श्री जगत सिंह बिष्ट
(Master Teacher: Happiness & Well-Being, Laughter Yoga Master Trainer, Author, Blogger, Educator, and Speaker.)
😂 लाफ्टर योगा – हास्ययोग 🤣☆ श्री जगत सिंह बिष्ट ☆
हर कोई जानता है कि हँसी सबसे अच्छी दवा है, लेकिन हममें से कितने लोग रोज खुलकर हँसते हैं?
हँसी का हमारे स्वास्थ्य, खुशी, और मन की शांति पर गहरा प्रभाव पड़ता है। यह एक तरह की अंदरूनी कसरत है। हँसी हमारे शरीर की ज़्यादातर प्रणालियों को सक्रिय कर देती है। यह शरीर की अशुद्ध हवा को बाहर निकालती है और फेफड़ों को ताज़ी ऑक्सीजन से भर देती है।
खुलकर हँसना एक बेहतरीन व्यायाम है। इससे तनाव के हार्मोन कम होते हैं और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। हँसी से रक्त वाहिनियाँ फैलती हैं, रक्त प्रवाह सुधरता है, और हृदय रोग का ख़तरा कम होता है।
आज हमें ज़्यादा हँसने की ज़रूरत है क्योंकि तनाव और अवसाद सबसे बड़ी बीमारी बन चुके हैं। शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक तनाव को हँसी तत्काल दूर करती है, क्योंकि इससे फील-गुड हार्मोन का उत्पादन होता है। इसलिए यह अवसाद के लिए भी एक प्रभावशाली उपाय है।
लाफ्टर योगा – हास्ययोग – एक अनोखी पद्धति है, जिसमें कोई भी व्यक्ति बिना चुटकुलों, कॉमेडी या हास्य-व्यंग्य के हँस सकता है। बिना किसी कारण, बिना किसी शर्त! सुख में भी और दुख के पलों में भी। हम कुछ सरल एक्सरसाइज़ की मदद से हँसी शुरू करते हैं, जो थोड़ी ही देर में यह बच्चों की तरह मस्ती, नजरों के मिलने, और सामूहिक ऊर्जा से सहज और वास्तविक हँसी में बदल जाती है।
वैज्ञानिक कहते हैं कि शरीर असली और नकली हँसी में फर्क नहीं करता — दोनों के लाभ एक जैसे होते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि सत्र में होने वाली हँसी नकली है; बल्कि यह अक्सर रोज़मर्रा की हँसी से ज़्यादा गहरी और सुकून देने वाली होती है।
लाफ्टर योगा में हँसी के अभ्यासों के साथ सांसों के अभ्यास और योग का मेल होता है। इसकी शुरुआत मुंबई के एक चिकित्सक डॉ. मदन कटारिया ने की थी। 13 मार्च 1995 को पहले सत्र में केवल पाँच लोग सम्मिलित थे, लेकिन आज यह सौ से अधिक देशों में किया जाता है।
हम लाफ्टर योगा क्यों करें?
इसके तीन प्रमुख कारण हैं:
पहला — हँसी का स्वास्थ्य लाभ पाने के लिए रोज़ कम से कम दस–पंद्रह मिनट लगातार हँसना ज़रूरी है।
दूसरा — हँसी गहरी और पेट से उठने वाली होनी चाहिए।
तीसरा — हँसी को कभी-कभार या विशेष अवसर के लिए नहीं छोड़ देना चाहिए; इसका अभ्यास नियमित रूप से करना चाहिए, ताकि इसके स्वास्थ्य लाभ मिल सकें।
लाफ्टर योगा के फायदे अनेक एवं अद्भुत हैं। यह एक मज़बूत कार्डियो वर्कआउट है। दस मिनट की गहरी हँसी, तीस मिनट रोइंग मशीन चलाने के बराबर है। हँसी से एंडोर्फिन बनते हैं — वही हार्मोन जो आपको पूरे दिन खुश और ऊर्जावान रखते हैं। शरीर को भरपूर ऑक्सीजन मिलती है, जिससे प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। हँसी तनाव को तत्काल दूर करने का सबसे अच्छा तरीका है।
लाफ्टर सत्र साधारणतः चार चरणों में होता है।
सबसे पहले ताली बजाना, फिर गहरी सांस का अभ्यास, उसके बाद बच्चों जैसी मस्ती। तत्पश्चात, कुछ लाफ्टर एक्सरसाइज़ करते हैं।
सत्र का समापन, लाफ्टर मेडिटेशन से हो तो उत्तम। इसमें हँसी का निर्बाध प्रवाह होता है। यह एक दिव्य अनुभव है — शुद्ध और निर्मल आनंद। मन पूर्णिमा के चाँद की तरह शांत और उज्ज्वल हो जाता है।
सत्र का समापन उत्तम स्वास्थ्य, चारों दिशाओं में आनंद, और विश्व-शांति की प्रार्थना के साथ होता है।
जब हम हास्ययोग की यात्रा शुरू करते हैं, तो हमारा ध्यान अपने स्वास्थ्य और खुशियों पर होता है।
लेकिन धीरे-धीरे भीतरी बदलाव आने लगते हैं — दूसरों के प्रति गर्मजोशी, दया, करुणा, और अपने अंदर आशावाद और सकारात्मकता बढ़ने लगती है। हम ज़्यादा स्नेहमय, मददगार, और मेलजोल वाले बन जाते हैं।
निर्मल हंसी से जनित आत्मिक शक्ति हमारे जीवन को पूर्णतः बदल देती है!
😅😂🤣
#laughteryoga #हास्ययोग
© जगत सिंह बिष्ट
लाफ्टर योगा मास्टर ट्रेनर
A Pathway to Authentic Happiness, Well-Being & A Fulfilling Life! We teach skills to lead a healthy, happy and meaningful life.
Please feel free to call/WhatsApp us at +917389938255 or email lifeskills.happiness@gmail.com if you wish to attend our program or would like to arrange one at your end.
≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’≈




