हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ समय चक्र # 75 ☆ श्रीमद्भगवतगीता दोहाभिव्यक्ति – चतुर्दश अध्याय ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’

डॉ राकेश ‘ चक्र

(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी  की अब तक शताधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।  जिनमें 70 के आसपास बाल साहित्य की पुस्तकें हैं। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों  से  सम्मानित/अलंकृत।  इनमें प्रमुख हैं ‘बाल साहित्य श्री सम्मान 2018′ (भारत सरकार के दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी बोर्ड, संस्कृति मंत्रालय द्वारा  डेढ़ लाख के पुरस्कार सहित ) एवं उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा ‘अमृतलाल नागर बालकथा सम्मान 2019’। आप  “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से  उनका साहित्य आत्मसात कर सकेंगे । 

आज से हम प्रत्येक गुरवार को साप्ताहिक स्तम्भ के अंतर्गत डॉ राकेश चक्र जी द्वारा रचित श्रीमद्भगवतगीता दोहाभिव्यक्ति साभार प्रस्तुत कर रहे हैं। कृपया आत्मसात करें । आज प्रस्तुत है  चतुर्दश अध्याय

पुस्तक इस फ्लिपकार्ट लिंक पर उपलब्ध है =>> श्रीमद्भगवतगीता दोहाभिव्यक्ति 

 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र – # 75 ☆

☆ श्रीमद्भगवतगीता दोहाभिव्यक्ति – चतुर्दश अध्याय ☆ 

स्नेही मित्रो सम्पूर्ण श्रीमद्भागवत गीता का अनुवाद मेरे द्वारा श्रीकृष्ण कृपा से दोहों में किया गया है। पुस्तक भी प्रकाशित हो गई है। आज आप पढ़िए चौदहवाँ अध्याय। आनन्द उठाइए। ??

– डॉ राकेश चक्र 

प्रकृति के तीन गुण

श्रीभगवान ने इस अध्याय में मानव जीवन के लिए सर्वश्रेष्ठ ज्ञान एवं प्रकृति तीन गुणों के बारे में समझाया है—

 

सर्वश्रेष्ठ सब ज्ञान में , कहूँ प्रिय यह ज्ञान।

सिद्धि प्राप्त कर मुनीगण, पाए मोक्ष महान।। 1

 

दिव्य प्रकृति पाएँ मनुज, सुस्थिर होकर ज्ञान।

सृष्टि-प्रलय से छूटता, हो शाश्वत कल्यान।। 2

 

सकल भौतिकी वस्तुएँ, मूल ब्रह्म का स्रोत।

ब्रह्म करूँ गर्भस्थ में, व्यत्पत्ति का पोत।। 3

 

बीज प्रदाता पिता हूँ, जीव योनियाँ सार।

सम्भव भौतिक प्रकृति से, नवजीवन उपहार।। 4

 

तीन गुणों की प्रकृति है,सतो-रजो-तम सार।

जीव बँधा माया तले, ढोता जीवन भार।। 5

 

सतगुण दिव्य प्रकाश है, करे पाप से मुक्त।

ज्ञान, सुखों से बद्ध हो, रहे शांत संतृप्त।। 6

 

आकांक्षा, तृष्णा भरें, रजोगुणी उत्पत्ति।

बँधता माया मोह से, मन करता आसक्ति।। 7

 

तमोगुणी अज्ञान में, करता आलस मोह।

रहे प्रमादी नींद में, कर जीवन से द्रोह।। 8

 

सतोगुणी सुख से बँधें, रजगुण कर्म सकाम।

तमगुण ढकता ज्ञान को, करें विवादी काम।। 9

 

कभी सतोगुण जीतता, रज-तम हुआ परास्त।

विजित रजोगुण हो कभी, सत-तम होत परास्त।। 10

कभी तमोगुण जीतता, सत-रज हो परास्त।

चले निरन्तर स्पर्धा, श्रेष्ठ होयँ अपदास्थ।। 10

 

सतगुण की अभिव्यक्ति का, तब ही अनुभव होय।

तन के द्वारों में सभी, जले प्रकाशी लोय।। 11

 

रजगुण की जब वृद्धि हो, अति की हो आसक्ति।

बढ़ें अपेक्षा , लालसा, सकाम कर्म अनुरक्ति।। 12

 

तमगुण में जब वृद्धि हो, बढ़ जाए तम- मोह।

जड़ता, प्रमता घेरती, विरथा जीवन खोह।। 13

 

सतोगुणी जब मन रहे, आए अंतिम श्वास।

चले लोक सर्वोच्च में, हों महर्षि भी पास।। 14

 

रजोगुणी जब मन रहे, आए अंतिम श्वास।

गृहस्थ घरों में जन्म लें, जाते परिजन पास।। 15

तमोगुणी जब मन रहे, आए अंतिम श्वास।

पशुयोनी में जन्म लें, सहे आयु भर त्रास।। 15

 

पुण्य कर्म का फल सदा, होता सात्विक मित्र।

रजोगुणी के कर्म तो, देते दुख के चित्र।। 16

तमोगुणी के कर्म तो, हों मूर्खतापूर्ण।

प्रतिफल मिलता शीघ्र ही, गर्व होयँ सब चूर्ण।। 16

 

असल ज्ञान उत्पन्न हो, सतोगुणों से मित्र।

देय रजोगुण लोभ को, तामस गुणी  चरित्र।। 17

 

सतोगुणी हर दशा में, जाते उच्चों लोक।

रजोगुणी भूलोक में, तमोगुणी यमलोक।। 18

 

हैं प्रकृति के तीन गुण, जानें जगे विवेक।

कर्ता कोई है नहीं, ईश दिव्य आलोक।। 19

 

तीन गुणों को लाँघता, वही बने नर श्रेष्ठ।

जन्म, मृत्यु छूटे जरा, जीवन बनता श्रेष्ठ।। 20

 

अर्जुन ने कहा——

 

तीन गुणों से जो परे, क्या वह लक्षण होय।

सुह्रद शील-व्यवहार हो, लाँघे तीनों जोय।। 21

 

श्रीभगवान ने कहा—–

 

तीन गुणों से जो परे, करता सबसे प्यार।

मोह और आसक्ति का, नहीं हो सके वार।। 22

 

सुख-दुख में वह सम रहे, करे न इच्छा कोय।

निश्चल, अविचल भाव रख, कभी न रोना रोय।। 23

 

भेदभाव रखता नहीं, रहता दिव्य विरक्त।

स्थित रहता स्वयं मैं, सदा रहे वह तृप्त।। 24

 

मान और अपमान में, रहे सदा वह एक।

सदा रहे प्रभु भक्ति में, करे कार्य सब नेक।। 25

 

सकल हाल में धैर्य रख, करता पूरी भक्ति।

तीनों गुण वह लाँघता, बने ब्रह्म अनुरक्त।। 26

 

आश्रय कर लो ब्रह्म पर, निराकार जग सार।

अविनाशी सच्चा प्रभो, देता चिर सुख- प्यार।। 27

 

इति श्रीमद्भगवतगीतारूपी उपनिषद एवं ब्रह्मविद्या तथा योगशास्त्र विषयक भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन संवाद में ” प्रकृति के तीन गुण ब्रह्मयोग ” चौदहवाँ अध्याय समाप्त।

© डॉ राकेश चक्र

(एमडी,एक्यूप्रेशर एवं योग विशेषज्ञ)

90 बी, शिवपुरी, मुरादाबाद 244001 उ.प्र.  मो.  9456201857

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ “श्री रघुवंशम्” ॥ हिन्दी पद्यानुवाद सर्ग # 3 (26-30)॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

॥ श्री रघुवंशम् ॥

॥ महाकवि कालिदास कृत श्री रघुवंशम् महाकाव्य का हिंदी पद्यानुवाद : द्वारा प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

☆ “श्री रघुवंशम्” ॥ हिन्दी पद्यानुवाद सर्ग #3 (26-30) ॥ ☆

 

ले पुत्र को गोद पा स्पर्श सुख नव, लगी कि अमृत सिंची हो छाया

आनंद में डूब नयन को कर बंद, दिलीप फूला नही समाया ॥ 26॥

 

सुपुत्र रघु से स्ववंश की कीर्ति को नृप ने त्योंही सुरक्ष्य मानी

कि जैसे ब्रह्या ने विष्णु के रूपों के हाथ पृथ्वी है रक्ष्य जानी ॥ 27॥

 

चूड़ाकरण बाद समान वय के अमात्य पुत्रों के साथ पढ़ते

क्रमेश सरिता सरणि से आगे दिखे महोदधि दिशा पकड़ते ॥ 28॥

 

विभिन्न शास्त्रों कों सीख गुरूओं से उसने सब में कुशलता पाई

सुपात्र पा ही सफल हुआ धरती है कभी भी कोई पढ़ाई ॥ 29॥

 

प्रबुद्ध रघु ने स्व बुद्धि – गुण से ग्रहण की जल्दी चतस्र विद्या

उसी तरह जैसे सूर्य अश्वों के बल लांघते दिन में ही चतुर्दिशा ॥ 30॥

 

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’   

A १, विद्युत मण्डल कालोनी, रामपुर, जबलपुर. म.प्र. भारत पिन ४८२००८

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ साप्ताहिक स्तम्भ – मृग तृष्णा # 49 ☆ आसूं छलकने का इंतजार ☆ श्री प्रह्लाद नारायण माथुर

श्री प्रहलाद नारायण माथुर

(श्री प्रह्लाद नारायण माथुर जी अजमेर राजस्थान के निवासी हैं तथा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी से उप प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। आपकी दो पुस्तकें  सफर रिश्तों का तथा  मृग तृष्णा  काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुकी हैं तथा दो पुस्तकें शीघ्र प्रकाश्य । आज से प्रस्तुत है आपका साप्ताहिक स्तम्भ – मृग तृष्णा  जिसे आप प्रति बुधवार आत्मसात कर सकेंगे। इस कड़ी में आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता ‘आसूं छलकने का इंतजार। ) 

 

Amazon India(paperback and Kindle) Link: >>>  मृग  तृष्णा  

 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – मृग तृष्णा # 49 ☆

☆ आसूं छलकने का इंतजार

जीवन भर दूसरों में गलतियां ढूंढता रहा,

गलतियों में रिश्तों को धुंधला होते देखता रहा ||

जिंदगी रोजाना घटती गयी,

मगर मन हठीला था सब चुपचाप देखता रहा ||

जो गलतियां दूसरों में देखीं,

उनसे ज्यादा खुद में पायी मगर दिल नजरअंदाज करता रहा||

कुछ वो गलत तो कुछ मैं गलत था,

फिर भी अपनी गलतियों को सबसे छुपाता रहा ||

जानता हूँ आपस में प्यार बहुत है,

मगर मजबूरी की जंजीर टूटने का इंतजार करता रहा ||

अफसोस कोई बर्फ नहीं पिघली,

इधर मैं तो उधर वो आसूं छलकने का इंतजार करते रहे ||

पश्चाताप की आग में सब जलते रहे,

मगर आंसू बहाने को मौत तक इंतजार करते रहे ||

© प्रह्लाद नारायण माथुर 

8949706002
≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ “श्री रघुवंशम्” ॥ हिन्दी पद्यानुवाद सर्ग # 3 (21-25)॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

॥ श्री रघुवंशम् ॥

॥ महाकवि कालिदास कृत श्री रघुवंशम् महाकाव्य का हिंदी पद्यानुवाद : द्वारा प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

☆ “श्री रघुवंशम्” ॥ हिन्दी पद्यानुवाद सर्ग #3 (21-25) ॥ ☆

 

अध्ययन में शास्त्रों औं रण में अरि को पछाड़ देने को ध्यान में रख

विचार शब्दार्थ अबाध गति का ‘रघु ‘ नाम उसका रखा या सार्थक ॥ 21॥

 

सभी गुणों युक्त पिता से पोषित हुआ सुविकसित सुपुष्ट नित वह

उसी तरह जैसे रविकिरण का विधसता जाता है चंद्र रह रह ॥ 22॥

 

ज्यों पार्वती – शिव ने कार्तिकेय श्शची – सुरेश्वर ने पा जयन्त

त्योंही सुदक्षिणा – दिलीप ‘रघु’ पा, प्रसन्नता पा गये अनन्त ॥ 23॥

 

पा पुत्र रघु सा उस दम्पती का चकोर सा प्रेम घटा न कुछ भी

विरूद्ध घटने के, पुत्र को पा, अतीत का प्रेम दिखा बढ़ा ही ॥ 24॥

 

सुन धाय माँ से मधुर – वचन रघु जब तोतलाता था कुछ नकल में

पकड़ के ऊँगली उठाता डग था, सभी को हर्षाता था महल में ॥ 25॥

 

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’   

A १, विद्युत मण्डल कालोनी, रामपुर, जबलपुर. म.प्र. भारत पिन ४८२००८

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी का काव्य संसार # 87 ☆ जब मैं हताश होती हूँ ☆ सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा

सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा

(सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी सुप्रसिद्ध हिन्दी एवं अङ्ग्रेज़ी की  साहित्यकार हैं। आप अंतरराष्ट्रीय / राष्ट्रीय /प्रादेशिक स्तर  के कई पुरस्कारों /अलंकरणों से पुरस्कृत /अलंकृत हैं । सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी का काव्य संसार शीर्षक से प्रत्येक मंगलवार को हम उनकी एक कविता आपसे साझा करने का प्रयास करेंगे। आप वर्तमान में एडिशनल डिविजनल रेलवे मैनेजर, पुणे हैं। आपका कार्यालय, जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है।आपकी प्रिय विधा कवितायें हैं। आज प्रस्तुत है  आपकी एक भावप्रवण कविता “जब मैं हताश होती हूँ। )

आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी के यूट्यूब चैनल पर उनकी रचनाओं के संसार से रूबरू हो सकते हैं –

यूट्यूब लिंक >>>>   Neelam Saxena Chandra

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सुश्री नीलम सक्सेना चंद्रा जी का काव्य संसार # 87 ☆

☆ जब मैं हताश होती हूँ ☆

आज जब सैर करने को अपने बाग़ में निकली

तो दिखाई दिया एक मधुमक्खी का छत्ता

जो कि पड़ा था अकेला, टूटा, हताश, बेबस और उदास…

कहाँ चली गयी थीं सारी मधुमक्खियाँ?

 

कहाँ जा रहे हैं यह सारे इंसान?

 

दिल्ली से एक दोस्त के मरने की खबर आयी है…

उधर छत्तीसगढ़ से एक और दोस्त जा चुका है…

दो प्रयागराज में, एक तेलंगाना में…

क्यों अचानक चले जा रहे हैं सब?

 

क्या होगा उस छत्तीस साल के युवक का

जिसकी पत्नी नौकरी भी नहीं करती थी

और जिसके बच्चे अभी बहुत छोटे हैं?

क्या होगा उस पैंतीस साल की युवती का

जिसके तीन छोटे बच्चे रो-रो कर बिलख रहे हैं?

 

यूँ तो मैं टेलीविज़न बरसों से नहीं देखती…

पर यह सारे दृश्य मन के पटल पर

चले ही जा रहे हैं…

यूँ लग रहा है जैसे शज़र पर से सारी पत्तियाँ

बिना पीले हुए ही गिर जायेंगी!

कल कहा था मैंने कि मैं शमां बनकर राह दिखाऊँगी…

क्या राह दिखाऊँ?

कैसे आस बाँधूँ किसी की?

 

मैं भी गिर जाती हूँ औंधी होकर अपने बिस्तर पर

अकेली, टूटी, हताश, बेबस और उदास…

 

© नीलम सक्सेना चंद्रा

आपकी सभी रचनाएँ सर्वाधिकार सुरक्षित हैं एवं बिनाअनुमति  के किसी भी माध्यम में प्रकाशन वर्जित है।

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ “श्री रघुवंशम्” ॥ हिन्दी पद्यानुवाद सर्ग # 3 (16-20)॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

॥ श्री रघुवंशम् ॥

॥ महाकवि कालिदास कृत श्री रघुवंशम् महाकाव्य का हिंदी पद्यानुवाद : द्वारा प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

☆ “श्री रघुवंशम्” ॥ हिन्दी पद्यानुवाद सर्ग #3 (16-20) ॥ ☆

 

सुना जो – रानी ने पुत्र जाया, दिलीप का हर्ष सँभल न पाया

तो छत्र – चवरों को छोड़ उसने दिया सभी कुछ जो हाथ आया ॥ 16॥

ज्यों चंद्र को देख महोदधि की तरंगो का अति कठिन है लेखा

उसी तरह एक एक हर्ष से भर दिलीप ने पुत्र के मुख को देखा ॥ 17॥

आधे तपोवन से तब राजगुरू ने शिशु – जन्म – संस्कार सभी कराये

जिससे खनिज रत्न सम पा नवलरूप बालक ने नव प्रभा संस्कार पाये ॥ 18॥

सुखदायी शहनाई प्रमोद नृत्यों की ध्वनि न गूंजी महल में केवल

वरन वही देवता लोक में भी जहाँ पै बसतें हैं देवता – दल ॥ 19॥

था नियत शासन न कैद था कोई जो इस सुअवसर में मुक्ति पाता

स्वयं ही राजा पिता के ऋण से हा मुक्त मंगल रहा मनाता ॥ 20॥

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’   

A १, विद्युत मण्डल कालोनी, रामपुर, जबलपुर. म.प्र. भारत पिन ४८२००८

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ लेखनी सुमित्र की#54 – दोहे – ☆ डॉ राजकुमार तिवारी “सुमित्र”

डॉ राजकुमार तिवारी ‘सुमित्र’

(संस्कारधानी  जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर डॉ राजकुमार “सुमित्र” जी  को सादर चरण स्पर्श । वे आज भी  हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते हैं। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया।  वे निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणा स्त्रोत हैं। आज प्रस्तुत हैं आपके अप्रतिम कालजयी दोहे।)

✍  लेखनी सुमित्र की #54 –  दोहे ✍

सबका मन निर्मल रहे, मन शंका निर्मूल ।

ललित लालसा से परे, रहे विजन के फूल।।

 

देह और मन का मिलन, सिरज रहा संसार।

तन मन का ही समर्पण, कहलाता है प्यार।।

 

दूर-दूर तन से रहो, हो पर मन के पास ।

आती जाती है हवा, देती है एहसास।।

 

भाई चिंता व्याकुल करें, रखे दूर ही दूर ।

अच्छा वैसा करेंगे, जैसे कहे खजूर।।

 

गाल फुलाना, रूठना, सब कुछ आता याद।

दीवारें हैं सामने,  एकाकी संवाद।।

 

© डॉ राजकुमार “सुमित्र”

112 सर्राफा वार्ड, सिटी कोतवाली के पीछे चुन्नीलाल का बाड़ा, जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ अभिनव गीत # 53 – कितने दिन बाकी है …☆ श्री राघवेंद्र तिवारी

श्री राघवेंद्र तिवारी

(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी  हिन्दी, दूर शिक्षा ,पत्रकारिता व जनसंचार,  मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित । 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘​जहाँ दरक कर गिरा समय भी​’​ ( 2014​)​ कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। ​आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है।  आज पस्तुत है आपका अभिनव गीत “बहुत दिनों तक …। )

☆ साप्ताहिक स्तम्भ # 53 ☆।। अभिनव गीत ।।

☆ कितने दिन बाकी है …  ☆

सुनो !  कितना मीठा,

हो तुम्हरी राय में

कहो, शकर उतने

चम्मच डालूँ चाय में

 

कितनी कडुआहटें

घुली हुईं जीवन में

उधड़ गये टाँके सब

बचे छेद सीवन में

 

भोजन नहीं सम्भव

छोटी सी आय में

 

किश्तों में पनपी है

इस घर को बीमारी

मुंहबाये खडी हुई

है सबकी लाचारी

 

कुछ तो हो सम्भव

इस आखिरी उपाय में

 

वक्त जुटा करने

को है अपनी ऐयारी

हंस कर रहा बेशक

उड़ने की तैयारी

 

कितने दिन बाकी है

रहना सराय में

 

©  श्री राघवेन्द्र तिवारी

02-09-2021

संपर्क​ ​: ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047​, ​मोब : 09424482812​

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – संजय दृष्टि – अलार्म ☆ श्री संजय भारद्वाज

श्री संजय भारद्वाज 

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। )

? संजय दृष्टि – अलार्म ?

बतियाने के लिये

अब बचा नहीं

किसीके पास समय,

यूँ ही अकारण

हँसने-हँसाने के लिये

अब बचा नहीं

किसीके पास समय,

बातों में अब

होती है मार्केटिंग,

प्रचार, प्रसार,

विस्तार, व्यापार,

आजीविका के लिये

व्यापार करना

प्राकृतिक धर्म होता है,

पर आदमी का

व्यापारी भर रह जाना

संकट का अलार्म होता है…!

आपका दिन सार्थक बीते। शुभ प्रभात। ?

©  संजय भारद्वाज

प्रात: 9:51 बजे, 10 जुलाई 2021

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी #44 ☆ बोझ ☆ श्री श्याम खापर्डे

श्री श्याम खापर्डे 

(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण कविता “# बोझ #”) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 44 ☆

☆ # बोझ # ☆ 

हमारा जगतू

जब रिटायर हुआ

विदाई समारोह ने

सबके मन को छूआ

गले में फूलों की माला

ओढ़ा हुआ कीमती दुशाला

परिवार के लिए

डिब्बा भर मिठाई

सहकर्मियों द्वारा

बधाई हो बधाई

इतना स्नेह, प्यार, अपनापन,

सम्मान देखें

उसे तो जमाना हुआ

खुशी से डबडबाई

आंखों के साथ

वो अपने घर को

रवाना हुआ

घर के सब लोगों ने

उसका सत्कार किया

पैर छुए

आशिर्वाद लिया

पत्नी ने आस पड़ोस में

बांटी मिठाइयां

सबने दी, पति-पत्नी को

बधाईयां

 

भोजन के पश्चात

जगतू ने परिवार को

रिटायरमेंट के बाद

मिली राशि दिखाई

देखकर सबके चेहरे पर

निराशा छाई

इतनी कम?

क्यों? कैसे?

क्या कोई गड़बड़ है?

या आपका

बाहर कोई चक्कर है?

 

जगतू के ये सुनते ही

उड़ गये होश

अपने ही लगा रहे हैं

उस पर दोष

जगतू ने भारी मन से

मुंह खोला

अंदर से

द्रवित होकर बोला-

इस छोटी सी तनख्वाह में

तुम सबको ख़ुशी ख़ुशी पाला

खुद आधी रोटी खाई

तुम्हें खिलाया पूरा निवाला

पढ़ाया, लिखाया

काबिल बनाया

तीन लड़कियों की

और तुम्हारी शादी की

तुम्हारे एजूकेशन लोन की

किस्तें दी

होम लोन, वाहन लोन

और सभी लोन

चुकता करके आया हूं

बची हुई राशि का चेक

तुम्हारे लिए लाया हूं

फिर भी आप सब नाराज़ है

शायद मेरी

किस्मत ही खराब है

 

सुबह पत्नी ने

अनमने मन से

चाय पिलाई

जैसे रात भर में

वो हो गई हो पराई

बहू-बेटे ने मुंह फेर लिया

जगतू को भविष्य की

चिंताओंने घेर लिया

 

आजकल

जगतू सुबह उठकर

खुद चाय बनाकर पीता है

फिर सुबह-शाम की सैर

दिनभर अपने मर्जी से

जीता है

आज सुबह पार्क के

बेंच पर बैठ कर

एकांत में

कुछ सोच रहा है

माथे पर आये पसीने को

रूमाल से पोंछ रहा है

मै अब घर में अनवांटेड

रोज बन गया हूं

शायद परिवार के लिए

तो अब एक

बोझ बन गया हूं

बोझ बन गया हूं /

 

© श्याम खापर्डे 

फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो  9425592588

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares