हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ किसलय की कलम से # 6 ☆ प्राकृतिक असंतुलन का दुष्परिणाम है कोविड-19 : एक गंभीर चेतावनी ☆ डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

( डॉ विजय तिवारी ‘ किसलय’ जी संस्कारधानी जबलपुर में साहित्य की बहुआयामी विधाओं में सृजनरत हैं । आपकी छंदबद्ध कवितायें, गजलें, नवगीत, छंदमुक्त कवितायें, क्षणिकाएँ, दोहे, कहानियाँ, लघुकथाएँ, समीक्षायें, आलेख, संस्कृति, कला, पर्यटन, इतिहास विषयक सृजन सामग्री यत्र-तंत्र प्रकाशित/प्रसारित होती रहती है। आप साहित्य की लगभग सभी विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी सर्वप्रिय विधा काव्य लेखन है। आप कई विशिष्ट पुरस्कारों / अलंकरणों से पुरस्कृत / अलंकृत हैं।  आप सर्वोत्कृट साहित्यकार ही नहीं अपितु निःस्वार्थ समाजसेवी भी हैं। आज से आप प्रति शुक्रवार साहित्यिक स्तम्भ – किसलय की कलम से आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका मानवीय दृष्टिकोण पर आधारित एक समसामयिक एवं सकारात्मक आलेख  ‘प्राकृतिक असंतुलन का दुष्परिणाम है कोविड-19 : एक गंभीर चेतावनी।)

☆ किसलय की कलम से # 6 ☆

☆ प्राकृतिक असंतुलन का दुष्परिणाम है कोविड-19 : एक गंभीर चेतावनी ☆

(अन्तहीन लालसा को जरूरत में बदलना होगा)

(धैर्य, सावधानी, सद्भावना से ही हारेगा कोविड-19)

कोविड-19 महामारी के चलते आज लोगों का डरे-सहमे होना लाजमी है। वैसे भी जब यमराज हमारे दरवाजे पर दस्तक दे रहे हों तो घर से बाहर निकलने की कोई बेवकूफी करेगा ही क्यों? जो बाहर निकल रहे हैं उनके लिए तो बस इतना ही कहा जाएगा कि ऊपर वाले की इच्छा के बगैर पत्ता  भी नहीं खरकता फिर घर से बाहर निकलने की बात तो बहुत दूर की है। हमने दूसरी बात यह भी सुनी है कि ईश्वर ने इंसान का सब कुछ तो अपने पास रखा है लेकिन बुद्धि-विवेक इंसान के सुपुर्द कर उसी पर छोड़ दिया है कि अच्छे-बुरे का निर्णय तू ही कर और उसका परिणाम भी खुद भोग। अर्थात जो जैसा करेगा, सो वैसा भरेगा। जिस कारण ईश्वर को दोष देने का प्रश्न ही खड़ा नहीं होता। आजकल यह मजेदार बात आम हो गई है कि ईश्वर तो बाद में देखेगा पहले पुलिस ही घर से बाहर निकलते ही आपके कर्मों का फल दे रही है।

यदि हम मान भी लें कि-

जन्म, विवाह, मरण गति सोई।

जो जस लिखा तहाँ तस होई।।

तब भी बुद्धि-विवेक का सहारा लेकर किये गए सकारात्मक कर्मों से कई अनिष्ट तो कट ही सकते हैं। कहा भी गया है कि आपके कर्म आपका भाग्य बदलने की सामर्थ्य रखते हैं।

  वर्तमान में सरकार द्वारा बताए गए कर्म आपके दुर्भाग्य को सौभाग्य में बदल सकते हैं। कोविड-19 के बनते-बिगड़ते गंभीर हालात को देखते हुए मुझे भी यह बात किसी दृष्टिकोण से गलत नहीं लगती। बहुत पहले सुना था हैजा, प्लेग, चेचक आदि महामारियों से लोग भयाक्रांत हो जाते थे, लेकिन विकास और तकनीकि ने इन बीमारियों का अंत कर दिया, लेकिन आज कोविड-19 नामक वायरस की बीमारी ने सम्पूर्ण विश्व को हिला कर रख दिया है। सच कहें तो उन परिस्थितियों से कहीं ज्यादा। इंसान इंसान के पास आने से कतराने लगा है। आज किसी के द्वारा स्पर्श की गई सामग्री को भी लेने के पहले बुद्धि- विवेक का उपयोग करने वाला आदमी दस बार सोचने लगा है और बड़ी सावधानी के साथ सेनेटेराइज करने के उपरान्त ही कुछ लेता है। आखिर ऐसी नौबत आई ही क्यों? यह संवेदनशील एवं विचारणीय विषय है। इस पर विश्व स्तरीय चिंतन- मनन की आवश्यकता है। इसके पीछे मानव द्वारा प्रकृति तथा अन्य जीव-जंतुओं के साथ खिलवाड़ करना तो नहीं है? हम निजी स्वार्थवश कहीं अपनी सीमाएँ तो नहीं लाँघ रहे हैं?  ‘अति सर्वत्र वर्जयेत्’  हमारे ग्रंथों का ही लघु सूत्र है। हमारी इस अंतहीन लालसा के परिणाम अब सामने आने शुरू हो गए हैं। चिंतन कर अब मान भी लेना चाहिए कि  हम प्रकृति के साथ अत्याचार  करने लगे हैं।

क्षिति, जल, पावक, गगन, समीरा।

पंच रचित अति अधम शरीरा।।

अर्थात पृथ्वी, जल, अग्नि, आकाश एवं पवन रूपी इन पाँच तत्त्वों से ही हमारा यह अधम शरीर और यह संपूर्ण ब्रह्मांड बना है। प्राकृतिक संतुलन हेतु इन तत्त्वों में भी संतुलन का होना परम आवश्यक है। असंतुलन ही विनाश का कारण है, लेकिन यह सामाजिक प्राणी  स्वार्थ लोलुपता में इतना लिप्त होता गया है कि वह इन तत्वों  का संतुलन बनाए रखना ही भूल गया। आज जब ओजोन परत क्षीण हो रही है, जलवायु प्रदूषण बद से बदतर होता जा रहा है। पर्यावरण की सुरक्षा हेतु ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे हैं। प्रकृति संतुलन के अहम सहभागी वनस्पति व जीव-जंतुओं को भी हमारे द्वारा नहीं बक्शा जा रहा है? क्या तब भी हम उम्मीद करेंगे कि प्रकृति हमारे स्वास्थ्य व बेहतर जीवन शैली पर ध्यान देगी? एड्स, स्वाइन फ्लू, कोविड-19 जैसे यमराजों को तो एक न एक दिन हमारे दरवाजों पर दस्तक देना ही थी। क्या आज के पहले किसी ने सोचा था कि सारे विश्व के लोग महीनों चूहों जैसे अपने घरों में दुबक कर बैठेंगे? क्या रेल और हवाई जहाज कभी एक जगह खड़े रहेंगे? क्या आवागमन बन्द सा हो जाएगा? लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखने हेतु आदेशित किया जाएगा, जबकि जीव जगत में मानव को ही सर्वश्रेष्ठ सामाजिक प्राणी माना गया है, फिर यह सब क्यों हुआ? क्या  ऐसा नहीं लग रहा है कि हमारी अपनी दुनिया रुक सी गई है। भला हो सरकार का कि अभी तक खाने के लाले नहीं पड़ने दिए। जरा कल्पना कीजिए यदि यही हालात तीन-चार महीने और रहे तो फिर क्या होगा ? तब हम यह भी जान लें कि आपका  तिजोरियों में भरा पैसा कोई काम आने वाला नहीं है। काम आयेगा तो स्वच्छ जल, स्वच्छ वायु, स्वच्छ वातावरण एवं निर्विकार भोजन। यही वक्त है आत्मचिंतन का। यही वक्त है इंसान को इंसानियत सीखने का। भले ही हम पूरी तरह से विश्व की वर्तमान परिस्थितियाँ नहीं देख पा रहे हैं और विवशता के चलते हमें घर पर रहना पड़ रहा है, लेकिन आप एक बार इसका दूसरा पहलू यह भी देखिए, यह भी जानिये कि आज कुछ ही दिनों में हमारी नदियाँ कितनी निर्मल हो गईं हैं। शहरों में वायु प्रदूषण कितना कम हो गया है। हम आज बिना सैलून, ब्यूटी पार्लर, धोबी, कामवाली, मनपसन्द सब्जियाँ, बिना मांसाहार, बिना आवागमन अर्थात बिना डीजल-पेट्रोल के भी इतने दिन गुजार सकते हैं। शायद आपने इनके अभाव में जीवन जीने  का कभी सोचा भी नहीं होगा। आज भले ही हम कोविड-19 को लेकर जोक्स बनाकर खुद को हँसा रहे हैं, बहला रहे हैं और इस बीमारी से स्वयं को सुरक्षित मान रहे हैं, लेकिन मोहल्ले या वार्ड में किसी को संक्रमित देखकर  भयभीत भी हो रहे हैं।

आज यह बताना भी आवश्यक है की जरा सी असावधानी हमें बहुत महँगी पड़ सकती है। संयोगवश ही सही हमारी सतर्कता हमें सुरक्षित भी रख सकती है। तब हमें अपने धैर्य, सावधानी और स्वविवेक से कोविड-19 के संक्रमण से स्वयं और दूसरों को भी बचाना होगा।

हम देखते हैं कि लोग मौत के मुँह से भी बाहर आ जाते हैं। चलती ट्रेन के पहियों के बीच से जीवित निकल आते हैं और ऊँचाई से गिरकर भी जिंदा बच जाते हैं। अर्थात हमारी हिम्मत, हमारा विश्वास एवं हमारी सुरक्षित दिनचर्या के साथ ही हमारी प्रतिरोधक क्षमता हमें रोगों को हराने का सामर्थ्य प्रदान करती है। सहस्राब्दियों का इतिहास गवाह है कि जीवन और कालचक्र कभी रुके नहीं, वे निरंतर चलते रहेंगे।

कोविड-19 कितना भी बड़ा राक्षस क्यों न हो, उसे पछाड़ना हमारी पहली प्राथमिकता  होना चाहिए। इसे हराने में कुछ वक्त और लगेगा, तब तक सावधानी ही इस बीमारी से बचने का सर्वोत्कृष्ट उपाय है। लगातार अध्ययन, प्रयोगों तथा शोधों से रामबाण औषधि व प्रतिरोधक टीका बनने में अब देर नहीं है। औषधि बनते ही हम, हमारा देश और पूरा विश्व चैन की साँस ले सकेगा। हम कोविड-19 से मुकाबला करने में सक्षम होंगे, ऐसा मुझे पूर्ण विश्वास है। तब तक धैर्य, सावधानी, सद्भावना व शांति के प्रयासों में निरंतर सहभागी बनें, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।

© डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

26 अप्रेल 2020

पता : ‘विसुलोक‘ 2429, मधुवन कालोनी, उखरी रोड, विवेकानंद वार्ड, जबलपुर – 482002 मध्यप्रदेश, भारत
संपर्क : 9425325353
ईमेल : [email protected]

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस विशेष – विश्व इतिहास की पहली महिला योद्धा ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ”  में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, अतिरिक्त मुख्यअभियंता सिविल  (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) में कार्यरत हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है।  उनका कार्यालय, जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। आज  24 जून को  वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर प्रस्तुत है श्री विवेक जी का एक प्रेरक एवं ऐतिहासिक आलेख  “विश्व इतिहास की पहली महिला योद्धा।  इस ऐतिहासिक आलेख  को हमारे प्रबुद्ध पाठकों के साथ साझा करने के लिए श्री विवेक जी  का हार्दिक आभार। )

☆ वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस विशेष – विश्व इतिहास की पहली महिला योद्धा ☆

(समय के साथ यदि ऐसे महत्वपूर्ण तथ्यो को नई पीढ़ी के सम्मुख दोहराया न जावे तो विस्मरण स्वाभाविक होता है,  आज की पीढ़ी को रानी दुर्गावती के संघर्ष से परिचित करवाना इसलिये भी आवश्यक है, जिससे देश प्रेम व राष्ट्रीय एकता हमारे चरित्र में व्याप्त रह सके इस दृष्टि से सरदार पटेल पर बहुत महत्वपूर्ण उपन्यास के लेखक व  एकता शक्ति ग्रुप के संस्थापक  इंजी अमरेन्द्र नारायण जी के नेतृत्व में विगत वर्ष रानी दुर्गावती जयंती का आयोजन कई संस्थाओ में किया गया था. इस वर्ष लाक डाउन के चलते इस आलेख में वर्णित  यू ट्यूब काव्य रचना के जरिये एकता शक्ति ग्रुप, जबलपुर वीरांगना रानी दुर्गावती को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करता है. आज जब देश की सीमाएं दुश्मन से घिरी हुई हैं एवं हमारी सेना में महिलाओं को बराबरी का दर्जा है, रानी दुर्गावती का सुस्मरण बहुत प्रासंगिक है )

माना जाता है कि विश्व इतिहास में रानी दुर्गावती पहली महिला है जिसने समुचित युद्ध नीति बनाकर अपने विरूद्ध हो रहे अन्याय के विरोध मे मुगल साम्राज्य के विरूद्ध शस्त्र उठाकर सेना का नेतृत्व किया और युद्ध क्षेत्र मे ही आत्म बलिदान दिया.रानी दुर्गावती के मदन महल के दर्शन किये हैं कभी आपने ? एक ही शिला को तराश कर यह वाच टावर, छोटा सा किला जबलपुर में पहाड़ी के उपर बनाया गया है. इसके आस पास अप्रतिम नैसर्गिक सौंदर्य बिखरा पड़ा है. रानी दुर्गावती सोलहवीं शताब्दि की वीरांगना थीं, उनके समय तक गौंड़ सेना पैदल व उसके सेनापति हाथियो पर होते थे, जबकि मुगल सेना घोड़ो पर सवार सैनिको की सेना थी. हाथी धीमी गति से चलते थे और  घोड़े तेजी से भागते थे,  इसलिये जो मुगल सैनिक घोड़ो पर रहते थे  वे तेज गति से पीछा भी कर सकते थे  और जब खुद की जान बचाने की  जरूरत होती  तो वो तेजी से भाग भी जाते.किंतु  पैदल गौंडी सेना धीमी गति से चलती  और जल्दी भाग भी नही पाती थी.

विशाल, सुसंगठित, साधन सम्पन्न मुगल सेना जो घोड़ो पर थी उनसे जीतना संख्या में कम, गजारोही गौंड सेना के लिये कठिन था,  फिर भी जिस तरह रानी दुर्गावती ने अकबर की दुश्मन से वीरता पूर्वक लोहा लिया, वह नारी सशक्तीकरण का अप्रतिम उदाहरण है. तीन बार तो रानी ने मुगल सेना को मात दे दी थी, पर फिर फिर से और बड़ी सेना लेकर आसफ खां चढ़ाई कर देता था.

९३ वर्षीय सुप्रसिद्ध कवि गीतकार एवं लेखक प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव विदग्ध  की एक रचना है ‘‘गौडवाने की रानी दुर्गावती” जिसमें उन्होनें दुर्गावती का  समग्र चित्रण किया है. प्रस्तुत है वह रचना

उपजाये हैं वीर अनेको विध्ंयाचल की माटी ने

दिये कई है रत्न देश को मां रेवा की घाटी ने

 

उनमें से ही एक अनोखी गढ मंडला की रानी थी

गुणी साहसी शासक योद्धा धर्मनिष्ठ कल्याणी थी

 

युद्ध भूमि में मर्दानी थी पर ममतामयी माता थी

प्रजा वत्सला गौड राज्य की सक्षम भाग्य विधाता थी

 

दूर दूर तक मुगल राज्य भारत मे बढता जाता था

हरेक दिशा मे चमकदार सूरज सा चढता जाता था

 

साम्राज्य विस्तार मार्ग में जो भी राह मे अड़ता था

बादशाह अकबर की आंखो में वह बहुत खटकता था

 

एक बार रानी को उसने स्वर्ण करेला भिजवाया

राज सभा को पर उसका कडवा निहितार्थ नहीं भाया

 

बदले में रानी ने सोने का एक पिंजन बनवाया

और कूट संकेत रूप मे उसे आगरा पहुंचाया

 

दोनों ने समझी दोनों की अटपट सांकेतिक भाषा

बढा क्रोध अकबर का रानी से न रही वांछित आशा

 

एक तो था मेवाड प्रतापी अरावली सा अडिग महान

और दूसरा उठा गोंडवाना बन विंध्या की पहचान

 

घने वनों पर्वत नदियों से गौड राज्य था हरा भरा

लोग सुखी थे धन वैभव था थी समुचित सम्पन्न धरा

 

आती हैं जीवन मे विपदायें प्रायः बिना कहे

राजा दलपत शाह अचानक बीमारी से नहीं रहे

 

पुत्र वीर नारायण बच्चा था जिसका था तब तिलक हुआ

विधवा रानी पर खुद इससे रक्षा का आ पडा जुआ

 

रानी की शासन क्षमताओ, सूझ बूझ से जलकर के

अकबर ने आसफ खां को तब सेना दे भेजा लडने

 

बडी मुगल सेना को भी रानी ने बढकर ललकारा

आसफ खां सा सेनानी भी तीन बार उससे हारा

 

तीन बार का हारा आसफ रानी से लेने बदला

नई फौज ले बढते बढते जबलपुर तक आ धमका

 

तब रानी ले अपनी सेना हो हाथी पर स्वतः सवार

युद्ध क्षेत्र में रण चंडी सी उतरी ले कर मे तलवार

 

युद्ध हुआ चमकी तलवारे सेनाओ ने किये प्रहार

लगे भागने मुगल सिपाही खा गौडी सेना की मार

 

तभी अचानक पासा पलटा छोटी सी घटना के साथ

काली घटा गौडवानें पर छाई की जो हुई बरसात

 

भूमि बडी उबड खाबड थी और महिना था आषाढ

बादल छाये अति वर्षा हुई नर्रई नाले मे थी बाढ

 

छोटी सी सेना रानी की वर्षा के थे प्रबल प्रहार

तेज धार मे हाथी आगे बढ न सका नाले के पार

 

तभी फंसी रानी को आकर लगा आंख मे तीखा बाण

सारी सेना हतप्रभ हो गई विजय आश सब हो गई म्लान

 

सेना का नेतृत्व संभालें संकट मे भी अपने हाथ

ल्रडने को आई थी रानी लेकर सहज आत्म विश्वास

 

फिर भी निधडक रहीं बंधाती सभी सैनिको को वह आस

बाण निकाला स्वतः हाथ से यद्यपि हार का था आभास

 

क्षण मे सारे दृश्य बदल गये बढे जोश और हाहाकार

दुश्मन के दस्ते बढ आये हुई सेना मे चीख पुकार

 

घिर गई रानी जब अंजानी रहा ना स्थिति पर अधिकार

तब सम्मान सुरक्षित रखने किया कटार हृदय के पार

 

स्वाभिमान सम्मान ज्ञान है मां रेवा के पानी मे

जिसकी आभा साफ झलकती गढ़ मंडला की रानी में

 

महोबे की बिटिया थी रानी गढ मंडला मे ब्याही थी

सारे गौंडवाने मे जन जन से जो गई सराही थी

 

असमय विधवा हुई थी रानी मां बन भरी जवानी में

दुख की कई गाथाये भरी है उसकी एक कहानी में

 

जीकर दुख मे अपना जीवन था जनहित जिसका अभियान

 

24 जून 1564 को इस जग से था किया प्रयाण

है समाधी अब भी रानी की नर्रई नाला के उस पार

 

गौर नदी के पार जहां हुई गौडो की मुगलों से हार

कभी जीत भी यश नहीं देती कभी जीत बन जाती हार

 

बडी जटिल है जीवन की गति समय जिसे दे जो उपहार

कभी दगा देती यह दुनियां कभी दगा देता आकाश

अगर न बरसा होता पानी तो कुछ और हुआ होता इतिहास

 

इस गीत को जबलपुर के श्री सोहन सलिल व सुश्री दिव्या सेठ ने स्वर तथा संगीत , व तकनीकी सहयोग देकर श्री प्रशांत सेठ ने बड़ी मेहनत से मधुर संगीत के साथ तैयार किया है. यह गीत यू ट्यूब पर निम्न लिंक पर सुलभ है. 

यूट्यूब वीडियो लिंक >>>>

(दुर्गावती शौर्य गाथा): गोंडवाना की रानी के साहस और बलिदान की कहानी

रानी दुर्गावती पर अनेक पुस्तके लिखी गई है, कुछ प्रमुख इस तरह है-

  1.   राम भरोस अग्रवाल की गढा मंडला के गोंड राजा
  2.   नगर निगम जबलपुर का प्रकाशन रानी दुर्गावती
  3.   डा. सुरेश मिश्रा की कृति रानी दुर्गावती
  4.   डा. सुरेश मिश्र की ही पुस्तक गढा के गौड राज्य का उत्थान और पतन
  5.   बदरी नाथ भट्ट का नाटक दुर्गावती
  6.   बाबूलाल चौकसे का नाटक महारानी दुर्गावती
  7.   वृन्दावन लाल शर्मा का उपन्यास रानी दुर्गावती
  8.   गणेश दत्त पाठक की किताब गढा मंडला का पुरातन इतिहास

इनके अतिरिक्त अंग्रेजी मे सी.यू.विल्स, जी.वी. भावे, डब्लू स्लीमैन आदि अनेक लेखको ने रानी दुर्गावती की महिमा अपनी कलम से वर्णित की है।

वीरांगना की स्मृति को अक्षुण्य बनाये रखने हेतु भारत सरकार ने 1988 मे एक साठ पैसे का डाक टिकट भी जारी किया है।

रानी दुर्गावती  ने 400 साल पहले ही जल संरक्षण के महत्व को समझा था, अपने शासनकाल मे जबलपुर मे उन्होने अनेक जलाशयो का निर्माण करवाया, कुछ ऐसी तकनीक अपनाई गई  कि पानी के प्राकृतिक बहाव का उपयोग करते हुये एक से दूसरे जलाशय में बिना किसी पम्प के  जल भराव होता रहता था. रानी ने अपने प्रिय दीवान आधार सिंग, कायस्थ के नाम पर अधारताल, अपनी प्रिय सखी के नाम पर चेरीताल और अपने हाथी सरमन के नाम पर हाथीताल बनवाये थे। ये तालाब आज भी विद्यमान है। प्रगति की अंधी दौड मे यह जरूर हुआ है कि अनेक तालाब पूरकर वहां भव्य अट्टालिकाये बनाई जा रही है।

रानी दुर्गावती के समय की और भी कुछ चीजे, सिक्के, मूर्तियां आदि  रानी के नाम पर ही स्थापित रानी दुर्गावती संग्रहालय जबलपुर में संग्रहित हैं.

रानी दुर्गावती ने सर्वप्रथम मालवा के राज बाज बहादुर से लडाई लडी थी, जिसमें बाज बहादुर का काका फतेहसिंग मारा गया था। फिर कटंगी की घाटी मे दूसरी बार बाज बहादुर की सारी फौज का ही सफाया कर दिया गया। बाद मे रानी रूपमती को संरक्षण देने के कारण अकबर से युद्ध हुआ, जिसमें तीन बार दुर्गावती विजयी हुई पर आसफ खां के नेतृत्व मे चौथी बार मुगल सेना को जीत मिली और रानी ने आत्म रक्षा तथा नारीत्व की रक्षा मे स्वयं अपनी जान ले ली थी.

नारी सम्मान को दुर्गावती के राज्य मे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती थी। नारी अपमान पर तात्कालिक दण्ड का प्रावधान था। न्याय व्यवस्था मौखिक एवं तुरंत फैसला दिये जाने वाली थी.  रानी दुर्गावती एक जन नायिका के रूप मे आज भी गांव चौपाल में लोकगीतो के माध्यम से याद की जाती हैं.

गायक मडंली-

तरी नाना मोर नाना रे नाना

रानी महारानी जो आय

माता दुर्गा जी आय

रन मां जूझे धरे तरवार, रानी दुर्गा कहाय

राजा दलतप के रानी हो, रन चंडी कहाय

उगर डकर मां डोले हो, गढ मडंला बचाय

हाथन मां सोहे तरवार, भाला चमकत जाय

सरपट सरपट घोडे भागे, दुर्गे भई असवार

तरी नाना………..

ये लोकगीत मंडला, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, छिंदवाडा, बिलासपुर, आदि अंचलो मे लोक शैली मे गाये जाते है इन्हें सैला गीत कहते है।

रानी दुर्गावती का जन्म 5 अक्टूबर 1524 को कालींजर मे हुआ था. उनके पिता कीरत सिंह चन्देल वंशीय क्षत्रिय शासक थे। इनकी मां का नाम कमलावती था। सन् 1540 में गढ मंडला के राजकुमार दलपतिशाह ने  विवाह कर दुर्गावती  का वरण किया था। अर्थात आज जो अंतर्जातीय विवाह स्त्री स्वात्रंत्य व नारी अस्मिता व आत्म निर्णय के प्रतीक रूप में समाज स्वीकार कर रहा है, उसका उदाहरण  रानी ने सोलहवीं शताब्दी में ही प्रस्तुत किया था. 1548 मे महाराज दलपतिशाह के निधन से रानी ने दुखद वैधव्य झेला। तब उनका पुत्र वीरनारायण केवल 3 वर्ष का था। उसे राजगद्दी पर बैठाकर रानी ने उसकी ओर से कई वर्षो तक कुशल राज्य संचालन किया।

आइने अकबरी मे अबुल फजल ने लिखा है कि रानी दुर्गावती के शासन काल मे प्रजा इतनी संपन्न थी कि लगान का भुगतान प्रजा स्वर्ण मुद्राओ और हाथियो के रूप मे करती थी।

शायद यही संपन्नता, मुगल राजाओ को गौड राज्य पर आक्रमण का कारण बनी।

शायद रानी ने राज्य की आय का दुरुपयोग व्यक्तिगत एशो आराम, बड़े बड़े किले महल आदि बनवाने की जगह आम जनता के सीधे हित से जुड़े कार्यो में अधिक किया, यही कारण है कि जहां मुगल शासको द्वारा निर्मित बड़े बड़े महल आदि आज भी विद्यमान हैं, वहीं रानी के ऐसे बड़े स्मारक अब नही हैं.

लेकिन, महत्वपूर्ण बात यह है कि अकबर ने विधवा रानी पर हमला कर, सब कुछ पाकर भी कलंक ही पाया, जबकि रानी ने अपनी वीरता से सब कुछ खोकर भी इतिहास मे अमर कीर्ति अर्जित की।

© विवेक रंजन श्रीवास्तव, जबलपुर

ए १, शिला कुंज, नयागांव,जबलपुर ४८२००८

मो ७०००३७५७९८

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ गांधी चर्चा # 34 – बापू के संस्मरण-8 देश-सेवा की और पहला कदम ☆ श्री अरुण कुमार डनायक

श्री अरुण कुमार डनायक

(श्री अरुण कुमार डनायक जी  महात्मा गांधी जी के विचारों केअध्येता हैं. आप का जन्म दमोह जिले के हटा में 15 फरवरी 1958 को हुआ. सागर  विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त करने के उपरान्त वे भारतीय स्टेट बैंक में 1980 में भर्ती हुए. बैंक की सेवा से सहायक महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृति पश्चात वे  सामाजिक सरोकारों से जुड़ गए और अनेक रचनात्मक गतिविधियों से संलग्न है. गांधी के विचारों के अध्येता श्री अरुण डनायक वर्तमान में गांधी दर्शन को जन जन तक पहुँचानेके लिए कभी नर्मदा यात्रा पर निकल पड़ते हैं तो कभी विद्यालयों में छात्रों के बीच पहुँच जाते है. 

आदरणीय श्री अरुण डनायक जी  ने  गांधीजी के 150 जन्मोत्सव पर  02.10.2020 तक प्रत्येक सप्ताह गाँधी विचार  एवं दर्शन विषयों से सम्बंधित अपनी रचनाओं को हमारे पाठकों से साझा करने के हमारे आग्रह को स्वीकार कर हमें अनुग्रहित किया है.  लेख में वर्णित विचार  श्री अरुण जी के  व्यक्तिगत विचार हैं।  ई-अभिव्यक्ति  के प्रबुद्ध पाठकों से आग्रह है कि पूज्य बापू के इस गांधी-चर्चा आलेख शृंखला को सकारात्मक  दृष्टिकोण से लें.  हमारा पूर्ण प्रयास है कि- आप उनकी रचनाएँ  प्रत्येक बुधवार  को आत्मसात कर सकें। आज प्रस्तुत है “बापू के संस्मरण – देश-सेवा की और पहला कदम”)

☆ गांधीजी के 150 जन्मोत्सव पर  विशेष ☆

☆ गांधी चर्चा # 34 – बापू के संस्मरण – 8 – देश-सेवा की और पहला कदम☆ 

गांधीजी ने साबरमती में आश्रम खोला था एक भाई उनसे मिलने आये । वह बहुत अच्छी अंग्रेजी जानते थे और मानते थे कि बढिया अंग्रेजी में लेख लिखना देश की सेवा करना हैं । उन्होंने  गांधीजी से कहा, “मेरे योग्य कोई हो तो बताइये” । उनका विचार था कि गांधीजी उनसे अंग्रेजी में लेख लिखने के लिए कहेंगे, पर बात कुछ और ही हुई उस समय गांधीजी गेहूं साफ कर रहे थे । उन्होंने कहा, “वाह यह  तो बहुत अच्छी बात है ये गेहूं बीनने है आप मदद करेंगे?”

वह भाई सकपका गये अच्छा नहीं लगा, परन्तु मना भी कैसे करते! बोले, “अवश्य मदद करुंगा” । वह गेहूं बीनने लगे ऊपर से शान्त, मन में सोच रहे थे कि कहां आ फंसा! गांधीजी कैसे हैं? इतनी बढ़िया अंग्रेजी जाननेवाले से गेहूं बिनवाते हैं! किसी तरह राम-राम करके उसने घंटा पूरा किया फिर बोला, “बहुत समय हो गया, अब जाना चाहता हूं” । गांधीजी ने कहा, “बस घबरा गये?” उसने कहा, “नहीं, घबराया तो नहीं, पर घर पर जरूरी काम है” ।

गांधीजी ने पूछा, “क्या काम है?” वह भाई बोले, “जी, रात को खाने में देर हो जाती है, इससे संध्या का नाश्ता कर लेता हूं, उसी का समय हो रहा है” ।

गांधीजी हंस पड़े बोले, “इसके लिये घर जाने की जरूरत नहीं है हमारा भोजन भी बस तैयार होने वाला है ।

हमें भी एक बार अपने साथ भोजन करने का मौका दीजिये हमारी नमक-रोटी आपको पसन्द होगी न? मैं काम में लगा हुआ था आपसे बातें नहीं कर सका माफ करें,अब खाते समय बातें भी कर लेंगे”।  वह भाई क्या करते! रुकना पड़ा कुछ देर में खाने का समय हो गया भोजन एकदम सादा रूखी रोटी, चावल और दाल का पानी न घी, न अचार, न मिर्च, न मसाले।

बापू ने उन भाई को अपने पास बैठाया बड़े प्यार से खाना परोसा भोजन शुरु होते ही बातें भी शुरु हो गई, पर उन भाई की बुरी हालत थी वह ठहरे मेवा-मिठाई से नाश्ता करने वाले  और वहां थी रुखी रोटी।  एक टुकड़ा मुंह में दें और एक घूंट पानी पिये तब भी एक रोटी पूरी न खा सके ।  इतने पर भी छुट्टी मिल जाती तो गनीमत थी वहां तो अपने बरतन आप मांजने का नियम था । जैसे-तैसे वह काम भी किया तब कहीं जाकर जाने का अवसर आया ।

जाते समय गांधीजी ने उनसे कहा, “आप देश की सेवा करना चाहते हैं, यह अच्छी बात है आपके ज्ञान और आपकी सूझ-बूझ का अच्छा उपयोग हो सकता है लेकिन इसके लिए शरीर का निरोग और मजबूत होना जरूरी हैं आप अभी से उसकी तैयारी करें यही आपका देश-सेवा की ओर पहला कदम होगा”

©  श्री अरुण कुमार डनायक

42, रायल पाम, ग्रीन हाइट्स, त्रिलंगा, भोपाल- 39

(श्री अरुण कुमार डनायक, भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं  एवं  गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित हैं। )

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य ☆ आलेख ☆ जो कबिरा कासी मरै ☆ डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’

डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’ 

(डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’ पूर्व प्रोफेसर (हिन्दी) क्वाङ्ग्तोंग वैदेशिक अध्ययन विश्वविद्यालय, चीन ।  वर्तमान में संरक्षक ‘दजेयोर्ग अंतर्राष्ट्रीय भाषा सं स्थान’, सूरत. अपने मस्तमौला  स्वभाव एवं बेबाक अभिव्यक्ति के लिए प्रसिद्ध। आज प्रस्तुत है डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर ‘ जी  की एक विचारणीय आलेख ”जो कबिरा कासी मरै“।डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर ‘ जी  के इस सार्थक एवं  संत कबीर जी के विभिन्न पक्षों पर विमर्श के लिए उनकी लेखनी को सादर नमन।  ) 

 ☆ जो कबिरा कासी मरै ☆

कबीर की कविता अपने समय के समाज की प्राणवायु है।लेकिन आज भी वह उसी तरह बह रही है जैसी पहले बहती थी।उसकी चंदनी सुवास से आज भी वातावरण महमह महक रहा है।उसकी मूल्यगत महत्ता आज भी अप्रासंगिक नहीं हुई है।कबीर की कविता बहती हुई सरिता है,सरोवर या कूप का नीर नहीं जिसमें कालांतर में सड़न की गुंजाइश रहती है. वे संस्कृत और भाषा (हिंदी)के बहाने इस सत्य को कह भी जाते हैं-

“संसकीरत कूप जल ,भाखा बहता नीर. “

कबीर निजी जीवन में संत हैं और सामाजिक जीवन में समाज सुधारक। कुटिया के भीतर वे भले ही बहुत बडे निर्गुण संत और भक्त हैं पर उससे बाहर आते ही वे योद्धा हो जाते हैं।वे धूप-छांह वाली बदली नहीं घहरा कर बरसने वाले मेघ बन जाते हैं और भक्ति भाव की वह नदी बनकर बह उठते हैं जो केव ल भादों में ही नहीं प्यासों के लिए जेठ मास में भी बराबर बहती है-

“भक्ति भाव भादों नदी, सबै चलीं घहराय ।

सरिता सोइ सराहिये, जो जेठ मास ठहराय ॥ “

वे किसी को अतृप्त नहीं छोड़ना चाहते हैं।इसीलिए तो जेठ में भी जग को सीचने वाली नदी बने रहना चाहते हैं। इसलिए बाहर निकलते ही कभी लाठी तो कभी लुकाठा हाथ में थाम लेते हैं।कबीर उस व्यक्ति का नाम ही है जिसे खुद नहीं पता होता कि वह कब और क्या करने वाला है। लेकिन उसे हमेशा एक बात पता रहती है कि समाज की भलाई किसमे है।वह अंधेरा घिरा देखते हैं तो लुकाठा सबसे पहली अपनी ही कुटिया पर रखते हैं। उसके बाद कब किसकी कुटिया पर रख देंगे कोई नहीं जानता।वे भी नहीं जो हाथ जोडे उनके पीछे-पीछे चल पडे थे। लेकिन सबको विश्वास है कि हाथ में लुकाठा आते ही वे सच्चे पर अक्खड़ समाज चेता हो जाते हैं।जब भी और जहाँ भी खड़े होते हैं , सबको चेताते हुए चलते हैं-

“कबिरा खड़ा बजार में,लिए लुकाठा हाथ।

जो घर जारै आपना चलै हमारे साथ।।”

उन्हे खुद भी यह पता नहीं रहता है कि जब वे बाहर निकलते हैं तो उनकी भक्ति उनकी कुटिया के भीतर ही छूट जाती है।उस समय वे उस देह का ध्यान करते हैं जिस पर वस्त्र नहीं है। जिस पर वस्त्र नहीं होते उसके लिए वे लौटते ही वस्त्र बुनते हैं।वे उस वस्त्र को बुन कर नहीं छोड़ देते उसे पहनाते भी हैं ,जिसे उसकी ज़रूरत है। इसलिए कबीर जितने देह के भीतर हैं उससे अधिक वे देह के बाहर हैं।देह में होते हुए भी विदेह हैं।

कबीर सगुण की खाट खड़ी करने में माहिर हैं पर कभी-कभी खुद भी इसे गिराते हैं और उसी पर अपनी अन्मैली चदरिया बिछाकर बैठ जाते हैं।पाहन पूजने वालों को पानी पी-पकर गरियाते हैं।लेकिन खुद पाहन पूजते हैं।पर, चकिया पूजते हैं।वह इसलिए कि चकिया उपयोगी देवता है।दूसरा बेडौल हो या अति चिकना पाहन न तो उनके किसी काम का है और न उस जनता के ही लिए उपयोगी है ,जो पत्थरो के शिव्लिंग या अन्य देवी-देवताओं के सामने हाथ जोड़े खड़ी रहती है।

जहाँ पर शांति नहीं होती वहाँ वे शांति की आराधना करते हैं। उनकी नमाज़ वहीं होती है जहाँ कोई दुखियारी या दुखियारा होता है।वे उन्हें भली -भांति पता रहत है कि सबाब किसमें ज़्यादा है किसी गिरे हुए को उठाने में या नमाज़ अदा करने में। नमाज़ बाद में पढ़ते हैं। पहले तो वे गिरे हुए को उठाते हैं।ऐसे भक्त हैं वे।

कबीर को पढ़ते हुए वह युग सामने आ जाता है जब हिंदू-मुस्लिम आमने -सामने टकराते थे।लेकिन खून -खराबा शायद वैसा नहीं था जैसा सांप्रदायिक ज़हर फैलाने वाले बताते हैं।कबीर ने काशी में रहते हुए भक्ति की धारा में डुबकी लगाई।काशी विश्वनाथ के प्रांगण में ताल ठोंक कर हिंदू मुसलमान दोनों को ललकारा।यह केवल कबीर के बूते की बात थी।जब समाज को उसमें डूबते हुए देखा तो फौरन उससे बाहर आकर उन्हें चेताने लग गए। उन दिनों दोनों दीनों के लोग अपने-अपने धर्म को बेहतर बताते थे। लेकिन आज जैसा वैमनस्य उस समय शायद ही रहा हो।’ उनकी बोली-बानी और भाषा का रूप देखकर हम खुद ही अनुमान लगा सकते हैं कि यदि वे आज होते और अपने दोहे फेसबुक पर पोस्ट कर देते तो क्या उन्हें लाख-दो लाख से कम गालियां मिलतीं।हाथ कंगन को आरसी क्या पढ़े लिखे को फ़ारसी क्या’ चलें लगे हाथ उदाहरण भी देख ही लेते हैं-

“कांकर ,पाथर जोरि के, मस्ज़िद लई ,बनाय ।

ता चढि मुल्ल बांग दे,क्या बहरा हुआ खुदाय।।”

हिंदुओं को भी उन्होंने आड़े हाथों लिया –

“पाहन पूजे हरि मिलै ,तो मैं पूजूं पहार ।”

उन्होंने निंदा की तो जमकर की।इसमें अपनी,अपनों या परायों की जैसी कोई सीमा रेखा ही नहीं बनाई।कबीर के अलावा और किसमें इतना साहस है कि वह निंदक को खुले हृदय से स्वीकारे।इन्होंने निंदक को स्वीकारा ही नहीं बल्कि आंगन में ही उसकी कुटी भी छवा दी।शुभ चिंतकों ने टोका तो उसके लाभ भी बता दिए और उन्हें भी अपने आंगन में ऐसा ही करने की सलाह दे डाली ,

”निंदक नियरे राखिए, आँगन कुटी छवाय।

बिन साबुन पानी बिना, निर्मल करे सुभाय।।”

प्रशंसा की तो उसमें भी कोर कसर नहीं छोड़ी-

“लाली मेरे लाल की ,जित देखूं तित लाल।

लाली देखन मैं गई ,मैं भी हो गई लाल।।”

उन्होंने अपने लाभ के लिए कभी चाटुकारिता कभी नहीं की और किसी और को खुश करने के लिए कभी किसी अन्य की निंदा भी नहीं की । वे तो मस्तमौला थे।फक्कड़ थे।कुछ-कुछ औघड़ भी थे। मौज़ में आए तो किसी के भी चिमटा चिपका दिए और चलते बने।कोई रोया तो रुककर झाड़े तब चले।वे रमता जोगी बहता पानी थे।उन्हें रोक भी कोई कैसे सकता था।

उन्होंने कभी किसी को मझधार में नहीं छोड़ा ।वे खुद भी कभी बीच में नहीं रुके या तो इस पार या उस पार।उनकी खुद की अपनी धारा भी थी और विचारधारा भी।वे सामंजस्य के कवि थे। असमंजस के नहीं। न खुद असमंजस में रहे और न किसी को डाला। या तो खुद किनारे हो लिए या सामने वाले को किनारे कर दिया। अपनी नापसंदगी और गंदगी को कभी ढोया नहीं।जब कोई चीज़ अनावश्यक और भारी लगने लगी,उसे उतार फेंका और चलते बने।

२४ मई २०१६ को महामहिम राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी के क्वांग्चौ,चीन आगमन पर मैंने ‘इंदु संचेतना’का विशेषांक निकाला था।उसमें स्नातक चतुर्थ वर्ष की छात्रा सुश्री झांग्छिन(हिंदी नाम शांति) ने महामहिम के नाम पत्र छपने के लिए दिया।उस पत्र में उसने भारतीय साहित्य समाज और संस्कृति के प्रति युवाओं के आकर्षण का उल्लेख किया था। उसने अपने पत्र में भारत के साहित्यकारों का विशेष उल्लेख किया है।पहले हैं लेखक प्रेम चंद फिर कबीर।समाज चेता कबीर का प्रभामंडल इतना दीप्त है कि सभी उसकी रोशनी में कुछ न कुछ पढ़ ही लेते हैं।उसके पत्र का वह अंश उद्धृत कर रहा हूँ जिसमें उसने कबीर को ससम्मान उल्लिखित किया है-

“मैं चीन में गुओगडोंग यूनिवर्सिटी ओफ़ फ़ोरेन स्टाडीज़ में हिंदी का एडवांस कोर्स कर रही हूँ ।मुझे याद है कि छोटी आयु में ही मैंने प्रेमचंद की कई कहानियाँ मंडारिन (चीनी भाषा )में पढ़ी थीं।वे विलक्षण कहानियाँ इतनी रोचक लगी थीं कि मैं अब तक बिल्कुल उनमें ही मग्न रही हूँ।वास्तव में मशहूर कथाकार प्रेमचंद के अतिरिक्त और भी बहुत सारे लोकप्रिय लेखक और कवि/कवयित्रियाँ हिंदी में हैं जिन्हें हिंदी साहित्य के इतिहास में अपनी खास जगह मिली है।भक्तिकाल में कबीर सबसे अधिक प्रभावित करते हैं।खासकर अपनी बेबाक बानी के कारण भी वे मुझे सबसे अधिक प्रासंगिक लगते हैं।भारत की जाति-पांति और सांप्रदायिकता के विरुद्ध उतनी खरी बानी किसी की नहीं है जितनी कबीर की।मेरी समझ से साहित्य आईना जैसा होता है जो अपने समाज से संबंधित जाति व राष्ट्रीय निवासियों की मनः स्थिति और उनकी दशा को यथार्थपूर्ण शब्दों में प्रकट करता है।

हिंदी साहित्य से प्रेम के कारण मैं हिंदी सीखने भारत गई थी। भारत में रहते हुए उसकी सभ्यता और संस्कृति में मेरी ज़बरदस्त रुचि बढ़ गई।भारतीय शौक भी मुझे हो गए।अनेक रस्म-रिवाज़ निभाने और शौक रखने वाले भारतीय भी मुझे पसंद हैं।मुझे भारत सिर्फ एक देश भर नहीं लगा।उसका वैश्विक रूप ,अलग-अलग भाषाएँ।अलग-अलग खान-पान,रंग रूप सभी कुछ मुझे मोहता रहा है । दुनिया भर के लोगों के लिए बहुत सी सीखने लायक नयी-पुरानी चीज़ें हैं वहाँ।”

चीन के विद्यार्थी बड़े चतुर सुजान हैं। वे हमारे कवियों और लेखकों की खूबी और खामियां हमसे अधिक तर्क संगत ढंग से जानते -मानते हैं।ऊपर के अनुच्छेद में झांग्छिन जिसका हिंदी नाम शांति है ने बड़ी बेबाकी से सबसे पहले प्रेम चंद फिर कबीर का नाम लेते हुए साहित्य को समाज का दर्पण कहा है।साहित्य की बात करते हुए वह भावुक नहीं हुई है।जिन और कवि/लेखकों को उसने पढा है उनमें समाज को यह आईना दिखाने की वह ताकत उसे नहीं दिखी होगी जो इनमें दिखी।इसीलिए उसने सबसे प्रेम चंद फिर कवियों में कबीर का नाम लिया है।उसने साहित्य को जिस समाज का आईना कहा है,कबीर उसी आइने को लेकर गली -गली ,चौराहे -चौराहे सबको दिखाते घूमे हैं। यही उनकी सबसे बड़ी सामाजिक उपादेयता भी है।इसी लिए देश क्या विदेश में भी उनकी सामाजिक उपादेयता को मूल्यांकित भी किया जा रहा है।

उन्होंने अलग से रोने के लिए कोई चेले-चूले नहीं मूड़े। क्योंकि उन्हें इस बात का बिल्कुल डर नहीं था कि उनके लिए कोई रोने वाला होगा या नहीं। उलटे उन्हें यह भरोसा था कि उनके कर्म उन्हें समाज में अमर बनाए रखेंगे-

“जब आए थे जगत में ,जगत हंसा हम रोए।

ऐसी करने कर चलें,हम हंसें जग रोए।।”

उनका यह विश्वास उनके किसी भी समकालीन संत में नहीं था।फिर वे चाहे रविदास हों या नानक उनके अपने जीवन काल में ही सभी के पंथ दूर से नज़र में आने लगे थे। उनके फहराते हुए ध्वज हर आने-जाने वाले को चिल्ला-चिल्लाकर उनके पंथ बताने लगे थे। लेकिन कबीर के साथ ऐसा न था।लोग जान ही न पाते थे कि उनका पंथ क्या है?प्रेम उनका असली पंथ था।कबीर जग के भले में अपना भला समझते थे न कि केवल अपने या ध्वज के नीचे आए कुछ अपनों के मोक्ष में।इस दृष्टि से संसार उनके लिए ठीक उसी तरह मिथ्या नहीं था जैसा और संतों के लिए था। वे संसार से भी उसी तरह प्रेम करते थे जैसे खुद से और अपने खुदा से।इसलिए उन्होंने संसार और घोर संसारियों को बुरा भला कहकर भी उसी तरह गले लगाए रखा जैसे मां-बाप अपनी नादान और नालायक संतान को भी बड़े प्यार से गले लगाए रखते हैं। उन्होंने प्रेम को खानों या खांचों में भी बांटना कभी उचित नहीं समझा।उन्होंने प्रेम को बस प्रेम रहने दिया।उसमें अलग से कोई रंग नहीं मिलाया।उसे खुद भी छककर पिया और औरों को भी उसी विशुद्ध प्रेमामृत का पान कराया-

“कबिरा प्याला प्रेम का, अंतर लिया लगाय ।

रोम रोम में रमि रहा, और अमल क्या खाय ॥”

बैठ कर पुजाना पाप था उनके लिए।थकते भी नहीं थे वे।इसलिए जीवन भर चलते रहे। कुछ करने वाले को ही वे कुछ देने के पक्ष में रहते थे। अलस अकर्मा साधु या गृहस्थ उन्हें कभी नहीं रुचे। बड़े कर्मठ थे कबीर और उन्हें अपने कर्म पर अटूट भरोसा भी था। कर्म के प्रबल पक्षधर और अकर्मण्यता के धुर विरोधी थे वे।फिर वह चाहे तारने का दंभ भरने वाला भगवान ही क्यों न हो।उसको भी मुफ्त में यश देना उन्हें कभी नहीं रुचा।राम को भी काम पर लगाने के लिए उन्होंने हरी भरी काशी त्यागी और ऊसर-बांगर वाले मगहर को चल पड़े –

“जो कबिरा कासी मरै, रामै कौन निहोर।”

 

©  डॉ. गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’

सूरत, गुजरात

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच – #52 ☆ साक्षात्कार ☆ श्री संजय भारद्वाज

श्री संजय भारद्वाज 

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।

श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली  कड़ी । ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)
☆ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ☆

शुभ प्रभात। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। योग, सनातन संस्कृति द्वारा मानवता को दिया गया सबसे बड़ा उपहार है।

योग का शाब्दिक अर्थ मेल या मिलना है। सूक्ष्म और स्थूल के मेल से देह, मन एवं चेतना को सक्रिय करने तथा सक्रिय रखने का अद्भुत साधन है योग।

यदि योग, ध्यान, प्राणायम करते हैं तो नियमित रखिए। यदि नहीं तो आज से अवश्य आरम्भ कीजिए।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच # साक्षात्कार

शाम के घिरते धुँधलके में बालकनी से सड़क की दूसरी ओर का दृश्य निहार रहा हूँ। काफी ऊँचाई पर सुदूर आकाश में दो पंछी पंख फैलाये, धीमी गति से उड़ते दिख रहे हैं। एक धीरे-धीरे नीचे की ओर आ रहा है। नीचे आने की क्रिया में पेड़ के पीछे की ओर जाकर विलुप्त हो गया। संभवत: कोई घोंसला उसकी प्रतीक्षा में है। दूसरा दूर और दूर जा रहा है, निरंतर आकाश की ओर। थोड़े समय बाद आँखों को केवल आकाश दिख रहा है।

जीवन भी कुछ ऐसा ही है। घोंसला मिलना, जगत मिलना। जगत मिलना, जन्म पाना।आकाश में ओझल होना, प्रयाण पर निकलना। प्रयाण पर निकलना, काल के गाल में समाना।

प्रकृति को निहारो, हर क्षण जन्म है। प्रकृति को निहारो, हर क्षण मरण है। प्रकृति है सो पंचमहाभूत हैं। पंचमहाभूत हैं सो जन्म है। प्रकृति है सो पंचतत्वों में विलीन होना है, पंचतत्वों में विलीन होना है सो मरण है। प्रकृति है सो पंचेंद्रियों के माध्यम से जीवनरस का पान है। जीवनरस का पान है सो जीवन का वरदान है। जन्म का पथ है प्रकृति, जीवन का रथ है प्रकृति, मृत्यु का सत्य है प्रकृति।

प्रकृति जन्म, परण, मरण है। जन्म, परण, मरण, जीव की गति का अलग-अलग भेष हैं।जन्म, परण, मरण ब्रह्मा, विष्णु, महेश हैं।

ब्रह्मा, विष्णु, महेश,त्रिदेव हैं। प्रकृति त्रिदेव है। सहजता से त्रिदेव के साक्षात दर्शन कर सकते हो।

साधो! कब करोगे दर्शन?

©  संजय भारद्वाज

संध्या 7:28, 13.6.20

# सजग रहें, स्वस्थ रहें।#घर में रहें। सुरक्षित रहें।

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

[email protected]

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ सूर्यग्रहण ☆ श्री आशीष कुमार

श्री आशीष कुमार

(युवा साहित्यकार एवं वैज्ञानिक श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। अब  प्रत्येक शनिवार आप पढ़ सकेंगे  उनके स्थायी स्तम्भ  “आशीष साहित्य”में  उनकी पुस्तक  पूर्ण विनाशक के महत्वपूर्ण अध्याय।  इस कड़ी में आज प्रस्तुत है  एक महत्वपूर्ण  एवं  ज्ञानवर्धक आलेख  सूर्यग्रहण। )

Amazon Link – Purn Vinashak

☆ सूर्यग्रहण

सिंहिका हिरण्यकशिपु की पुत्री और छाया ग्रह राहु (जो सूर्य और चंद्रमा पर ग्रहण लगाने के लिए जिम्मेदार होता है) की माँ थी। जैसे सिंहिका का पुत्र राहु, सूर्य और चन्द्रमा पर ग्रहण लगा सकता है इसी तरह वह हवा पर ग्रहण लगा सकती थी ।

राहु और केतु राहु हिन्दू ज्योतिष के अनुसार असुर स्वरभानु का कटा हुआ सिर है, जो ग्रहण के समय सूर्य और चंद्रमा का ग्रहण करता है । इसे कलात्मक रूप में बिना धड़ वाले सर्प के रूप में दिखाया जाता है, जो रथ पर आरूढ़ है और रथ आठ श्याम वर्णी घोड़ों द्वारा खींचा जा रहा है। वैदिक ज्योतिष के अनुसार राहु को नवग्रह में एक स्थान दिया गया है । दिन में राहुकाल नामक मुहूर्त (24 मिनट) की अवधि होती है जो अशुभ मानी जाती है । समुद्र मंथन के समय स्वरभानु नामक एक असुर ने धोखे से दिव्य अमृत की कुछ बूंदें पी ली थीं । सूर्य और चंद्र ने उसे पहचान लिया और मोहिनी अवतार में भगवान विष्णु को बता दिया । इससे पहले कि अमृत उसके गले से नीचे उतरता, विष्णु जी ने उसका गला सुदर्शन चक्र से काट कर अलग कर दिया । परंतु तब तक उसका सिर अमर हो चुका था । यही सिर राहु और धड़ केतु ग्रह बना और राहु सूर्य- चंद्रमा से इसी कारण द्वेष रखता है । इसी द्वेष के चलते वह सूर्य और चंद्र को ग्रहण करने का प्रयास करता है । ग्रहण करने के पश्चात सूर्य राहु से और चंद्र केतु से, उसके कटे गले से निकल आते हैं और मुक्त हो जाते हैं ।

केतु भारतीय ज्योतिष में उतरती लूनर नोड को दिया गया नाम है । केतु एक रूप में स्वरभानु नामक असुर के सिर का धड़ है । यह सिर समुद्र मन्थन के समय मोहिनी अवतार रूपी भगवान विष्णु ने काट दिया था । यह एक छाया ग्रह है । माना जाता है कि इसका मानव जीवन एवं पूरी सृष्टि पर अत्यधिक प्रभाव रहता है । कुछ मनुष्यों के लिये यह ग्रह ख्याति दिलाने में अत्यंत सहायक रहता है । केतु को प्रायः सिर पर कोई रत्न या तारा लिये हुए दिखाया जाता है, जिससे रहस्यमयी प्रकाश निकल रहा होता है । भारतीय ज्योतिष के अनुसार राहु और केतु, सूर्य एवं चंद्र के परिक्रमा पथों के आपस में काटने के दो बिन्दुओं के द्योतक हैं जो पृथ्वी के सापेक्ष एक दुसरे के उलटी दिशा में (180 डिग्री पर) स्थित रहते हैं । चूँकिये ग्रह कोई खगोलीय पिंड नहीं हैं, इन्हें छाया ग्रह कहा जाता है । सूर्य और चंद्र के ब्रह्मांड में अपने-अपने पथ पर चलने के कारण ही राहु और केतु की स्थिति भी साथ-साथ बदलती रहती है । तभी, पूर्णिमा के समय यदि चाँद केतु (अथवा राहू) बिंदु पर भी रहे तो पृथ्वी की छाया पड़ने से चंद्र ग्रहण लगता है, क्योंकि पूर्णिमा के समय चंद्रमा और सूर्य एक दुसरे के उलटी दिशा में होते हैं । ये तथ्य इस कथा का जन्मदाता बना कि “वक्र चंद्रमा ग्रसे ना राहू” । अंग्रेज़ी या यूरोपीय विज्ञान में राहू एवं केतु को क्रमशः उत्तरी एवं दक्षिणी लूनर नोड कहते हैं । तथ्य यह है कि ग्रहण तब होता है जब सूर्य और चंद्रमा इन बिंदुओं में से एक पर सांप द्वारा सूर्य और चंद्रमा की निगलने की समझ को जन्म देता है । प्राचीन तमिल ज्योतिषीय लिपियों में, केतु को इंद्र के अवतार के रूप में माना जाता था । असुरों के साथ युद्ध के दौरान, इंद्र पराजित हो गया और एक निष्क्रिय रूप और एक सूक्ष्म राज्य केतु के रूप में ले लिया । केतु के रूप में इंद्र अपनी पिछली गलतियों, और असफलताओं को अनुभव करने के बाद भगवान शिव की आध्यात्मिकता की ओर अग्रसर हो गया ।

सूर्य ग्रहण अगर रविवार को हो तो ऐसे रविवार को ‘महाश्वेत-प्रिया’ कहा जाता है  इस रविवार को ‘महाश्वेत’ मंत्र का जाप बहुत फायदेमंद होता है 

भारतीय ज्योतिष के अनुसार राहु और केतु सूर्य एवं चंद्र के परिक्रमा पथों के आपस में काटने के दो बिन्दुओं के द्योतक हैं जो पृथ्वी के सापेक्ष एक दुसरे के उल्टी दिशा में (180 डिग्री पर) स्थित रहते हैं । क्योंकि ये ग्रह कोई खगोलीय पिंड नहीं हैं, इन्हें छाया ग्रह कहा जाता है । सूर्यऔर चंद्र के ब्रह्मांड में अपने- अपने पथ पर चलने के अनुसार ही राहु और केतु की स्थिति भी बदलती रहती है । तभी, पूर्णिमा के समय यदि चाँद राहू (अथवा केतु) बिंदु पर भी रहे तो पृथ्वी की छाया पड़ने से चंद्र ग्रहणलगता है, क्योंकि पूर्णिमा के समय चंद्रमा और सूर्य एक दुसरे के उलटी दिशा में होते हैं । ये तथ्य इस कथा का जन्मदाता बना कि “वक्र चंद्रमा ग्रसे ना राहू”। अंग्रेज़ी या यूरोपीय विज्ञान में राहू एवं केतु को को क्रमशः उत्तरी एवं दक्षिणी लूनर नोड कहते हैं ।

क्या आप सौर ग्रहण के विषय में जानते हैं? जब चंद्रमा सूर्य और पृथ्वी के बीच आता है, पृथ्वी पर सूर्य का कोई प्रकाश नहीं पहुँचता है (यह केवल नए चंद्रमा तिथि या अमावस्या के दिन होता है), इसका अर्थ है कि चंद्र ऊर्जा (मानसिक ऊर्जा) या इड़ा भौतिक ऊर्जा (पिंगला) पर हावी हो कर उसे अवरुद्ध करती है । उस समय शरीर को आराम देना चाहिए और कोई शारीरिक कार्य नहीं करना चाहिए, लेकिन वह समय मानसिक गतिविधियों के लिए उत्तम है । इसी प्रकार चंद्र ग्रहण पर, पृथ्वी (मूलाधार चक्र) सूर्य (पिंगला) और चंद्रमा इड़ा के बीच में होती है, और सूर्य की रोशनी चंद्रमा तक पहुँचने से वंचित रह जाती है । इस समय मन को सूर्य (पिंगला) से प्रकाश नहीं मिलता है और उस समय कोई भारी मानसिक गतिविधि नहीं करनी चाहिए, अन्यथा यह आपके स्वास्थ्य को भी प्रभावित करेगा, और इसके परिणाम भी आपकी इच्छा के अनुसार नहीं जायँगे ।

आशीष ने बाधा डाली, “क्षमा करें महोदय, लेकिन मूलाधार चक्र का स्थान और पिंगला और इड़ा नाड़ी का पथ भी मानव शरीर के अंदर स्थिर हैं । तो मूलाधार चक्र, पिंगला और इड़ा नाड़ी के बीच में है इसका क्या अर्थ हुआ?”

विभीषण ने उत्तर दिया, “हाँ, लेकिन जैसा कि मैंने आपको कई बार बताया है, विभिन्न नाड़ियों में प्राण वायु का प्रवाह निश्चित नहीं है, यहाँ तक कि हमारे शरीर की विभिन्न नाड़ियों के अंदर इसकी तीव्रता भी स्थिर नहीं होती है । मेरे कहने का वो ही अर्थ है अब मैं आपको कुछ और बातें बताऊँगा । इसके अतिरिक्त मैंने आपको अन्य ग्रहों के विषय में भी बताया था, हमारे सौर मंडल के अस्तित्व में सात मुख्य ग्रह माने जाते हैं । चूंकि चेतना उच्च आवृत्ति पर पदार्थ और कंपन से मुक्त हो जाती है, तो आत्मा भुलोक से भुव: लोक, स्वा: लोक, महा लोक, जन लोक, तप लोक और सत्य लोक में जाता हैं । ये लोक हमारे अस्तित्व की स्थिति का अधिक सूक्ष्म क्षेत्रों में प्रगति का प्रतिनिधित्व करते हैं । यह प्रगति हमारे मस्तिष्क की पदार्थ से आजादी और मुक्ति पर निर्भर करती है । जब मन और पदार्थ अलग हो जाते हैं, तो ऊर्जा निकलती है । शरीर के सात चक्र, या सात लोक तामस गुण से राजस गुण से सत्त्विक गुण से शुद्ध चेतना तक हमारी प्रगतिशील चेतना का प्रतिनिधित्व करते हैं ।

© आशीष कुमार 

नई दिल्ली

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – पत्र ☆ ☆ पितृ दिवस विशेष – बेटी के पत्र पिता के नाम – भावनात्मक आत्मीय पत्र ☆ डॉ मिली भाटिया

डॉ मिली भाटिया 

डॉक्टर मिली के प्रेरणास्रोत उनके पापा श्री दिलीप भाटिया  हैं ! डॉक्टर मिली कहती हैं  उनकी मम्मी  श्यामा भाटिया ईश्वर के घर से उनको आशीर्वाद देकर उनकी उपलब्धि से ख़ुश होंगी।  डॉक्टर मिली की स्ट्रेंक्थ उनके जीवनसाथी श्री आनंद यादव हैं।  डॉक्टर मिली की ख़ुशी है उनकी बेटी लिली यादव ।

डा मिली कहती हें बच्चों को चित्रकला सिखाना उनका मुख्य उद्देश्य है ।  आँखो में आजीवन रहने वाली बीमारी केरटोकोनस के बावजूद बच्चों में चित्रकला से प्रेम करने का एकमात्र उद्देश्य हे डॉक्टर मिली भाटिया आर्टिस्ट का। 

डॉक्टर मिली को 22 डिसेम्बर 2011 को रावतभाटा कला गौरव से और 26 जनवरी 2012 को राजस्थान सरकार और 7 जुलाई 2015 को PhD की डिग्री से सम्मानित किया गया। पितृ दिवस के उपलक्ष में हम डॉ मिली भाटिया जी के बेटी के पत्र पिता के नाम आपसे साझा कर रहे हैं।

☆ पितृ दिवस विशेष – बेटी के पत्र पिता के नाम – भावनात्मक आत्मीय पत्र ☆

☆ एक पिता को एक बेटी का पत्र ☆

आपके ही नाम से जानी जाती हूँ “पापा”

इस से बड़ी शोहरत “मिली” के लिए क्या होगी। आप पिता हैं, पर एक माँ से कम नहीं – “हैपी फ़ादर डे वर्ल्ड के बेस्ट पापा” दुनिया के सबसे अच्छे पापा,

“दादी की प्राणदुलारी हो, मम्मी की राजदुलारी हो,

इकलोती  तुम मेरी बिटिया, तुम सबसे मुझको प्यारी हो“

आज भी जब आपकी लिखी हुई कविताएँ मेरे बचपन की पड़ती हूँ तो आँख भर जाती हैं! मेरे “पापा” इस शब्द में पूरी दुनिया बसती है मेरी! बचपन से ही हमेशा आप मेरे बेस्ट फ़्रेंड, राखी के दिन भाई, स्कूल होमवर्क कराते टाइम टीचर, शाम को ईवनिंग वॉक पर जाते गप्पें मारते वक्त मेरे बेस्ट फ़्रेंड, और जब मम्मी अपनी इकलौती संतान को बी॰ ए॰ फ़र्स्ट ईयर में छोड़ कर ईश्वर के घर गई तब से आप मम्मी का रोल निभाते आ रहे हें पापा! तब 17 साल की टीनऐज़र बेटी को कैसे अकेले सम्भाला होगा आपने! 17 साल हो गये पापा! आपने मुझ पर विश्वास बनाए रखा! गर्व होता है जब दुनिया बोलती है  “मिली” तेरे पापा कितने अच्छे हें! आँखें ख़ुशी से चमक उठतीं हें मेरी! मेरे लिए कितना त्याग किया आपने, दुनिया से लड़े, रिश्तेदारों से लड़े, जब मम्मी हमें छोड़ कर गईं, लोगों ने कहा “मिली” का क्या होगा, नानी ने कहा मिली अनाथ हो गई, तब आप हमेशा से चुप रहने वाले इंसान लड़ लिए अपनी बेटी के लिए की अभी तो मैं  बेठा हूँ, मिली को कोई कुछ नहीं कहेगा! लोग आपको बोलते रहे, दूसरी शादी कर लो, बेटा गोद ले लो, मिली को किसी मासी के घर छोड़ दो, वगैरह वगैरह  पर आपने अपनी बेटी को सम्भाला! आपकी बच्चों के लिए लिखी किताबों से देश भर के लाखों बच्चों के लिए प्रेरणास्त्रोत हें! डॉक्टर ए पी जे अब्दुल कलाम जी से आप आत्माराम पुरस्कार से सम्मानित हें! परमाणु बिजलीघर में वैज्ञानिक अधिकारी के पद से आप रिटायरमेंट के 12 साल बाद भी बच्चों के लिए सक्रिय हैं।  कई गरीब बेटे-बेटियों की शिक्षा की ज़िम्मेदारी आप निभा रहे हें पापा! आपके जैसा कोई नहीं है पापा! आप इस दुनिया के सबसे अच्छे पापा हैं! आपके होने से में अपने आप को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करती हूँ हमेशा!

बेटी डॉक्टर मिली!

 

☆ पापा चुप रहते हैं ☆

हैपी फ़ादर डे पापा,

आज मुझे मम्मी बने हुए 6 साल 5 महीने पूरे हो गये हैं! ईश्वर से दिन रात एक ही दुआ माँगी थी की मुझे बेटी हो! आपने तो आने से 2 महीने पहले नाम भी रख दिया था ‘लिली”! आप तो यह भी सोचने लग गए थे की बेटा हो गया तो पता नहीं मैं क्या करूँगी? 15 जनवरी 2014 को नर्स ने आपको आ कर कहा की लक्ष्मी आयी है तब मुझसे ज़्यादा ख़ुशी आपको हुई पापा!

बचपन से ही आपसे, मम्मी और दादी से इतना प्यार पाया की कभी कोई कमी महसूस ही नहीं हुई! चार लोगों के इस छोटे से परिवार में प्रेम कूट कूट कर भरा हुआ था!  दादी ने कभी यह नहीं कहा की पोती की बजाय पोता होता!आप और मम्मी तो मुझे पाकर निहाल ही हो गये थे! संस्कार और स्नेह से भरपूर इस घर में हमेशा मुझे सुकून रहा! मैं पूरी तरह से तृप्त रही! इसलिए भगवान से भी खुद के लिए बेटी माँगी!

बचपन से ही आपने पापा के साथ साथ भाई, दोस्त, टीचर सबका रोल निभाया! शाम को आपके आफिस से आने के बाद मैं खिल उठती थी! आपसे पढ़ती, खेलती, आपके साथ घूमने जाती, बातें करती और रक्षाबंधन पर राखी बांधती! आपसे हमेशा अनोखा रिश्ता रहा मेरा! बचपन से ही आपसे गहराई से जुड़ी हुई थी! आपने मुझे बचपन से किताबों से प्रेम करना सिखाया! बचपन में चंपक, बलहँस पढ़ते पढ़ते आज आपकी हर किताब, मैगज़ीन में लेख, कहानियाँ, उपन्यास पढ़ती आ रही हूँ! अब जब आपकी 6 साल की नातिन लिली आपके साथ बैठ कर किताबें पड़ती है, बातें करती है तो मुझे अपना बचपन याद आ जाता हे कि कैसे आपके ऑफ़िस से आने के बाद मैं आपके पीछे पीछे घूमती थी!

बचपन से ही देखा “पापा चुप रहते हैं”! मैंने कभी आपको ऊँची आवाज़ में बोलते नहीं देखा! आपको हमेशा शांत और संतुलित देखा! तेज माइग्रेन(सिरदर्द) में भी आप किसी से कुछ नहीं कहते, खुद ही उठ कर पानी पी लेते! आपको मैंने कभी कुछ इच्छा व्यक्त करते हुए भी नहीं देखा! आपसे दादी और मम्मी कुछ भी पूछते तो आप बस मुस्कुरा देते! इतना सरल कोई कैसे हो सकता है पापा अब सोचती हूँ! कितना कुछ होगा दिल में आपके, उसका थोड़ा सा हिस्सा आपकी लेखनी में पड़ा! दिल को छू लेने वाली कहानियाँ, कविताएँ, लघुकथाएं  आपके मन की गहराई को कुछ हद तक बयान करने लगी! आपकी पहली किताब “कड़वे सच” से मुझे कुछ पता चला की आपने कितना कुछ सहा है! और आपकी दूसरी किताब “छलकता गिलास” से पता चला की आप जो लोगों के जीवन में प्रेम बिखेर रहे हैं उससे उनकी आँखें छलक उठती हैं तो आपके दिल को कितना सुकून मिलता होगा!

मैं 17 साल पहले आपकी 17 साल की बेटी बी॰ ए॰ फ़र्स्ट एयर में “चित्रकला” विषय लेने के लिए मैं आपको और मम्मी को “रावतभाटा” छोड़कर “ उदयपुर” गई! हॉस्टल में 3 महीने ही बीते थे कि आपका फ़ोन आ गया की मम्मी से मिलने आ जाओ! दिल बहुत डर गया था मेरा! मम्मी को ब्रेन हैमरेज हुआ था! कोटा में एडमिट थीं! डॉक्टर आपको जवाब दे चुके थे! पर फिर भी आप स्ट्रोंग बने रहे! मुझे कुछ नहीं बताया! बस यही सोचते रहे कि 17 साल की इकलौती  बेटी को अकेले  कैसे सम्भालेंगे?  अपने दुःख को भूलकर मुझे सम्भालने के बारे में ही सोचते हुए मम्मी की सेवा में लगे रहे! पर ईश्वर को कुछ और ही मंज़ूर था! उन्होंने 7 दिन के अंदर ही 14 नोवेम्बर 2003 को मम्मी को अपने पास बुला लिया! आपने मुझे किस तरह सम्भाला इसको शब्दों में लिखना बहुत कठिन है! आपके त्याग के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं! आपने वापिस मुझे किसी तरह सम्भाला, हॉस्टल भेजा वापिस व मेरी पी॰एच॰डी॰ तक की शिक्षा पूरी करवाई! खुद अकेले, कभी बाई के हाथों का खाना खा कर, कभी टिफ़िन का तो कभी नमकीन-बिस्कुट खा कर ही काम चला लेते! दादी की ज़िम्मेदारी भी उठाते! आपको अपनो ने भी सहयोग नहीं दिया! तब मुझे यह एहसास हुआ, कि जैसे मैं इकलौती हूँ,आप भी 5 भाई-बहन होते हुए भी इकलौते ही तो हों पापा! हॉस्टल में मम्मी को याद करके जब मैं  टूटने लगती तब आपके पोस्टकार्ड मुझे हिम्मत देते! पूरे हॉस्टल में मैं फ़ेमस हो गई थी कि मिली की तो रोज़ चिट्ठी आती है! एक बार बहुत  परेशान थी तब आपने मुझे एक पत्र लिखा “आधा ख़ाली नहीं,आधा भरा कहो” जो” “अहा ज़िंदगी “ में  2005 में छपा! बी॰ए॰ पूरा होने के बाद में हॉस्टल से घर वापिस आ गई! आपकी प्रेरणा से मैंने छुट्टियों मैं समर कैम्प में छोटे बचों को सिखाना शुरू किया! बच्चों से मुझे खूब प्यार मिलता, तब मैं मम्मी को खोने का ग़म उन पलो में भूल जाती! मुझे ख़ुश देखकर आपको अच्छा लगता! मेरी इच्छा ड्रॉइंग में एम॰ ए॰ करने की थी, पर जब मैं कहने लगी पापा मुझे बाहर जाना पड़ेगा मैं इंग्लिश लिटरेचर में प्राइवेट कर लेती हूँ! पर आप नहीं माने! आपने मुझे जयपुर चित्रकला से एम॰ ए॰ करने भेजा! आपने कहा की अभी की पढ़ाई ज़िंदगी भर काम आएगी! प्राइवेट पढ़ाईं तो बाद में भी कर लेना! सिर्फ़ रोटी बनाने के लिए मैं तुम्हारे सपने टूटने नहीं दूँगा! आप ग्रेट हो पापा! पढ़ाई को लेकर आपने कभी कॉम्प्रॉमायज़ नहीं किया! आप हमेशा से ही बच्चों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहें! परमाणु बिजलीघर में वैज्ञानिक अधिकारी होने के साथ साथ आपकी लेखनी भी निखरती गई और 2006 सेप्टेम्बर में आपको राष्ट्र-पति डॉक्टर ए पी जे अब्दुल कलाम जी से केंद्रीय हिन्दी संस्थान दिल्ली की तरफ़ से आत्माराम पुरस्कार मिला!

परमाणु बिजलीघर प्लांट की तरफ़ से आप जब गाँवों में बिजलीघर की जानकारी देने जाते तब आपने देखा की गाँव की बेटियाँ कितनी असक्षम हें! आपने शुरू से ही अपने परिवार वालों, दोस्तों, रिश्तेदारों के लिए तन, मन, धन और खून दें कर खूब सेवा और मदद की पर आपको सार्थकता इन बेटियों के लिए करडीगन, कॉपी, पेन, सरकारी स्कूल में पंखे आदि दे कर ही मिली होगी! आश्चर्य होता है कि आप 58 बार ब्लड डोनेट कर चुके हें! आप तो अभी भी तैयार हें पर आपको सेवानिवृत्त हुए 12 साल हो चुके हें! नेत्रदान, देहदान का फैसला भी आप ले चुके हें!

21 जून 2010 को आपने मुझे अपनी पसंद का जीवनसाथी चुनने दिया और मेरी शादी करवाई! मेरी इस इच्छा का भी मुश्किल से मान रखा कि मेरी शादी के बाद आप अकेले  नहीं रहेंगे, साथ में रहेंगे! आप मेरे जीवनसाथी “आनंद” को मना नहीं कर पाए जब आपका टिकट बुक करवा दिया और आपको अपने साथ लेने के लिए आ गये!

आज भी आप पहले से ज़्यादा सक्रिय हें पापा! हर साल गाँव की बेटियों के लिए अपनी पेन्शन में से 5 प्रतिशत उनकी उच्च शिक्षा के लिए सहायता करते हें! पूरे रावतभाटा के साथ साथ देश में भी बच्चे आपको “दिलीप अंकल” के नाम से जानते हें! आपको देखकर मैंने और आनंद ने भी हर साल गाँव के स्कूल में बच्चों के लिए थोड़ा सा करना शुरू किया है! बहुत सुकून मिलता है इससे पापा!

आपकी प्रेरणा और सहयोग से मैंने 8 मार्च 2011 महिला दिवस पर जयपुर के जवाहर कला केंद्र में “नारी अंतर्मन“ नाम से चित्रकला प्रदर्शनी लगाई उसका प्रोग्राम ई टी वी राजस्थान पर प्रसारित हुआ तो आपको बोहोत ख़ुशी मिली! 19 ऑक्टोबर 2013 को जब मेरी राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर में पी॰ एच॰ डी॰ की थीसस जमा हुई तब आपकी आँखे ख़ुशी से भीग गई! आपकी दस साल की तपस्या पूरी हुई उस दिन पापा!

आज आप साहित्य और शिक्षा से गहराई से जुड़े हुए हैं! हर साल उपकार प्रकाशन से आपकी बच्चों के लिए किताब छपती है और देश भर से लाखों बच्चों के फ़ोन आते हैं! तो आपको जीवन में सफल और संतुष्ट पाती हूँ! आपको किसी चीज़ से मोह माया नही हैं! आपका दिल बहुत विशाल और नेक है! इतने ऊँचे पद से रिटायर होने के बाद भी आपका जीवन कितना सादा है पापा! आप इतने सरल हें!

आपने मुझे बचपन से कभी नहीं डाँटा पापा! मेरी हर गलती माफ़ की! मुझे हमेशा प्यार से समझाया! कितनी सहनशक्ति हे आपमें! पर कभी कभी मैं आपको डाँट भी देती हूँ जब लोग आपके सीधेपन का फ़ायदा उठाते हैं! पर फिर भी आप मेरी बात का बुरा नहीं मानते हो और बस मुसकुरा देते हो पापा! ईश्वर को धन्यवाद देती हूँ कि आप आज हमारे साथ हें! आपकी छाँव में मैं अपने आप को सुरक्षित महसूस करती हूँ!’ मेरे साथ साथ आनंद भी आपके कृतज्ञ हैं! आपके संरक्षण में हम तीनों  बहुत सुरक्षित महसूस करते हें पापा! शादी के 10 साल बाद भी हमारा संघर्ष ख़त्म नहीं हुआ है पापा! आनंद ने किसी कारणवश सरकारी नौकरी छोड़ी, मेरी आँखों में भी आजीवन रहने वाली केरटोकोनस डिज़ीज़ से आप अंदर से बहुत दुखी हैं, पर पूरा सहयोग आप ही कर रहे हैं बस पूरी दुनिया में एक! एक आप ही हैं जो इस मुश्किल में हमारे साथ हैं! आप कितना विश्वास करते हें मुझपर! सारी ज़िम्मेदारी आप मुझे मेरी शादी होते ही सौप  चुके हें!

आपकी नातिन लिली भी आपको दिलीप अंकल बोलती है! वो बस अपने नानू जैसी बने यही मेरी इच्छा है पापा! आपके शहद चटाने का थोड़ा भी असर हो जाए तो भी आपकी तरह सफल जीवन जिएगी वो! आपका साथ और आशीर्वाद सदैव मिलता रहे पापा! 6 साल की लिली जब कहती हे की घर में सबसे अच्छे नानाजी हें क्योंकि वो बच्चों को टाइम देते हैं और अपना सारा काम टाइम से कर लेते हैं! आपने संस्कार लिली में अभी से ही देखकर मुझे बहुत  अच्छा लगता हे पापा!

आपको धन्यवाद देने के लिए अब मेरे पास शब्द नहीं हैं पापा! बहुत सारा प्यार! अपने पापा के साथ साथ मम्मी का भी रोल निभाया पापा 17 साल से ! साथ रहकर भी कुछ बातें बोली नहीं जाती इसलिए इस पत्र के माध्यम से दिल की कुछ बातें लिखी हैं आपको! हैपी फादर डे वर्ल्ड के बेस्ट पापा द ग्रेट!

आपकी बेटी

डॉक्टर मिली!

Dr Mili Bhatia Artist

Rawatbhata Rajasthan

Mobile no 9414940513

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आशीष साहित्य # 48 – आयुर्वेद और अमृत तत्व ☆ श्री आशीष कुमार

श्री आशीष कुमार

(युवा साहित्यकार श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। अब  प्रत्येक शनिवार आप पढ़ सकेंगे  उनके स्थायी स्तम्भ  “आशीष साहित्य”में  उनकी पुस्तक  पूर्ण विनाशक के महत्वपूर्ण अध्याय।  इस कड़ी में आज प्रस्तुत है  एक महत्वपूर्ण  एवं  ज्ञानवर्धक आलेख  आयुर्वेद और अमृत तत्व। )

Amazon Link – Purn Vinashak

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – ☆ आशीष साहित्य # 48 ☆

☆ आयुर्वेद और अमृत तत्व

आयुर्वेद हमारे शरीर, मस्तिष्क और प्रकृति को समझने में सहायता कर सकता है, और प्रकृति के स्वरूप को पहचानने में सक्षम है ताकि हम उस प्रकृति के स्वरूप को हमारे शरीर के भीतर भी देख सके ।

प्रकृति के तीन गुण हमारे मस्तिष्क को नियंत्रित करते हैं; हमारे शरीर की संरचना और आस-पास की प्रकृति के लिए पाँच तत्व जिम्मेदार हैं और छह स्वाद शरीर और मस्तिष्क  के बीच संबंध को नियंत्रित करते हैं । हम छह चक्र, तीन गुण, पाँच तत्व, छः स्वाद, और दस इंद्रियों की अभिव्यक्ति है । ये 24 असीमित आत्मा को सीमित या शरीर और मस्तिष्क से बंधे हुए हैं ।

हमें अपने शरीर और मस्तिष्क को प्रकृति के साथ समक्रमिक करने के लिए तीन नियमों का पालन करना होगा । सबसे पहले हमारे शरीर और मस्तिष्क को पर्यावरण, मौसम और आसपास के वातावरण इत्यादि के ताल के साथ ताल मिलाना है । दूसरा आसपास के साथ संरेखण है; और तीसरा बाहरी प्रकृति की हमारे शरीर की आंतरिक प्रकृति के साथ ध्रुवीयता है ।

अब मैं आपको आयुर्वेदिक दोषों के विषय में बताऊँगा । पहला कफ है जो वास्तव में पृथ्वी और जल तत्वों का संयोजन है । यह शरीर की स्थिरता और स्नेहन, ऊतक और शरीर के अपशिष्ट को नियंत्रित करता है । कफ सेल की संरचना को भी नियंत्रित करता हैं और स्रावों और पाचन अंगों को संरक्षित करने वाली चिकनाई को भी नियंत्रित करता हैं । मस्तिष्क में कफ एक समय में एक विचार को समझने के लिए मस्तिष्क के लिए आवश्यक स्थिरता प्रदान करता है । कफ की प्रकृति तेलीय, ठंडी, भारी, स्थिर, घनी और चिकनी है ।

दूसरा दोष पित्त है जो वास्तव में पानी और अग्नि तत्वों का संयोजन है । यह शरीर के संतुलन और संभावित ऊर्जा के संतुलन को नियंत्रित करता है । सभी पित्त की प्रक्रियाओं में पाचन शामिल है । इसके अतरिक्त पित्त कोशिकाओं के कार्यों के लिए ऊर्जा प्रदान करने के लिए पोषक तत्वों का पाचन करता है । मस्तिष्क में पित्त नए सूचना को संसाधित करता है और निष्कर्ष निकालता है । पित्त की प्रकृति तेलीय, गर्म, हल्की, तीव्र, तरल आदि है ।

तीसरे दोष के विषय में केवल कुछ लोग जानते हैं, यह अग्नि और वायु तत्वों का संयोजन है । यह विभिन्न अंगों की सतह के साथ शरीर की ऊर्जा के आंदोलन के लिए ज़िम्मेदार होता है ।

चौथा दोष वात है जो वायु और आकाश तत्वों का संयोजन है । यह शरीर में गतिशील ऊर्जा का सिद्धांत है, मुख्य रूप से तंत्रिका तंत्र से संबंधित है और सभी शरीर की गतिविधियों को नियंत्रित करता है । यह पोषक तत्वों को कोशिकाओं में अंदर एवं अपशिष्ट को बाहर ले जाता है । यह भोजन को निगलने और चबाने के लिए भी जिम्मेदार है । मस्तिष्क में यह नयी सूचनाओं की तुलना में स्मृति से व्यापक सूचना पुनर्प्राप्त करता है । इसकी प्रकृति शुष्क, ठंडा, हल्का, अनियमित और गतिशील है ।

पाँचवे दोष के विषय में महान ऋषियों को छोड़कर और कोई नहीं जानता है यह आकाश और छठा चक्र के तत्व महत या ब्रह्मंडीय बुद्धि का सयोजन होता है यह आध्यात्मिक प्रथाओं की इच्छाओं और भावनाओं के लिए जिम्मेदार है ।

अब अगर हम शरीर में देखते हैं, तो दो प्रकार की क्रियाओं से एक बीमारी उत्पन्न हो सकती है । पहली एक दूसरे के साथ दोषों के असंतुलन से होती है जैसे कि कभी-कभी वात बढ़ता है और कफ और पित्त कम हो जाते हैं, और इसी तरह अन्य दोषों के लिए ।  दूसरी, दोषों की आंतरिक संरचना से, जैसे कि कफ दोष, जो पृथ्वी और जल का संयोजन है- यदि पृथ्वी का तत्व बढ़ता है और जल कम हो जाता है, तो यह गुर्दे में पत्थरी की तरह की बीमारी पैदा कर सकता है, इसी तरह यदि विपरीत हो अर्थात पृथ्वी तत्व कम हो जाये और जल तत्व बढ़ जाये तो अन्य विपरीत समस्याएँ हो सकती है, और इसी तरह अन्य दोषों के लिए ।

इस परिदृश्य के अनुसार शरीर और मस्तिष्क की कुल संभावित बीमारियों की संख्या 45 है और शेष इन 45 बीमारियों की ही उप श्रेणियाँ हैं ।

अगर हम अपने स्वाद कलियों के छह स्वाद देखें । मीठा स्वाद पृथ्वी और जल तत्वों का संयोजन है, खट्टा पृथ्वी और अग्नि तत्वों का संयोजन है, नमकीन स्वाद जल और अग्नि तत्वों का संयोजन है, तीखा स्वाद अग्नि और वायु तत्वों का संयोजन है कड़वा वायु और आकाश तत्वों का संयोजन है और कसैला वायु और पृथ्वी तत्वों का संयोजन है ।

क्या आप प्रकृति को नियंत्रित करने के स्तर पर आत्मनिर्भर बनाने के विषय में जानते हैं, सृजन का पूरा अनुक्रम है । भोजन से रस बनता है । रस से रक्त, रक्त से माँस बनता है । माँस से मैदा, मैदा से हड्डिया बनती है और हड्डियों से मज्जा धातु जिसे शरीर का सार कहते हैं जब इसे शरीर में बनाए रखा जाता है तो यह सघन होकर रोशनी उत्पन्न करता है । जो ओजस होता है तपस्या के द्वारा ओजास को तप में परिवर्तित किया जाता है, और तप से व्यक्ति सिद्ध या प्रकृति का नियंत्रक बन जाता है ।

मैंने पहले ही बताया है कि हम जो ठोस भोजन खाते हैं वह तीन भागों में विभाजित होता है सकल या स्थूल अपशिष्ट या मल के रूप में शरीर से बाहर निकल जाता है, मध्यम माँस का निर्माण करता है, और सूक्ष्म भाग मन बन जाता है ।

इसी प्रकार हम जिस तरल को पीते हैं वह तीन भागों में विभाजित होता है स्थूल भाग मूत्र के रूप में अपशिष्ट होता है, मध्यम रक्त बन जाता है, और सूक्ष्म प्राण बन जाता है ।

इसी तरह ‘तेज’ या चिकनाई जो हम खाते हैं तीन भागों में विभाजित हो जाता है सकल या स्थूल से हड्डी बनती है, मध्यम से मज्जा, और सूक्ष्म हमारी जुबान या बोलने की शक्ति बन जाती हैं ।

 

© आशीष कुमार 

नई दिल्ली

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य # 52 ☆ आत्मविश्वास – अनमोल धरोहर ☆ डॉ. मुक्ता

डॉ.  मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  साप्ताहिक स्तम्भ  “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक  साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी का  एक अत्यंत विचारणीय आलेख आत्मविश्वास – अनमोल धरोहर।  यह डॉ मुक्ता जी के  जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन।  कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें। )     

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 52 ☆

☆ आत्मविश्वास – अनमोल धरोहर

‘यदि दूसरे आपकी सहायता करने को इंकार कर देते हैं, मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि न कहने के कारण मैं इसे करने में समर्थ हो पाया। इसलिए आत्मविश्वास कीजिए; यही आपको उत्साहित करेगा,’ आइंस्टीन के उपरोक्त कथन में विरोधाभास है। यदि कोई आपकी सहायता करने से इंकार कर देता है, तो अक्सर मानव उसे अपना शत्रु समझने लग जाता है। यदि हम इसके दूसरे पक्ष पर दृष्टिपात करें, तो यह इंकार हमें ऊर्जस्वित करता है; हमारे अंतर्मन में आत्मविश्वास जाग्रत कर उत्साहित करता है और हमें अपनी आंतरिक शक्तियों का अहसास दिलाता है, जिसके बल पर हम उसे क्रियान्वित करने में सफल हो जाते हैं। सो ! हमें उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करनी चाहिए, जो हमें बीच मंझधार छोड़ कर चल देते हैं। सत्य ही तो है, जब तक इंसान गहरे जल में छलांग नहीं लगाता, वह तैरना कैसे सीख सकता है? उसकी स्थिति तो कबीरदास के नायक की भांति ‘मैं बपुरौ बूड़न डरा,रहा किनारे बैठ’ जैसी होगी।

सो! यह मत कहो कि ‘मैं नहीं कर सकता’, क्योंकि आप अनंत हैं। आप कुछ भी कर सकते हैं।’ स्वामी विवेकानंद जी की यह उक्ति मानव में अदम्य साहस संचरित करती है, उत्साहित करती है कि आप में अनंत शक्तियां संचित हैं; आप कुछ भी कर सकते हैं। हमारे गुरु-जन, आध्यात्मिक वेद-शास्त्र व उनके ज्ञाता विद्वत्तजन हमें अंतर्मन में निहित अलौकिक शक्तियों से रू-ब-रू कराते हैं और हम उन असंभव कार्यों को भी सहजता-पूर्वक कर गुज़रते हैं। इसके लिए मौन का अभ्यास आवश्यक है, क्योंकि यह साधक को अंतर्मुखी बनाता है; जो उसे ध्यान की गहराइयों में ले जाने में सहायक सिद्ध होता है। महर्षि रमण, महात्मा बुद्ध, भगवान महावीर वर्द्धमान आदि ने भी मौन साधना द्वारा ईश्वर का साक्षात्कार किया।

मौन रूपी वृक्ष पर शांति के फल लगते हैं अर्थात् मौन से हमारे अंतर्मन में अलौकिक शक्तियां जाग्रत होती हैं और जीवन में सकारात्मकता दस्तक देती है। वास्तव में मौन जीवन का सर्वाधिक गहरा संवाद है। सो! मानव को शब्दों का चयन सावधानीपूर्वक करना चाहिए, क्योंकि यह महाभारत जैसे महायुद्ध के जनक भी हो सकते हैं।

स्वामी योगानंद जी के शब्दों में ‘यह हमारा छोटा-सा मुख एक तोप के समान है और शब्द बारूद के समान हैं– जो सब कुछ नष्ट कर देते हैं। सो! व्यर्थ व अनावश्यक मत बोलो और तब तक मत बोलो; जब तक तुम्हें यह न लगे कि तुम्हारे शब्द कुछ अच्छा कहने जा रहे हैं।’ इसलिए मौन मानव की वह मन: स्थिति है, जहां पहुंच कर तमाम झंझावात शांत हो जाते हैं और मानव को विभिन्न मनोविकारों चिंता, तनाव, आतुरता व अवसाद से मुक्ति प्राप्त हो जाती है। इसलिए स्वामी योगानंद जी मानव-समाज को अपनी अमूल्य शक्ति व समय को निरंतर व्यर्थ के वार्तालाप में बर्बाद न करने का संदेश देते हैं; वहीं भोजन व कार्य करते समय भी मौन रहने की महत्ता पर प्रकाश डालते हैं।

सो! जब आपके हृदय की भाव-लहरियां शांत होती हैं, उस स्थिति में आपको अच्छे विकल्प सूझते हैं; आप में आत्मविश्वास का भाव जाग्रत होता है और आप उन लोगों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं; जिनके कारण आप उस असंभव कार्य को अंजाम देने में समर्थ हो सके। परंतु इस समस्त प्रक्रिया में तथाकथित अनुकूल परिस्थितियों व आपकी सकारात्मक सोच का भी अभूतपूर्व योगदान होता है। इसलिए ‘मैं कर सकता हूं’ को जीवन का मूल-मंत्र बनाइए और आजीवन निराशा को अपने हृदय में प्रवेश न पाने दीजिए। इसमें दोस्त, किताबें, रास्ता व सोच अहम् भूमिका निभाते हैं। यदि वे ठीक हैं, तो आपके लिए सहायक सिद्ध होते हैं; यदि वे ग़लत हैं, तो गुमराह कर पथ-भ्रष्ट कर देते हैं और उस अंधकूप में धकेल देते हैं; जहां से मानव कभी बाहर आने की कल्पना भी नहीं पाता। इसलिए सदैव अच्छे दोस्त बनाइए; अच्छी किताबें पढ़िए; सकारात्मक सोच रखिए और सही राह का चुनाव कीजिए… राग-द्वेष व स्व-पर का त्याग कर, ‘सर्वे भवंतु सुखीनाम्’ की स्वस्ति कामना कीजिए, क्योंकि जैसा आप दूसरों के लिए करते हैं, वही लौट कर आपके पास आता है। सो ! संसार में स्वयं पर विश्वास रखिए और सदैव अच्छे कर्म कीजिए, क्योंकि वे आपकी अनमोल धरोहर होते हैं; जो आपको जीते-जी मुक्ति की राह पर चलने को प्रेरित ही नहीं करते; आवागमन के चक्र से मुक्त करा देते हैं।

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत।

पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी,  #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com

मो• न•…8588801878

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ किसलय की कलम से # 5 ☆ काश! ये हो पाता… ☆ डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

( डॉ विजय तिवारी ‘ किसलय’ जी संस्कारधानी जबलपुर में साहित्य की बहुआयामी विधाओं में सृजनरत हैं । आपकी छंदबद्ध कवितायें, गजलें, नवगीत, छंदमुक्त कवितायें, क्षणिकाएँ, दोहे, कहानियाँ, लघुकथाएँ, समीक्षायें, आलेख, संस्कृति, कला, पर्यटन, इतिहास विषयक सृजन सामग्री यत्र-तंत्र प्रकाशित/प्रसारित होती रहती है। आप साहित्य की लगभग सभी विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी सर्वप्रिय विधा काव्य लेखन है। आप कई विशिष्ट पुरस्कारों / अलंकरणों से पुरस्कृत / अलंकृत हैं।  आप सर्वोत्कृट साहित्यकार ही नहीं अपितु निःस्वार्थ समाजसेवी भी हैं। आज से आप प्रति शुक्रवार साहित्यिक स्तम्भ – किसलय की कलम से आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका मानवीय दृष्टिकोण पर आधारित एक सकारात्मक आलेख  ‘काश! ये हो पाता…।)

☆ किसलय की कलम से # 5 ☆

☆ काश! ये हो पाता…☆

भारतीय संस्कृति, हिन्दुधर्म, सनातन परम्पराओं तथा रिश्तों की प्रगाढ़ता से तो विदेशी भी अभिभूत रहते हैं परन्तु जमीनी हकीकत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नजदीकी भ्रमण से ही पता चलती है। हम अपने मियाँ मुँह मिट्ठू सदा से बनते आये हैं। अपनी तारीफों के पुल बाँधते लोग कहीं भी दिख जायेंगे। वैसे तो देश के मंत्री-संतरियों से लेकर आम आदमी तक विदेशों तक में अपना लोहा मनवाने और अपना झंडा गाड़ने का सामथ्र्य रखता है। अपने दृष्टिकोण और अपनी हर अच्छी-बुरी बात को सही मनवाना अपने बाँये हाथ का खेल समझता है। ऐसा ही एक वाक्या विगत दिनों मेरे साथ हुआ जब एक सज्जन ने अपने इस शहर की सड़कों, स्ट्रीट लाईट्स, सरकारी नलों, ट्रैफिक पुलिस और साहित्यकारों की विचित्र स्थितियों पर हमसे लम्बी चर्चा की। कई विषयों पर उन्होंने मुझे विस्तार पूर्वक समझाने की कोशिश की पर मेरी समझ के परे ही रहा।  उनका कहना था कि जबलपुर की सड़कों के गड्ढों से लोग परेशान कम लाभान्वित ज्यादा हो रहे हैं। मैंने जब बड़े विस्मयभाव से पूछा कि कैसे, तो उन्होंने बताना शुरू किया कि गड्ढों भरी सड़क पर चलते समय कूद-कूदकर गड्ढे पार करने और संतुलन बनाए रखने से लोगों की एक्सरसाइज होती है, जिससे मॉर्निंग अथवा ईव्हनिंग वाक पर जाने की जरूरत नहीं पड़ती, इस बचे हुए समय का उपयोग ये लोग बड़ी सिद्दत से किसी दूसरे महत्त्वपूर्ण कार्यों में कर लेते हैं। इन सड़कों पर जब वाहनों का उपयोग किया जाता है तो गड्ढों द्वारा उत्पन्न हिचकोलों से लोगों का पाचन संस्थान और एक्टिव हो जाता है। भोजन को पचाने के लिए अलग से कोई डाईजिन टेबलेट्स या अन्य पाचक चूर्ण नहीं खाना पड़ता। इन गड्ढों के कारण लोगों के वाहन तेज रफ्तार से नहीं भाग पाते जिससे एक्सीडेंट के खतरे की गुंजाईश लगभग समाप्त हो जाती है। आप मानें या न मानें, ये गड्ढे स्पीड ब्रेकर का भी काम करते हैं, जिससे स्पीड ब्रेकर बनाने में खर्च होने वाले सरकारी पैसे तथा समय दोनों की बर्बादी रुकती है। ऐसे में आपके दिमाग में ये जरूर आया होगा कि जब तेज रफ्तार नहीं तो ट्रैफिक पुलिस की क्या आवश्यकता है। तब उनका मानना था कि यदि फायदे न होते तो ट्रैफिक पुलिस का गठन ही क्यों किया जाता? वैसे भी बिना गड्ढों वाली सड़कों पर ये पुलिस वाले ट्रैफिक व्यवस्था देखते ही कब हैं। हमने तो इन्हें बगुलों की तरह शिकार पर पैनी नजर रखते देखा है अथवा चंद पैसों के लिए लार बहाते देखा है। कतिपय पुलिस वाले एनकेनप्रकारेण चालान काटने का डर दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठ लेते हैं और उन पैसों से अपनी जरूरतें तथा शौक पूरे करते हैं। होटलों तथा बार में लंच, डिनर, पीना-खाना इनके प्रिय शगल होते हैं। इससे एक ओर इनको होटल का लजीज खाना मिल जाता है वहीं घर में उनकी बीवियों को भी खाना न बनाने की वजह से आराम मिल जाता है। फिर यदि  सड़कों की मरम्मत हेतु जनता परेशान होकर गुहार लगाती है तो नगर निगम सड़कों के गड्ढे भरने के लिए ठेका दे देता है। ठेका में कमीशन बाजी होती है। जब कमीशन बाजी होगी तो गुणवत्ता निश्चित रूप से कम होगी ही। जहाँ गिट्टी-डामर या सीमेंट-रेत-गिट्टी लगाना चाहिए वहाँ आसपास का मलमा, मिट्टी और राखड़ वगैरह डालकर गड्ढे भर दिए जाते हैं। लोगों और संबंधित अधिकारियों की आँखों में धूल झोंकने के लिए ज्यादा हुआ तो मलमा और ईंटों के टुकड़ों से भरी गई सड़कों पर काली डस्ट डाल दी जाती है, जिससे यह समझ में नहीं आता कि इनमें केवल खानापूर्ति की गई है।

अब स्ट्रीट लाइट की बात करें तो स्ट्रीट लाइट से दबंग लोगों के घरों के सामने लगे सोडियम लेम्प, मरकरी लेम्प, हाई मॉस लाइट उनकी बिल्डिंगों को जगमगाते हैं। अपने जगमग घरों को देखकर ये लोग फूले नहीं समाते, वहीं आम लोगों की भी समझ में आता रहता है कि ये धन्नासेठों-राजनेताओं के मकान हैं। इससे यह भी होता है कि इन बिल्डिंग वालों को बाहर अतिरिक्त कोई लाईट नहीं जलाना पड़ती। कारपोरेशन का प्रकाश आँगन, लॉन या टेरिस पर आने-जाने, उठने-बैठने या मौज-मस्ती हेतु पर्याप्त होता है। स्ट्रीट लाईट वाले अक्सर लाईट बुझाना भूल जाते हैं, इससे फायदा ये होता है कि ये लाइटें उल्टे दिन में सूर्य को प्रकाशित करती रहती हैं। वहीं शाम को कर्मचारी द्वारा लाईट जलाने की जहमत नहीं उठाना पड़ती, इससे मानो कुछ कर्मचारियों की अघोषित छुट्टी हो जाती है और ये अपने दूसरे काम निपटा लेते हैं। लाईटें खराब न होने पर भी उन्हें बदलने के बहाने कीमती लाईट से संबंधित सामान इश्यू करा लिए जाता है, जिसे बेचकर कर्मचारी कुछ अतिरिक्त पैसे कमा लेते हैं। इससे उनके कई छोटे-मोटे सपने भी पूरे होते रहते हैं। मैंने सोचा इसमें भी क्या बुरा है, देश का पैसा देश में तो रहता है। लोग तो विदेशी स्विस बैंक में पैसे जमा करते हैं, जो उनके अलावा दूसरे के काम आता ही नहीं है। शिकायतें करने का दायित्व पब्लिक हमेशा की तरह एक-दूसरे पर छोड़ती है, जिससे कार्यवाही के अभाव में कर्मचारियों पर अंकुश नहीं लग पाता और सब यूँ ही चलता रहता है।

यही हाल सरकारी नलों एवं निगम के टैंकरों के होते हैं। इसी तरह की छोटी-छोटी छूटों या खामियों का फायदा उठाने में कुछ विशेष किस्म के माहिर लोग होते हैं। ये लाईट न होने या फाल्ट सुधारने के नाम पर नल-जल की सप्लाई बंद करवा देते हैं जिससे पानी के टैंकरों की बिक्री बढ़ जाती है। वाटर सप्लायर्स भी खुश हो जाते हैं। वहीं पत्नीव्रता पतियों की सारे घर के कपड़े धोने की छुट्टी स्वतंत्रता दिवस के रूप में बदल जाती है। शहर के अधिकांश नलों की टोंटियाँ लोगों के घरों में देखी जा सकती हैं। बूँद-बूँद पानी का महत्त्व समझने वाले बड़े शहरों के लोगों को ये सब देखकर आश्चर्य होता है। उन्हें हमारी खुशकिस्मती पर ईष्र्या होने लगती है, पर हमारे नगर निगम का तजुर्बा है कि बिना टोंटी के नलों से बहने वाला पानी वातावरण को शीतलता प्रदान करता है और पानी द्वारा उत्पन्न लहलहाती हरियाली से शहर की सुंदरता में चार चाँद लगते हैं। कहीं कहीं यह पानी छोटी-छोटी झीलों का रूप धारण कर लेता है जहाँ लोग श्वेत बगुलों को तैरते देख आनन्दानुभूति प्राप्त कर सकते हैं।

हमारे एक दोस्त का कहना है कि जो आदमी अपनी बुद्धि का जितना उपयोग करता है उसकी जेब उतनी ज्यादा गर्म रहती है। पर मेरा मानना है कि बुद्धि के सदुपयोग से ज्यादा बुद्धि के दुरुपयोग से जल्दी और ज्यादा पैसा कमाया जा सकता है परन्तु यह काम सोने पर सुहागा तब हो जाता है जब इन परम बुद्धिमानों का जेल गमन होता है। वहाँ तो खाना-पीना और पैर पसार कर सोना सब मुफ्त उपलब्ध होने लगता है, समाचार पत्रों और मीडिया की हेड लाइन बनना उनके लिए आम बातें हो जाती हैं।

आगे साहित्यकारों के बारे में उन्होंने बताया कि आज के साहित्यकारों द्वारा दूसरों की रचनाएँ पढ़ने का शौक ही खत्म हो गया है। ये तो बस अपनी सुनाना चाहते हैं, जिससे आत्मावलोकन या स्वमूल्यांकन के अवसर ही नहीं आ पाते। इसीलिए किसी दूसरे की नई या पुरानी रचना को देखकर, उसमें कुछ फेरबदल कर या पात्र बदलकर कम मेहनत में रचना तैयार कर ली जाती है, जो कुछ साहित्यकारों के बीच अपनी धाक जमाने में काम आती है। ऐसे लोग भाषा के जानकार तो होने के साथ साथ अपने नकल-कौशल से अपना लोहा मनवाने का भी हुनर रखते हैं। इनसे पूछने पर इनका सीधा जवाब होता है कि रचना तो ऊपर से उतरती है, हम तो बस अपनी कलम चलाते हैं। परोक्ष रूप में उनके श्रीमुख से सच ही निकल जाता है कि वे बस अपनी कलम चलाते हैं। विचार तो पके-पकाये मिल ही जाते हैं। रात के 2,00 – 3,00 बजे तक जागने की बजाए दूसरों का, दूसरे देशों का साहित्य चुराकर अपना सीना ठोकते हुए ऐसे लोग अपने नाम से उस रचना को सुनाना ज्यादा आसान मानते हैं। पकड़े जाने पर उल्टा चोर कोतवाल को डाँटे वाली कहावत सार्थक कर देते हैं। अक्सर इन सबका एक ही कहना रहता है कि मैंने नहीं उनने मेरी रचना चुराई है। ऐसे शब्दों के हेरफेर करने वाले लोग आज बहुतायत में देखे जा सकते हैं। आजकल यह भी देखा गया है कि लोग अपना बेशकीमती समय खपाकर जब एक रचना का सृजन करते हैं तो उसका प्रतिफल उन्हें न के बराबर मिलता है, लेकिन एक या दो रचना लेकर पूरा इंडिया घूमने वाले कवि, चुटकुलेबाज अनेक मिल जाएँगे। इतना सब कुछ करने और चिंतन-मनन के बाद अब हमारी भी तीव्र इच्छा होने लगी है कि ऐसी मेहनत किस काम की जो दो पैसे भी न दिला सके। इससे अच्छा तो आज मंच से तथाकथित नामी-गिरामी चुटकुलेबाज, कवि एक-दो मुक्तक की आड़ में 25-50 चुटकुले सुनाकर रुपये कमा लेते हैं, वाहवाही लूटते रहते हैं। हम ऐसे श्रोताओं को अतिरिक्त धन्यवाद देना चाहेंगे जो इन तथाकथित प्रसिद्धिप्राप्त चुटकुलेबाजों की आय के साधन हैं। लेकिन हमें तरस आता है अपने उन उत्तम और सच्चे साहित्यकारांें पर जो धन के महत्त्व को समझते हुए भी उनकी लाईन में जाना पसंद नहीं करते! और देखिए, जनता आखिरी तक इंतजार करती रह जाती है कि शायद अब एक आदर्श रचना उनसे सुनने मिलेगी मगर चुटकुलेबाज कभी अपने घटियापन से बाज नहीं आते। वे निम्न स्तरीय बातों या नेताओं पर बनाये चुटकुलों की झड़ी लगा देंगे लेकिन उस कवि सम्मेलन के नाम की सार्थकता एक दिशाबोधी कविता सुनाकर सिद्ध नहीं करेंगे। अरे भाई वे तो बस फिल्मी धुनों पर पैरोडी सुनाते हैं और जनता को चुटकुले सुना-सुनाकर बहलाते रहते हैं।

तथाकथित सज्जन की बातों से मेरा सिर चकराने लगा था। उनकी बातों में कुछ बात तो थी। मैंने उनसे कहा बस भी करो भाई। मुझे और भी काम हैं, इतना कहते हुए तेजी से उन्हें वहीं छोड़कर भाग निकला परंतु उनकी उल्टी बातें मुझे सीधा सोचने पर मजबूर कर रहीं थी। काश! एक बार फिर हमारे साहित्यकार बंधु अपने दायित्व को समझते। बिजली वाले, नगर निगम वाले या और सभी सरकारी कर्मचारी- अधिकारी अपना फर्ज निभाते तो समाज और देश की आधी से ज्यादा समस्याएँ वैसे ही समाप्त हो जातीं और सामान्य जनता राहत की साँस लेती। काश! ये हो पाता…, यही सोचता हुआ मैं अपने घर की ओर भाग रहा था।

© डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

पता : ‘विसुलोक‘ 2429, मधुवन कालोनी, उखरी रोड, विवेकानंद वार्ड, जबलपुर – 482002 मध्यप्रदेश, भारत
संपर्क : 9425325353
ईमेल : [email protected]

Please share your Post !

Shares