हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # 176 ☆ पुस्तक का महत्व स्थाई है…  ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’
(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ”  में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल  (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) से सेवानिवृत्त हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। आपको वैचारिक व सामाजिक लेखन हेतु अनेक पुरस्कारो से सम्मानित किया जा चुका है।आज प्रस्तुत है एक विचारणीय आलेख – पुस्तक का महत्व स्थाई है…।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 176 ☆  

? आलेख – पुस्तक का महत्व स्थाई है… ?

पिछले लंबे अरसे  (1992) से, जो किताब पढ़ता हूँ, उस पर लिखता हूँ . म प्र साहित्य अकादमी के पाठक मंच, मंडला तथा जबलपुर का संचालन करता रहा, फिर बनमाली सृजनपीठ के जबलपुर केंद्र की पाठक पीठ चलाई, बहुचर्चित पुस्तकें खरीद कर पढ़ी, या जिन रचनाकारों ने समीक्षा के आग्रह से किताबें भेजी उनके कंटेंट पर भी “पुस्तक चर्चा” लिखता रहा हूँ। पारंपरिक आलोचना के स्थान पर पुस्तक के कंटेंट की चर्चा करने की मेरी शैली की कुछ पाठकों, लेखकों, तथा चंद प्रकाशकों ने भी बहुत प्रशंसा की।

ई-अभिव्यक्ति व साहित्य संगम संस्थान स्वस्फूर्त आगे बढ़कर मेरी इस पुस्तक चर्चा को स्तंभ के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। जब तब जिन अखबारों पत्रिकाओं में भेज पाया उन्हें अनेक ने प्रकाशित भी किया । मेकलदूत अखबार ने तो इसे धारावाहिक स्तंभ ही बना लिया था।

पुस्तक चर्चा  कई लेखकों से आत्मीयता से जुड़ने का माध्यम बना।

एक उल्लेखनीय बात यह कि मैं प्रकाशक को भी उनके द्वारा प्रकाशित पुस्तक पर यह आलेख भेजता हूँ, किन्तु,आश्चर्यकारी है कि मात्र दस से बीस फीसदी प्रकाशक ही रिस्पांस करते हैं, शेष मात्र प्रिंटर की भूमिका में लगे, जिन्होंने शायद किताब छापी, लेखक को उसका ऑर्डर पकड़ाया, जो बेच सके वह बेचा और फुरसत पाई। पर सब कुछ निराशाजनक ही नहीं है कुछ गिने चुने प्रकाशक ऐसे भी हैं जो मुझे नियमित रूप से उनके द्वारा प्रकाशित किताबें समीक्षार्थ भेजने लगे।

पर ऐसे भी प्रकाशक जुड़े जिन्होंने स्वस्फूर्त आग्रह किया और कुछ पुस्तक चर्चाओं का संग्रह ही प्रकाशित कर दिया। मेरी किताब “बातें किताबों की” आई। अस्तु, पुस्तक अपने स्वरूप बदल रही है प्रिंट से ई बुक, आडियो बुक बन रही है, इन दिनों लाइब्रेरियां सूनी पड़ी रहती हैं, पर तय है कि पुस्तक का महत्व स्थाई है। इस उहापोह के दौर में भी पुस्तक का महत्व स्थाई है…

अतः पुस्तकें समीक्षा हेतु आमंत्रित है…

© विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३

मो ७०००३७५७९८

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ सात समंदर पार – भाग -6 ☆ श्री राकेश कुमार ☆

श्री राकेश कुमार

(श्री राकेश कुमार जी भारतीय स्टेट बैंक से 37 वर्ष सेवा के उपरांत वरिष्ठ अधिकारी के पद पर मुंबई से 2016 में सेवानिवृत। बैंक की सेवा में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान के विभिन्न शहरों और वहाँ  की संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिला। उनके आत्मकथ्य स्वरुप – “संभवतः मेरी रचनाएँ मेरी स्मृतियों और अनुभवों का लेखा जोखा है।” ज प्रस्तुत है आलेख – “सात समंदर पार” की अगली कड़ी।)

☆ आलेख ☆ सात समंदर पार – भाग – 6 ☆ श्री राकेश कुमार ☆

एक पुरानी कहावत है” भूखे भजन ना होई गोपाला” हम जब यात्रा कर रहे हों तो कुछ अधिक ही भूख लगती हैं। अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा में भोजन का मूल्य भी यात्रा टिकट में शामिल रहता हैं, परंतु जब भोजन परोसा जाता है, तो मुफ्त वाली फीलिंग आना स्वाभाविक ही हैं। यात्रा के पहले पड़ाव में दुबई पहुंच गए।

विमान से बाहर आने के पश्चात जब बस के द्वारा दूसरे प्लेटफार्म के लिए बाहर ले जा रहें थे, तो साथ में चल रही एक वृद्ध महिला जो पंजाब प्रांत से पहली बार विदेश जा रही थी, नाराज़ होकर बोली मैने हवाई जहाज की टिकट खरीदी है, बस में नहीं जाऊंगी। बड़ी मुश्किल से उनको बस में बैठाया। बस से उतरने के पश्चात लिफ्ट से पांच मंजिल पातललोक में जाकर मेट्रो ट्रेन से अगली विमान यात्रा के प्लेटफार्म पर विमान आने का फिर से इंतजार करने लगे। हाथ में बंधे हुए पग मापक यंत्र करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलने की सूचना दे रहा था।

दुबई विमानतल पर कार्यरत अधिकतर कर्मचारी हमारे देश के ही थे। हमें भ्रम होने लगा कि कहीं अपने देश के किसी विमानतल पर ही तो नहीं हैं, ना? घर से रोज़ी रोटी कमाने के लिए हमारे देश के नागरिक लगभग पूरी दुनिया में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। क्या करें, पापी पेट का जो सवाल हैं। इसके साथ ही साथ देश के लिए विदेशी मुद्रा अर्जित करने का प्रमुख स्रोत भी ये प्रवासी ही हैं।

दुबई के विमानतल का नज़ारा हमारे दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस के बाज़ार को भी मात देता हैं। एक देश से दूसरे देश जाने के लिए इस विमानतल का उपयोग विमान बदलने के लिए भी किया जाता हैं। हमारे देश में इटारसी स्टेशन पर भी इसी प्रकार से बहुत सारी ट्रेन क्रॉस होती हैं, ऐसे ही पुराने दिनों की याद आ गई। हमने अपने जीवन की अधिकतर यात्राएं रेल से ही तो करी हैं। गंतव्य स्थान जाने वाला विमान प्लेटफार्म पर आ गया है, अगले भाग में मिलते हैं।

क्रमशः… 

© श्री राकेश कुमार

संपर्क –  B  508 शिवज्ञान एनक्लेव, निर्माण नगर AB ब्लॉक, जयपुर-302 019 (राजस्थान) 

मोबाईल 9920832096

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ मन का संतुलित पोषण आवश्यक है ॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन

☆ ॥ मन का संतुलित पोषण आवश्यक है ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

वर्तमान युग को ज्ञान विज्ञान या अंतरिक्ष का युग कहा जाता है। मनुष्य ने विज्ञान में बहुत सी उपलब्धियां की है। जो सुख-सुविधाओं का अंबार लगाती जा रही है। परन्तु यह भी सच है कि यह कलयुग है, जहां कलपुर्जों ने मनुष्य को विकल कर रखा है और कलह क्लेश भी बढ़ाये हैं। अनाचार, पाखण्ड और अधार्मिकता की भी प्रबलता के कारण धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस युग को कलयुग कहा जाता है। सुख-सुविधा के अपार उपकरणों की उपलब्धि और आपसी द्वेष कलह से मानव त्रस्त हो रहा है। धन प्राप्ति के लिये अनावश्यक स्पर्धायें बढ़ गई हैं। अत: जीवन में भारी आपाधापी है। समय की कमी है तथा अनाचार पाखंड और लूट खसोट व ठगी की घटनाओं की बाढ़ से मन का भय और समाज में आतंक बढ़ गये हैं। लोगों का मन अशांत एवं चिंतित रहता है। विकास और अविश्वास दोनों ही दिशाओं में नई-नई कठिनाईयां बढ़ती जा रही हैं।

ऐसा क्यों हो रहा है। जब इस पर चिंतन मनन करते हैं तो ध्यान में आता है कि मनुष्य में एक ओर संग्रह या परिग्रह की भावना बढ़ रही है और इसी से दूसरी ओर अनावश्यक हिंसा भी बढ़ी है। पुरानी कहावत है सादा जीवन उच्च विचार। आज के समाज में यह अमान्य सा हो गया है। आज देखने में तो इसके विपरीत यह आता है कि दिखावे के साथ जियो खूब खाओ पिओ सही सोच विचार अब बेकार हो गये हैं। ऐसे मनोभावों का बढ़ावा दिनोंदिन अधिक हो रहा है। आदमी का मस्तिष्क तो बढ़ा है पर मन असंवेदनशील हो गया है। सब अपने अपने में मस्त और व्यस्त हैं। दूसरों के दुख दर्द के प्रति न तो कोई सोच है और न ही चिंता। पहले व्यक्ति थोड़े में सुखी था खुद खाता-पीता था तो पड़ोसी की भी उतनी ही चिंता करता था, सबका हित करना मानव धर्म माना जाता था। इसीलिये चीटियों को व मछलियों तक को भोजन दिया जाता था। चिडिय़ों को दाना पानी दिया जाना अनिवार्य माना जाता था। आज आदमी अपने दरवाजे बंद रख सुबह से शाम तक सपरिवार धन की चाह में भाग दौड़ में लगा है। उसे किसी और की ओर निहारने की फुर्सत नहीं है। धन की लालसा में उसे असंवेदनशील और क्रूर बना दिया है। धन प्राप्ति के लिये वह हिंसा पर उतारू है। हिंसा में मानसिक शारीरिक और आत्मिक हिंसायें भी शामिल हैं। किसी को अकारण ही जान से मार डालना बहुत आसान लगता है विज्ञान में सुख सुविधायें बढ़ाई हैं पर हिंसा के सहज उपकरण भी तैयार किये हैं जिनके उपयोग से अपराधी वृत्ति के लोग  दूसरों को मारकर शायद अपना मनोरंजन होता पाते हैं। स्कूल कॉलेजों के विद्यार्थी भी अकारण ही आवेश में अपने साथियों पर प्रहार कर बैठते हैं। उन्हें समाप्त करने में अपना महत्व समझने लगे हैं। समाज में आतंकवादी पैदा हो गये हैं। जो बिना किसी सोच के बाजारों में, चौराहों में, निर्दोष लोगों की जान लेकर अपने अस्तित्व का प्रभुत्व शासन पर जमाने का प्रयास कर रहे हैं। क्या किसी को अकारण मारकर या धन लुटाकर किसी का कभी कुछ भला हो सकता है। किन्तु इस युग में यह साधारण सी समझ भी मनुष्य खो चुका है और इसके दुष्परिणाम सारा समाज बुरी तरह भोग रहा है।

      इन बुराइयों को दूर करने के लिये कानून कायदे भी कमजोर दिखाई देते हैं। मनुष्य का मन ही ऐसा प्रमुख साधन है जिससे वह जैसा सोचता विचारता है वैसा ही बनता है। अर्थात् मनुष्य खुद अपने भाग्य का निर्माण कर सकता है। मन से ही अनुशासन में रह सकता है या उच्छृंखल हो सकता है। मन पर संतुलन बनाये रखने के लिये स्वाभाविक रूप से ऐसा व्यवहार किया जाना चाहिये जिससे सबका हित हो। पर आज इस ओर ध्यान ही नहीं दिया जा रहा। यह शिक्षा विभिन्न कारणों से न तो परिवार से बच्चों को मिल पा रही है और न ही शासन के द्वारा विद्यालयों में उपलब्ध हो पाती है। इसीलिये सारी अव्यवस्था, अनुशासनहीनता और क्लेश का वातावरण है। मन यदि संयमित हो तो न परिग्रह की भावना बलवती हो और न ही हिंसा का भाव जागे। अत: सबसे बड़ी जरूरत मन के संतुलित संपोषण की है। तभी संसार में शांति और सुख संभव होगा। मानव जीवन सुखी हो सकेगा एवं देश की प्रगति हो सकेगी।

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ अनुशासन ॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन

☆ ॥ अनुशासन ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

अनुशासन का शब्दिक अर्थ है शासन का अनुगमन अर्थात् शासन के नियमों का पालन। यदि निर्धारित नियमों का पालन सभी के द्वारा किया जाय तो कहीं न तो कोई अव्यवस्था हो और न समाज के सही संचालन में कोई कठिनाई। परन्तु जब नियमों का पालन कुछ के द्वारा नहीं किया जाता तो अनेकों को कठिनाइयां होती हैं और यदि बहुत से लोग नियमों का पालन नहीं करते तो अराजकता शुरु हो जाती है। धर्म या राज्य के नियम समाज के सुख-शांति और प्रगति के लिये ही रचे गये हैं। उन पर सबके द्वारा पालन किया जाना जरूरी है। परन्तु प्राय: व्यक्ति अपने मन के अनुसार काम करना चाहता है, बन्धन नहीं चाहता, इसीलिये संघर्ष और नई-नई विपदायें शुरु होती हैं। अनुशासन मानना ही स्वच्छंदता है। स्वच्छंदता और स्वतंत्रता में भारी अन्तर है। स्वतंत्रता का अर्थ है समाज के समस्तजनों के हित को ध्यान में रख, नियमों का पालन करते हुये अपने व्यक्तित्व के विकास हित समझदारी से कार्य संपादन जबकि स्वच्छन्दता में स्वैराचार की और नियमों के पालन करने की भाववृत्ति प्रधान है। स्वतंत्रता तो एक उच्च आदर्श है, किन्तु स्वच्छंदता अनैतिक अत्याचार है जो व्यक्ति और समाज दोनों के लिये अहितकारी भर नहीं हानिप्रद भी है। इसी से पतन होता है।

आज हमारे देश में यही देखने में आ रहा है। हर व्यक्ति में अनुशासनप्रियता के स्थान पर क्रमश: उदण्डता की प्रवृत्ति बढ़ती दिखती है। कहीं भी देखिये- घर, परिवेश, स्कूल, कॉलेज, ऑफिस, राजतांत्रिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों में जहां नजर जाती है, वहीं नियमों का उल्लंघन कर आंदोलन दिखाई देता है। जिस का आशय स्वार्थ को पूरा करना है, जनहित का नहीं। यह स्थिति देश के लिये बहुत ही दुखद है। समाज और शासन की गाड़ी पटरी पर नहीं चल सकती। इससे जो उन्नति की गई है वह स्थिर नहीं रह सकती और देश में जनतंत्र की भावना को कलंकित किया जा रहा है। संयम और सदाचार वे सद्गुण हैं, जिनसे असंभव को भी संभव किया जा सकता है और अनुशासनहीनता, स्वच्छंदता कलह, क्लेश तथा अवनति के निश्चितकारक हैं, जो पूर्वजों की कीर्ति को भी नष्ट करते हैं। आज की स्थिति सभी के लिये विचारणीय है जो सुधार की अपेक्षा हर एक से अनिवार्य रूप से रखती है। हमारा भविष्य अनुशासन प्रियता पर ही निर्भर है।

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 152 ☆ सादी पोशाक के सैनिक – 2 ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी । ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

आज की साधना – माधव साधना (11 दिवसीय यह साधना कल गुरुवार दि. 18 अगस्त से रविवार 28 अगस्त तक)

इस साधना के लिए मंत्र है – 

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय

(आप जितनी माला जप अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं यह आप पर निर्भर करता है)

आपसे विनम्र अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

☆  संजय उवाच # 152 ☆ सादी पोशाक के सैनिक 🇮🇳 – 2  ?

इस शृंखला में आज हम एक और अनन्य सैनिक की चर्चा करेंगे। स्वाभाविक है कि यह सैनिक भी सेना की वर्दी वाला नहीं होगा। लेकिन सादी पोशाक में आने से पहले यह पुलिस की वर्दी में अवश्य रहे। विशेष बात यह कि वर्दी में रहे या सादी पोशाक में, इनके भीतर का सैनिक सदैव सक्रिय रहा।

चर्चा करेंगे सेवानिवृत्त सहायक पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र धोंडू भोसले की। भोसले मुंबई के डी एन. नगर थाना में 2008 से 2015 तक नियुक्त थे। वहीं से वे रिटायर भी हुए। डी.एन. नगर थाना में उनके सेवाकाल में 166 लड़कियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज़ हुई थी‌। कर्त्तव्यपरायणता का चरम देखिए कि उन्होंने अपनी टीम के साथ इसमें से 165 लड़कियों को ढूँढ़ निकाला।

चरम के भी परम की अनन्य गाथा यहाँ से ही आरम्भ होती है‌। 22 जनवरी 2013 को उनके थाना में सात वर्षीय एक बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज़ कराई गई थी। केवल यही एक मामला रह गया था जिसे भरसक प्रयास के बाद भी वे सुलझा नहीं पाए‌। राजेंद्र भोसले 2015 में सेवानिवृत्त हुए। एक बच्ची को न तलाश पाना, उन्हें सालता रहा। उन्होंने बच्ची की एक फोटो अपने पास रख ली। सेवानिवृत्ति के बाद वर्दी के बजाय वे साथी पोशाक धारण करने लगे पर उनके भीतर का पुलिस अधिकारी, अंदर का सैनिक अपने मिशन में जुटा रहा। वे निरंतर बच्ची को तलाशते रहे।

हुआ यूँ था कि बच्ची का अपहरण एक नि:संतान दंपति ने कर लिया था‌। बाद में अपनी संतान हो जाने पर वे बच्ची से न केवल घर के सारे काम कराने लगे, अपितु अन्य घरों में भी बेबी सिटिंग जैसे कामों के लिए भेजने लगे। कुछ समय पहले अपहरणकर्ता दंपति शहर के उसी इलाके में आकर रहने लगे जहाँ से नौ वर्ष पहले बच्ची का अपहरण किया गया था‌‌।

बच्ची के साथ काम करने वाली एक समवयस्क लड़की ने उसकी कहानी जानकर इंटरनेट सर्च किया। उसे अब तक तलाश रहे स्वयंसेवकों के नम्बर तलाशे। अंतत: समाजसेवियों और पुलिस की सहायता से सेवानिवृत्त सहायक पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र धोंडू भोसले की मुहिम रंग लाई‌। बच्ची से बातचीत कर उसका वीडियो उसकी माँ को दिखाया गया। पुष्टि हो जाने के बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अपराधियों को हिरासत में ले लिया‌। नौ वर्ष बाद 4 अगस्त 2022 को बच्ची अपने असली घर लौट आई‌।

राजेंद्र धोंडू भोसले की यह कर्तव्यपरायणता कल्पनातीत है, असाधारण है इस महा मानव को सैल्युट और  चरणवंदन।

© संजय भारद्वाज

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी   ☆  ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ दृष्टिकोण ॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन

☆ ॥ दृष्टिकोण ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

दिनभर की निरन्तर यात्रा पूर्ण कर सूर्यदेव का रथ अस्ताचल के शिखर से नीचे उतर गया था। पश्चिम दिशा रक्ताभ थी। पूर्व की ओर से कालिमा की अवनिका क्रमश: उतरती और पसरती जा रही थी।

किसी पुराने किले के खंडहर के विवर से एक उलूक ने बाहर झांका और अपने बच्चों से बोला- बच्चों! अंधेरा हो रहा है। अब चिंता की कोई बात नहीं, तुम्हारी क्षुधा शांति के लिये मैं अभी शिकार करके लाता हूं। कष्टों की समाप्ति निकट है। मेरे स्वेच्छ संचार और काम्य व्यापार के लिये इष्ट तथा सुखद समय आ गया। फलोद्यान के वृक्ष पर बैठे कीर ने कहा- ‘मित्रों चलो अब नीड़ पर लौटकर विश्राम का समय आ गया है। यह बाग अब अंधकार में भयावह दिखाई देने लगा है।’

नगर के घने बाजार के पास की बस्ती की अट्टालिका से रंगीन दीपों की निकलती रश्मियों के साथ घुंघरुओं की झनकार तथा सुरम्य वाद्यों की आकर्षक ध्वनियों को सुनकर किसी पथिक ने कहा- कैसी मधुर और मोहक स्वर लहरी है। कितना सुहाना समा है।

तपस्वी पुत्र ने वनान्चल में निशानिमज्जित वातावरण को निहारते हुये कहा- ‘सारा संसार नैश नीरवता में निस्पन्द है। मानसिक एकाग्रता की साधना, उपासना और ज्ञान संचेतना के लिये संध्यावन्दन का उचित समय हो गया।’

कवि चिन्तन कर रहा था- ‘सूर्य की अनुपस्थिति में अंधकार का साम्राज्य तो थोड़े ही समय का होता है। रात हो गई, अब विहान के आगमन के मार्ग में कोई व्यवधान कहां? नवप्रभात की स्वर्णरश्मियों को झलकना तो सुनिश्चित है। बस कुछ समय की ही देर है।’

तभी कोई दार्शनिक लिख रहा था- ‘जिसे रात्रि कहा जाता है वह दिन से भिन्न नहीं है। दिन का ही तो दूसरा पहलू है। सूर्य तो निरन्तर प्रकाशमान है। पृथ्वी के परिभ्रमण के कारण जो भाग सूर्य के सामने आता वहां प्रकाश हो जाता और जो भाग सूर्य की विपरीत दिशा में चला जाता वहां अंधेरा हो जाता है। यह तो प्रकृति का सहज नियम है। मनुष्य ने जाने क्यों इस प्रक्रिया को मनोभावों से रंगकर दो अलग नाम दे रखे हैं- ‘दिन और रात’

संसार में सब लोग जो देखते, सुनते और समझते हैं वह सच में उनके मनोभावों और दृष्टिकोणों का ही प्रतिरूप होता है।

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ अभिभावकों का दायित्व सन्तान को सदाचारी बनाने का यत्न कीजिये ॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन

☆ ॥ अभिभावकों का दायित्व सन्तान को सदाचारी बनाने का यत्न कीजिये ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

आज का युग पहले से बहुत बदल गया है। युगान्तरकारी परिवर्तन हो चुके हैं। पहले जहां छ: वर्ष के पहले स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जाता था, वहां अब बच्चा को तीन साल का होने के पहले ही किसी नर्सरी, मोंटेसरी या किंडर गार्टन स्कूल में प्रवेश दिला दिया जाता है। माता-पिता बच्चे का स्कूल में मोटी रकम देकर नाम लिखा कर प्रसन्न तथा निश्चिंत हो जाते हैं। स्कूल यूनीफार्म पुस्तकें आदि खरीदकर आने जाने की वाहन व्यवस्था में भारी खर्चा करते हैं और बस अपने कर्तव्य की इतिश्री समझते हैं। माँ-बाप दोनों ही चूंकी कहीं सर्विस करते हैं अत: दिनभर थककर शाम को जब घर लौटते हैं तो निरंतर व्यस्तता के बीच बच्चे के सही पूर्ण विकास की ओर ध्यान देने, पूछताछ करने और मार्गदर्शन देने का अवसर ही उनके पास नहीं होता। बच्चा अगली कक्षाओं में पढ़ता बढ़ता जाता है। माता-पिता बच्चों के भविष्य के विषय में बड़ी-बड़ी कल्पनाओं सजाकर ट्यूशन आदि की व्यवस्था भी कर देते हैं, परन्तु बच्चे के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और भावनात्मक विकास की ओर पूरा ध्यान और समय नहीं दे पाते हैं। पढ़े-लिखे माता-पिता भी व्यक्तिगत रूप से बच्चे के शिक्षण कार्यक्रम में सहयोग नहीं दे पाते। बच्चे स्कूल और नौकरों के भरोसे पलते और बड़े होते हैं। माता-पिता के सर्विस में बाहर होने के कारण स्कूल से आकर बच्चे घर में अकेले या अन्य साथियों के साथ मनमौजी तरीके से या तो सडक़ पर खेलते होते हैं या घर में टीव्ही देखने में मस्त होते हैं। पढ़ाई में होमवर्क करते हैं तो पुस्तक की नकल कर उत्तर लिख जाते हैं। कई बार तो अधिकांश शिक्षक-शिक्षिकायें भी उत्तर लिखने को बालक की मौलिक योग्यता और भाषा को हतोत्साहित करते हैं और पुस्तक की भाषा में रटे हुये उत्तर को अधिक महत्व देते हैं, जो शिक्षा के मूल उद्देश्य के विरुद्ध है। पुस्तकीय ज्ञान और भाषा से अधिक महत्वपूर्ण छात्र के अपने अनुभव पर आधारित अपने शब्दों में लिखे गये उत्तर होते हैं। परन्तु उसकी मौलिकता को स्कूलों में भी आज कम सराहा जाता है। सदाचार की शिक्षा तो दूर की बात है, सदाचार के सही व्यवहार भी उन्हें स्कूल और समाज में देखने और समझने को कम मिलते हैं। अत: बच्चों का सही विकास नहीं हो पाता। शिक्षा से न तो सदाचार का पालन करना आता है न ही उनके संस्कार बनते हैं। एकल परिवार के कारण घर में बड़े-बूढ़े भी नहीं होते। अत: स्वास्थ्य, सदाचार, संस्कार की नींव मजबूत करना वास्तव में माता-पिता की ही जिम्मेदारी रह गई है, जो आज के जाने-अज्ञाने पूरी नहीं कर पा रहे हैं। सदाचारी न होने पर आदतें बुरी पड़ती हैं, दुराचार की प्रवृत्ति बढ़ती है। यही कारण है कि आज अनाचार और अपराध बढ़ते जा रहे हैं। माता-पिता को इससे यह दायित्व और भी अधिक समझने जिम्मेदारी से जरूरत है कि वे बच्चों को बचपन से ही सदाचारी बनाने के यत्न करें। दुराचारी व्यक्ति न केवल परिवार के लिए वरन पूरे समाज और राष्ट्र के लिये घातक और समस्यामूलक होते हैं।

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #146 ☆ मौन भी ख़लता है ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  साप्ताहिक स्तम्भ  “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक  साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी का  वैश्विक महामारी और मानवीय जीवन पर आधारित एक अत्यंत विचारणीय आलेख मौन भी ख़लता है। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 146 ☆

☆ मौन भी ख़लता है

‘ज़रूरी नहीं कि कोई बात ही चुभे/ बात न होना भी बहुत चुभता है।’ यह हक़ीकत है आज के ज़माने की… आजकल हर इंसान एकांत की त्रासदी से जूझ रहा है। पति-पत्नी भले ही एक छत के नीचे रहते हैं, परंतु उनमें अजनबीपन का एहसास चरम सीमा पर व्याप्त है। सिंगल पेरेंट का प्रचलन बढ़ने के कारण बच्चे नैनी व घर की बाईयों की छत्रछाया में रहते हैं और वे मां की ममता और पिता की छत्रछाया से महरूम रहते हैं। आजकल घर में मातम-सा सन्नाटा पसरा रहता है। इसलिए अक्सर बात होती ही नहीं, फिर उसके चुभने का प्रश्न ही कहाँ पैदा होता है? 

संवादहीनता की स्थिति वास्तव में अत्यंत घातक होती है, जो संवेदनहीनता का प्रतिफलन है। आजकल पति-पत्नी लोगों की नज़रों में तो पति-पत्नी दिखाई पड़ते हैं,परंतु उनमें दांपत्य संबंध नदारद रहता है। अक्सर बच्चों के कारण वे एक घर की चारदीवारी में रहने को विवश होते हैं। इस प्रकार समाज में बढ़ती विसंगतियों को देख कर हृदय आहत हो उठता है। बच्चों से उनका बचपन छिन रहा है। वे नशे के शिकार हो रहे हैं और उनके कदम ग़लत दिशा की ओर अग्रसर हो रहे हैं। लूटपाट,अपहरण, फ़िरौती, हत्या आदि उनके मुख्य शौक हो गए हैं। इस कारण दुष्कर्म जैसे हादसे भी सामान्य हो गए हैं और इन जघन्य अपराधों में उनके आत्मजों की लिप्तता का पता उन्हें एक लंबे अंतराल के पश्चात् लगता है। ‘अब पछताए होत क्या,जब चिड़िया चुग गई खेत’ इस प्रकार उनके तथाकथित माता-पिता हाथ मलते रह जाते हैं।

‘रिश्ते कमज़ोर नहीं होने चाहिएं। यदि एक ख़ामोश हो तो दूसरे को आवाज़ देनी चाहिए।’ परंतु कहाँ हो पाता है वह सब? आजकल ‘तू नहीं और सही’ का प्रचलन बेतहाशा जारी है। अक्सर अपने ही,अपने बनकर,अपनों को छलते हैं। सो! कुंठा व तनाव का होना स्वाभाविक है। वैसे भी ‘आजकल पहाड़ियों से ख़ामोश हो गये हैं रिश्ते/ जब तक न पुकारो, आवाज़ ही नहीं आती।’ सो! आत्मकेंद्रितता के कारण पारस्परिक दूरियाँ बढ़ती जा रही हैं। सब अपने-अपने अहं में लीन हैं, परंतु कोई भी पहल नहीं करना चाहता और उनके मध्य बढ़ती खाइयों को पाटना असंभव हो जाता है।

आजकल संयुक्त परिवार व्यवस्था के स्थान पर एकल परिवार व्यवस्था काबिज़ है। इसलिए रिश्ते एक निश्चित दायरे में सिमट कर रह गये हैं और कोई भी संबंध पावन नहीं रहा। नारी अस्मिता हर पल दाँव पर लगी रहती है। खून के रिश्तों पर विश्वास रहा नहीं। पिता-पुत्री व गुरु-शिष्य के संबंधों पर भी क़ालिख पुत गयी है। हर दिन औरत की अस्मत शतरंज की बिसात पर बिछाई जाती है तथा चंद सिक्कों के लिए चौराहे पर नीलाम की जाती है। माता-पिता भी उसका सौदा करने में कहां संकोच करते हैं? इन विषम परिस्थितियों में मानव-मूल्यों का पतन होना स्वाभाविक है।

शब्द-बाण अत्यंत घातक होते हैं। संस्कार व जीवन-मूल्य हमारी संस्कृति के परिचायक हैं। यदि आप मौन रहकर मात्र सहन करते हैं तो रामायण लिखी जाती है, वरना महाभारत का सृजन होता है।’अंधे का पुत्र अंधा’ महाभारत के युद्ध का कारण बना, जिसका अंत सर्वनाश में हुआ। कैकेयी के दशरथ से वचन मांगने पर राम, सीता व लक्ष्मण के वनवास- गमन के पश्चात् दशरथ को प्राण त्यागने पड़े… ऐसे असंख्य उदाहरण इतिहास में हैं। सो! मानव को सोच-समझ कर बोलना व वचन देना चाहिए। मानव को बोलने से पहले स्वयं को उस सांचे में रखकर देखना चाहिए, क्योंकि शब्दों के भी ज़ायके होते हैं। इसलिए सदैव चखकर बोलना कारग़र होता है, अन्यथा वे नासूर बन आजीवन रिसते रहते हैं और प्राण-घातक भी हो सकते हैं। अक्सर दिलों में पड़ी दरारें इतनी गहरी हो जाती हैं; जिन्हें पाटना असंभव हो जाता है। सो! मानव का मौन रहना भी उतना ही कचोटता है; जितना बिना सोचे-समझे अनर्गल वार्तालाप करना। आइए! विवाद को तज संवाद के माध्यम से जीवन में समन्वय,सामंजस्यता व समरसता लाएं ताकि जीवन में अलौकिक आनंद संचरित हो सके।

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

16.7.22.

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – जन्माष्टमी विशेष – कृष्णनीति ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। )

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

आज की साधना – माधव साधना (11 दिवसीय यह साधना कल गुरुवार दि. 18 अगस्त से रविवार 28 अगस्त तक)

इस साधना के लिए मंत्र है – 

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय

(आप जितनी माला जप अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं, यह आप पर निर्भर करता है)

 – संजय भारद्वाज

☆☆☆☆

 ? संजय दृष्टि – जन्माष्टमी विशेष –  कृष्णनीति ??

(पुनर्पाठ में आज संजय उवाच का एक आलेख)

जरासंध ने कृष्ण के वध के लिए कालयवन को भेजा। विशिष्ट वरदान के चलते कालयवन को परास्त करना सहज संभव न था। शूर द्वारकाधीश युद्ध के क्षेत्र से कुछ यों निकले कि कालयवन को लगा, वे पलायन कर रहे हैं। उसने भगवान का पीछा करना शुरू किया।

कालयवन को दौड़ाते-छकाते कृष्ण उसे उस गुफा तक ले गए जिसमें ऋषि मुचुकुंद तपस्या कर रहे थे। अपनी पीताम्बरी ऋषि पर डाल दी। उन्माद में कालयवन ने ऋषिवर को ही लात मार दी। ऋषि को विवश हो चक्षु खोलने पड़े और कालयवन भस्म हो गया। ज्ञान के सम्मुख योगेश्वर की साक्षी में अहंकार को भस्म तो होना ही था।

कृष्ण स्वार्थ के लिए नहीं सर्वार्थ के लिए लड़ रहे थे। यह ‘सर्व’ समष्टि से तात्पर्य रखता है। यही कारण था कि रणकर्कश ने समष्टि के हित में रणछोड़ होना स्वीकार किया।

भगवान भलीभाँति जानते थे कि आज तो येन केन प्रकारेण वे असुरी शक्ति से लोहा ले लेंगे पर कालांतर में जब वे नहीं होंगे और प्रजा पर इस तरह के आक्रमण होंगे तब क्या होगा? ऋषि मुचुकुंद को जगाकर कृष्ण आमजन में अंतर्निहित सद्प्रवृत्तियों को जगा रहे थे, किसी कृष्ण की प्रतीक्षा की अपेक्षा सद्प्रवृत्तियों की असीम शक्ति का दर्शन उसे करवा रहे थे।

स्मरण रहे, दुर्जनों की सक्रियता नहीं अपितु सज्जनों की निष्क्रियता समाज के लिए अधिक घातक सिद्ध होती है। कृष्ण ने सद्शक्ति की लौ समाज में जागृत की।

प्रश्न है कि कृष्णनीति की इस लौ को अखंड रखनेवाले के लिए हम क्या कर रहे हैं? हमारी आहुति स्वार्थ के लिए है या सर्वार्थ के लिए? विवेचन अपना-अपना है, निष्कर्ष भी अपना-अपना ही होगा।

© संजय भारद्वाज

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ आध्यात्म और विज्ञान के समन्वय की आवश्यकता ॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन

☆ ॥ आध्यात्म और विज्ञान के समन्वय की आवश्यकता ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

‘एको सदविप्रा: बहुधा वदन्ति’- सत्य एक है पण्डित (विद्वान) उसे कई प्रकार से बताते या कहते हैं। यह हमारे सनातन धर्म का ब्रह्मवावन्य है। मनुष्य को जीवन में उसी एक सत्य को जनना और समझना चाहिये इसके लिये सतत प्रयास करना चाहिये यही धार्मिकता है। इसी सत्य की खोज जब से इस सृष्टि का निर्माण हुआ है विद्वानों का खोजी मन कर रहा है और जिसने जो समझा उसी का प्रचार करता आया है। इसी चिन्तन धारा ने अनेकों नये-नये युग में नये-नये धर्मों को जन्म दिया है। हर धर्म ने अपनी परिस्थितियों और विचारों के अनुसार कर्मकाण्डों की स्थापना की है। इसी कर्मकाण्डों की भिन्नताओं ने विभिन्न धर्मों के कम समझने वालों को रूढि़वादी बनाया है और इसी बखेड़े के कारण विभिन्न धर्माविलियों में भेदभाव व लड़ाई आौर द्वेष है। इसी नासमझी के कारण युद्ध हुये हैं और आज आतंकवाद भी इसी का दुष्परिणाम है। इन्हीं भेदों और वर्तमान आतंकवाद ने सारे विश्व को अनावश्यक रूप से हलाकान कर रखा है। सामान्य जनजीवन कठिन हो गया है। विभिन्न देशों की सरकारों के सामने नित नई समस्यायें खड़ी कर दी हैं, जो मानव जाति के विकास में अड़ंगे हैं। जरा सोचिये इस समस्या से चाहे जब, जहां कहीं ये घटनायें घटती हैं, कितनी जन-धन की हानि हो जाती है। कितना श्रम व समय बर्बाद हो जाता है और जीवन की भावी योजनाओं को निर्मल कर आगे बढऩे का रास्ता भर नहीं रोक देता वरन जीवन की राह और दिशा ही बदल देता है। जिस सत्य की खोज मनुष्य करना चाहता है उस लक्ष्य से ही दूर हो दूसरी दिशा में बढऩे को मजबूर हो जाता है। परन्तु सब आकस्मिताओं और कठिनाइयों के बावजूद भी अध्यात्म के लक्ष्य उसी सत्य, परमात्मा की खोज जारी है।

जो खोज सदियों पहले से आत्मा या आध्यात्म के स्तर पर विद्वानों ने या धार्मिक व्यक्तियों ने शुरु की थी वही आज से करीब 400 वर्षों पहले विज्ञान ने जन्म ले शुरु की। विज्ञान का भी लक्ष्य सत्य की ही खोज है परन्तु रास्ता अलग है। आध्यात्म चेतना के स्तर पर चलकर खोज में लीन हैं और विज्ञान पदार्थ (वस्तु) के स्तर पर चलकर खोज करता है। दोनों का लक्ष्य एक होते हुये भी विधियां भिन्न है। अध्यात्म चेतना की अनुभूति और चिन्तन के द्वारा जो पाना चाहता है, विज्ञान उसे प्रत्यक्ष वास्तविक प्रयोग के द्वारा। या यों कहें कि दोनों की विधियों में अदृश्य और दृश्य का भेद है। दृश्य जगत सीमित है अदृश्य असीमित। मानव इन्द्रियों की क्षमतायें सीमित हैं किन्तु चेतना की व्याप्ति असीमित। इसलिये भी सामान्य मनुष्य दोनों क्रियाविधि, सरणी, परिणाम और उपलब्धियों को समझ नहीं पाता है और व्यवहारिक दृष्टि से आपस में विरोध करने लगता है। यही विरोध बड़ी-बड़ी लड़ाइयों और भारी क्षति का कारण बन जाता है। यदि विश्व में सभी लोग संकुचित कटुता को त्याग कर उदार भाव से प्रत्येक की अनुशासन में रहते हुये स्वतंत्रता को स्वीकार करने की वृत्ति को अपना लें तो न तो धर्मों के बीच में कट्टरता रहे और न भ्रम रहे। छोटे-बड़े, अच्छे-बुरे, ऊँच-नीच के, सही-गलत होने के भाव तो केवल अज्ञान और असहिष्णुता के कारण ही उपजते हैं। सभी धर्म उसी एक परमशक्ति, जगन्नियता को पाने के ही रास्ते हैं फिर उनमें झगड़ा कैसे? एक ही स्थान पर पहुंचने के कई रास्ते हो सकते हैं, साधन भी भिन्न हो सकते हैं। मतलब तो उस स्थान तक पहुंचने से है। यह बात ऐसे भी सहजता से समझनी चाहिये जैसे यदि किसी को राजधानी दिल्ली पहुंचना है तो वहां तक जाने को सडक़ मार्ग, रेलमार्ग या वायु मार्ग कुछ भी अपनाया जा सकता है। जिसे जो सुविधाजनक हो उसका उपयोग कर ले। इसी प्रकार अध्यात्म और विज्ञान के बीच के भी भेद निरर्थक हैं। विज्ञान की खोजों का प्रत्यक्ष लाभ तो हम सब अनुभव कर रहे हैं। अनेकों नई खोजों ने विगत लगभग ढाई शताब्दियों के बीच मानवजाति को बेहिसाब सुख-सुविधायें हमें दी हैं। जिस अज्ञात अलख शक्तियों की खोज में दोनों (अध्यात्म और विज्ञान) लगे हैं उसकी खोज से दोनों को सहभागी होना अधिक उचित व उपयोगी होगा। अध्यात्म और विज्ञान दोनों ही एक दूसरे के पूरक होकर यदि किसी कठिन विचार को सामान्य आदमी को समझायें तो उसे अधिक मान्य व स्वीकार्य होंगे। आज के बहुरंगी विश्व में सभी धर्मों के तथा आध्यात्म के समन्वय की आवश्यकता है।

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares