हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आतिश का तरकश #149 – ग़ज़ल-35 – “नीति नहीं होती है यहाँ…” ☆ श्री सुरेश पटवा ‘आतिश’ ☆

श्री सुरेश पटवा

(श्री सुरेश पटवा जी  भारतीय स्टेट बैंक से  सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों  स्त्री-पुरुष “गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की  (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं  तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व  प्रतिसाद मिला है। श्री सुरेश पटवा जी  ‘आतिश’ उपनाम से गज़लें भी लिखते हैं ।प्रस्तुत है आपका साप्ताहिक स्तम्भ आतिश का तरकशआज प्रस्तुत है आपकी ग़ज़ल “नीति नहीं होती है यहाँ …”)

? ग़ज़ल # 35 – “नीति नहीं होती है यहाँ…” ☆ श्री सुरेश पटवा ‘आतिश’ ?

साँप तुम सभ्य नही हुए नगर भी कहाँ बनाया,

तुम ड़सना कहाँ सीखे तुमने ज़हर कहाँ बनाया।

 

सभ्य हम हुए और स्मार्ट नगर भी यहाँ बसाया,

लालच ईर्ष्या द्वेष विष हमने है यहाँ बनाया।

 

मैं मेरा अहंकार घमंड़ी बीन बजाती यहाँ काया। 

वो मिट गया जिसने मिलन बसेरा यहाँ बनाया। 

 

जब बनता नहीं काम अच्छी बातों से हमारा,

हमने एक नया तरीक़ा राजनीति यहाँ बनाया। 

 

नीति नहीं होती है यहाँ कभी राजनीति में कोई,

खुद की छवि चमका दूसरे को पशु यहाँ बनाया।

 

काम मद क्रोध लोभ मोह को सहज अपनाया,

प्रेम दया स्नेह करुणा से अंतर यहाँ बनाया।

 

जब चले निभाने लोकतंत्री धर्म सत्ता प्राप्ति के,

जाति   बाहूबल  प्रशासन  पैसा यहाँ बनाया।

 

जब बनता नहीं किसी कुटिलता से काम हमारा,

जीतने चुनाव मंदिर मस्जिद मुद्दा यहाँ बनाया।

 

मारते जिस रावण को और जलाते हर दशहरा,

रावण नीति लक्ष्मण को सिखा के जहाँ बनाया।

 

दस इनके बीस उनके धूर्तता से तोड़ तुड़ाकर,

सत्ता गलियारे में हमने मुख्यमंत्री यहाँ बनाया।

© श्री सुरेश पटवा ‘आतिश’

भोपाल, मध्य प्रदेश

≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा # 91 ☆ ’’खो उसको नैन आज फिर…” ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध

(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा रचित एक भावप्रवण कविता  “खो उसको नैन आज फिर …”। हमारे प्रबुद्ध पाठक गण  प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे। ) 

☆ काव्य धारा 91 ☆ ’’खो उसको नैन आज फिर…”  ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

मुस्कानों में दुख-दर्द को बहलाये हुये हैं

चोटों पै चोट दिल पै कई खाये हुये हैं।

 

है याद मैं जब से चला खपता ही रहा हूँ

पर फर्ज को कर याद बढ़े आये हुये हैं।

 

करता रहा आये दिनों मुश्किल का सामना

किससे कहें कि किस तरह सताये हुये हैं।

 

जिसने जो कहा सुन लिया पर जो सही किया

इससे ही उलझनों से निकल आये हुये हैं।

 

हित करके सबके साथ ही कुछ भी न पा सका

चुप सारा बोझ अपना खुद उठाये हुये हैं।

 

औरों से तो कम अपनों से ही ज्यादा मिला है

जो बेवजह ही अपना मुंह फुलाये हुये है।

 

मन पूछता है बार-बार गल्ती कहाँ है ?

चुप रहने की पर हम तो कसम खाये हुये हैं।

 

लगता है अकेले में कही बैठ के रोयें

पर तमगा समझदारी का लटकाये हुये हैं।

 

दुनियाँ ने किसी को कभी पूछा ही कहाँ है ?

संसार में सब स्वार्थ में भरमाये हुये हैं।

 

लगता है मुझे यहाँ पै कुछ हर एक दुखी हैं

यह सोच अपने मन को हम समझाये हुये हैं।

 

अवसाद के काँटों से दुखी मन को बचाने

आशा के मकड़जालों में उलझाये हुये हैं।

 

पर जिसका हर कदम पै सहारा रहा सदा

खो उसको नैन आज फिर भर आये हुये हैं।।

 

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ 

ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी  भोपाल ४६२०२३

मो. 9425484452

[email protected]

 संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – विरोधाभास ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

? संजय दृष्टि – विरोधाभास ??

सम्बंधों में खाई चोट का

दोष किसीको दूँ भी तो कैसे,

बटोरना उनका तंत्र रहा,

बाँटना मेरा मंत्र रहा,

पलड़े के एक ओर

दोनों साथ तुलते भी कैसे?

© संजय भारद्वाज

प्रात: 7:40 बजे , 16 जुलाई 2022

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ साहित्य निकुंज #141 ☆ भावना के दोहे… ☆ डॉ. भावना शुक्ल ☆

डॉ भावना शुक्ल

(डॉ भावना शुक्ल जी  (सह संपादक ‘प्राची‘) को जो कुछ साहित्यिक विरासत में मिला है उसे उन्होने मात्र सँजोया ही नहीं अपितु , उस विरासत को गति प्रदान  किया है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि माँ सरस्वती का वरद हस्त उन पर ऐसा ही बना रहे। आज प्रस्तुत हैं  “भावना के दोहे …।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  # 141 – साहित्य निकुंज ☆

☆ भावना के दोहे … ☆

पीड़ा मेरी समझ लो, धरती करे पुकार।

आकुल व्याकुल हो रही, डाल रहे क्यों भार।।

 

धरती कबसे कह रही, सुन लो मेरी बात।

हरियाली छीनों नहीं, छिन जायेगी रात।।

 

आँसू बहने लगे है, सहते सहते भार।

अब मैं तुमसे क्या कहूँ, लगी मानने हार।। 

 

समझ गए हैं आज हम, तेरी पीड़ा आज।

दूर करें हम गंदगी, तभी धरा पर राज।।

© डॉ भावना शुक्ल

सहसंपादक… प्राची

प्रतीक लॉरेल, J-1504, नोएडा सेक्टर – 120,  नोएडा (यू.पी )- 201307

मोब. 9278720311 ईमेल : [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ इंद्रधनुष #130 ☆ एक बुन्देली पूर्णिका ☆ श्री संतोष नेमा “संतोष” ☆

श्री संतोष नेमा “संतोष”

(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी  कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप  कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में आज प्रस्तुत हैं आपकी  “एक बुन्देली पूर्णिका। आप श्री संतोष नेमा जी  की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)

☆ साहित्यिक स्तम्भ – इंद्रधनुष # 130 ☆

☆ एक बुन्देली पूर्णिका ☆ श्री संतोष नेमा ☆

अब साँचो सो प्यार कितै है

माँ  को  प्रेम  दुलार  कितै है

 

पलना  घर  में  पलते  बच्चा

बचपन को  संस्कार  कितै है

 

धरम  पै  करते  चोट  अधर्मी

इनको    बंटाधार    कितै   है

 

गुडिमुड़ी   से   हो   रये   सबरे

इनमें  अब  फुफकार  कितै है

 

दुख   में   देखो   परे    अकेले

पहलऊं  सो व्यबहार  कितै  है

 

फाँसी  लगा  किसान  मरत  हैं

अब  हितुआ सरकार  कितै  है

 

हरई  काम   में   पूछत   तुम्हरो

“संतोष” अब  आधार  कितै  है

© संतोष  कुमार नेमा “संतोष”

सर्वाधिकार सुरक्षित

आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.) मो 9300101799
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # 171 ☆ वसीयत ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’
(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ”  में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल  (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) से सेवानिवृत्त हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। आपको वैचारिक व सामाजिक लेखन हेतु अनेक पुरस्कारो से सम्मानित किया जा चुका है।आज प्रस्तुत है एक विचारणीय कविता  – वसीयत ! ।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 171 ☆  

? कविता  – वसीयत! ?

माना

कि मौत पर वश नही अपना

पर प्रश्न है कि

क्या जिंदगी सचमुच अपनी है ?

हर नवजात के अस्फुट स्वर

कहते हैं कि ईश्वर

इंसान से निराश नहीं है

हमें जूझना है जिंदगी से

और बनाना है

जिदगी को जिंदगी

 

इसलिये

मेरे बच्चों

अपनी वसीयत में

देकर तुम्हें चल अचल संपत्ति

मैं डालना नहीं चाहता

तुम्हारी जिंदगी में बेड़ियाँ

तुम्हें देता हूँ अपना नाम

ले उड़ो इसे स्वच्छंद/खुले

आकाश में जितना ऊपर उड़ सको

 

सूरज की सारी धूप

चाँद की सारी चाँदनी

हरे जंगल की शीतल हवा

और झरनों का निर्मल पानी

सब कुछ तुम्हारा है

इसकी रक्षा करना

इसे प्रकृति ने दिया है मुझे

और हाँ किताबों में बंद ज्ञान

का असीमित भंडार

मेरे पिता ने दिया था मुझे

जिसे हमारे पुरखो ने संजोया है

अपने अनुभवों से

वह सब भी सौंपता हूँ तुम्हें

बाँटना इसे जितना बाँट सको

और सौंप जाना कुछ और बढ़ाकर

अपने बच्चों को

 

हाँ

एक दंश है मेरी पीढ़ी का

जिसे मैं तुम्हें नहीं देना चाहता

वह है सांप्रदायिकता का विष

जिसका अंत करना चाहता हूँ मैं

अपने सामने अपने ही जीवन में..

© विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३

मो ७०००३७५७९८

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ सवाल ☆ श्री केशव राजेंद्र प्रसाद शुक्ल ☆

श्री केशव राजेंद्र प्रसाद शुक्ल

(युवा साहित्यकार श्री केशव राजेंद्र प्रसाद शुक्ल जी लखनऊमें पले बढ़े और अब पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। आपको बचपन से ही हिंदी और अंग्रेजी कविताएं लिखने का शौक है। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय कविता सवाल।)

 ☆ कविता ☆ सवाल ☆ श्री केशव राजेंद्र प्रसाद शुक्ल ☆

जवाब की तलाश में चला

खुद एक सवाल बन वापस आया है

खोया पाया की बातों से ऊपर उठ

नफा नुक्सान से दूर निकल आया है

उठा जब भी एक के जवाब के साथ

तो जवाब ख़ुद ही कर बैठा एक सवाल

और फ़िर खोज शुरू कर दी उसने जवाब की

 

देख भीड़ में अगोचर से चेहरे

या कुछ जाने से लोग

और जब कोई खिलखिला कर हँस देता

और देख उन्हें दौड़ते हुए अपने सपनों के पीछे

खड़े होते तरह तरह के सवाल

वह हो गया निराश

लगा जैसे कोई बड़ी सफाई से

जवाब मिटा के गायब हो गया

कोई और भी न ढूंढ पाया होगा

यही सोच उसने मायनो की किताब को आग लगा दी

 

पर सवाल नही जलते

और जवाब , जवाब नही मिलते

 

© केशव राजेंद्र प्रसाद शुक्ल

पुणे मो  9425592588

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ समय चक्र # 119 ☆ गीत – अनगिन चले गए ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’ ☆

डॉ राकेश ‘ चक्र

(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी  की अब तक 120 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।  जिनमें 7 दर्जन के आसपास बाल साहित्य की पुस्तकें हैं। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों  से  सम्मानित/अलंकृत। इनमें प्रमुख हैं ‘बाल साहित्य श्री सम्मान 2018′ (भारत सरकार के दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी बोर्ड, संस्कृति मंत्रालय द्वारा डेढ़ लाख के पुरस्कार सहित ) एवं उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा ‘अमृतलाल नागर बालकथा सम्मान 2019’। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर बाल साहित्य की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए दिया जाना सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य भारती’ (धनराशि ढाई लाख सहित)।  आदरणीय डॉ राकेश चक्र जी के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें 👉 संक्षिप्त परिचय – डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी।

आप  “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से  उनका साहित्य आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र – # 119 ☆

☆ गीत – अनगिन चले गए ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’ ☆

परिचित शुभचिन्तक

देखा अदभुत रे संसार।

अब तो छूट रहा है प्यार।।

 

ये भी जोड़ा, वो भी जोड़ा

नाते , रिश्ते जोड़ लिए

कहीं कपट था, कहीं रपट है

कुछ ने रिश्ते तोड़ लिए

 

कैसे मिथक और उपमाएं

करतीं जीवन साज – सँवार।

 

ईश्वर को मैं देख न पाया

लेकिन गीत सदा ही गाया

सुख – दुख में सब काल छिन गया

सुख चाहती है केवल काया

 

कोशिश करी सदा मिलने की

आँख बंद कर की मनुहार।।

 

शब्द – शब्द ने ब्रह्म जगाया

जो चाहते थे कब वह पाया

मैल लगे वस्त्रों को हमने

थोड़ा – थोड़ा था चमकाया

 

द्वार खोलती अनुभूति नित

कुछ से मिलता प्यार अपार।।

© डॉ राकेश चक्र

(एमडी,एक्यूप्रेशर एवं योग विशेषज्ञ)

90 बी, शिवपुरी, मुरादाबाद 244001 उ.प्र.  मो.  9456201857

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ तन्मय साहित्य#141 ☆ तन्मय दोहे – गिरगिट जैसे सिद्ध…1 ☆ श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’

श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’

(सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ जी अर्ध शताधिक अलंकरणों /सम्मानों से अलंकृत/सम्मानित हैं। आपकी लघुकथा  रात  का  चौकीदार”  महाराष्ट्र शासन के शैक्षणिक पाठ्यक्रम कक्षा 9वीं की  “हिंदी लोक भारती” पाठ्यपुस्तक में सम्मिलित। आप हमारे प्रबुद्ध पाठकों के साथ  समय-समय पर अपनी अप्रतिम रचनाएँ साझा करते रहते हैं। आज प्रस्तुत है एक भावप्रवण एवं विचारणीय “तन्मय दोहे – गिरगिट जैसे सिद्ध…1”)

☆  तन्मय साहित्य # 141 ☆

☆ तन्मय दोहे – गिरगिट जैसे सिद्ध… 1 ☆ श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ ☆

जब से मेरे गाँव में, पहुँचे शहरी भाव।

भाई-चारे  प्रेम के, बुझने लगे अलाव।।

 

भूखों  का  मेला  लगा,  तरह – तरह  की  भूख।

जर,जमीन,यश, जिस्म की, जैसा जिसका रूख।।

 

खादी तन पर डालकर, बगुले  बनते हंस।

रच प्रपंच मिल कर रहे, लोकतंत्र विध्वंस।।

 

धर्म-पंथ के नाम पर, अलग-अलग है सोच

लोकतंत्र  लँगड़ा रहा, पड़ी  पाँव में  मोच।

 

वेतन-भत्ते सदन में, सह -सम्मति से पास।

दाई – जच्चा  वे स्वयं, फिर क्यों रहें उदास।।

 

जिनके ज्यादा अंक है, अपराधों में खास।

है उनके ही   हाथ में,  प्रजातंत्र  की  रास।।

 

इक्के-दुक्के रह गए, खादी वाले लोग।

सूट-बूट के भाग्य में, राजनीति संयोग।।

 

हाकिम का आदेश है, नहीं मचाएं शोर।

मिट जाएगा तम स्वयं, हो जाएगी भोर।।

 

रोज खबर अखबार के, प्रथम पृष्ठ पर खास।

द्विगुणित गति से हो रहा, चारों ओर बिकास।।

 

रावण को यह ज्ञात था, निश्चित मृत्यु विधान।

किंतु  छोड़ पाया  नहीं, सत्ता  का  अभिमान।।

 

बारिश में अमरत्व का, गाते झींगुर गान।

है जीवन इक रात का, हो इससे अंजान।।

 

तू-तू ,मैं-मैं  की हवा, संसद क्रीड़ागार।

भूखे – नंगों का यहाँ, शब्दों से  शृंगार।।

© सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय

अलीगढ़/भोपाल   

मो. 9893266014

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – चित्र ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

? संजय दृष्टि –  चित्र ??

वर्णित शब्दों के आधार पर

चित्रकार उकेर देते हैं

अनदेखे चेहरों के चित्र..,

पढ़ता हूँ कविताएँ,

पढ़ता हूँ कहानियाँ,

अनगिनत रचनाकारों के

मूल चित्र संग्रहित हैं

मेरे मन के संग्रहालय में..!

© संजय भारद्वाज

(प्रात: 5:57 बजे, 13.5.21)

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares
image_print