनने के बाद यह मद्रास और हैदराबाद राज्यों की सरकारों के बीच एक संयुक्त परियोजना बन गई। इसका निर्माण 1953 में पूरा हुआ। तुंगभद्रा बांध 70 से अधिक वर्षों से समय की कसौटी पर खरा उतरा है और उम्मीद है कि यह कई और दशकों तक टिकेगा।
नहर के ऊपर खड़े होकर कुछ देर नज़ारे देखते रहे। चाट-चटोरों और आइसक्रीम ठेलों पर बुर्काबंद महिलाएं बुर्का उठा कर सी-सी के तीखे स्वर के साथ पानीपूरी का मजा ले रही थीं। उनके बच्चे उन्हें आइसक्रीम ठेले की तरफ़ खींच रहे थे। हमने थोड़ी देर नज़ारे का आनंद लिया, फिर बाज़ार की गलियों में उतर गए। दुकानों पर हाथ से बनाई गई वस्तुएं जैसे मोती, पेंडेंट, स्क्रीन, नक्काशीदार टेबल और ताबूत के साथ सुगंधित वस्तुएं जैसे चंदन की मूर्तियां, चंदन की लकड़ी के पैनल, इत्र और अगरबत्ती जैसी वस्तुओं की भरमार थी।
थोड़ी ही दूर पर ठेलों पर स्थानीय व्यंजन बिक रहे थे। दुकानदार ने बताया यह चित्रन्ना है। चावल को नीबू के रस के साथ उपयोग करके इसे तैयार किया जाता है। आमतौर पर, चावल को गोज्जू नामक सब्जी मिश्रण में मिलाया जाता है। यह गोज्जू सामान्य रूप से सरसों के बीज, लहसुन, हल्दी पाउडर और मिर्च के साथ तैयार किया जाता है। मसाले में नींबू या मुलायम आम के टुकड़े मिलाये जाते हैं। पकवान को मसालेदार स्वाद बढ़ाने के लिए तली हुई मूंगफली और धनिये की पत्तियों से सजाया जाता है। सामग्री के आधार पर चित्रन्ना कई प्रकार के होते हैं।
दुकानदार ने दूसरा व्यंजन वंगीबाथ बताया। वंगीबाथ होसपेट का एक बहुत ही पसंदीदा व्यंजन है। इसे चावल और मिले-जुले मसालों से तैयार किया जाता है। इसे तैयार करने में अंडे की जर्दी का इस्तेमाल किया जाता है। यह व्यंजन आमतौर पर नाश्ते के लिए बनाया जाता है। मुख्य रूप से, लंबे हरे बैंगन और वंगीबथ पाउडर इसकी मुख्य सामग्रियां हैं, वे इसे एक अनोखा स्वाद देते हैं। वंगीबाथ को मेथी की पत्तियों का उपयोग करके भी तैयार किया जा सकता है। रेसिपी में कई मसाले भी शामिल दिख रहे थे, जो इसके मसालेदार और स्वादिष्ट स्वाद को अनोखा बनाते हैं।
एक और व्यंजन पुलिओइग्रे बताया। पुलिओइग्रे अपने खट्टे और मसालेदार स्वाद के लिए जाना जाता है। इसे इमली के रस के साथ चावल से तैयार किया जाता है। इसकी सजावट मूंगफली से की जाती है जो इसे और भी स्वादिष्ट बनाती है।
क्रमशः…
© श्री सुरेश पटवा
भोपाल, मध्य प्रदेश
*≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈