श्री सुरेश पटवा

(श्री सुरेश पटवा जी  भारतीय स्टेट बैंक से  सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों  स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की  (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं  तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व  प्रतिसाद मिला है। अब आप प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकते हैं यात्रा संस्मरण – सगरमाथा से समुन्दर।)

? यात्रा संस्मरण – सगरमाथा से समुन्दर – समुंदर की बीच क़िला – सिद्दी जज़ीरा मुरूद – भाग- ५१ ☆ श्री सुरेश पटवा ?

  1. समुंदर की बीच क़िला – सिद्दी जज़ीरा मुरूद

ये तो आप मानते ही होंगे की भारत में प्राचीन रहस्यमयी जगहों की कोई कमी नहीं है क्योंकि हमारा इतिहास ही इतना वैविध्यपूर्ण और रहस्यमयी रहा है की जितना जानों उतना कम है। समुंद्र के बीचोबीच रहस्मयी मुरुद-जंजीरा किला 400 सालों से अजेय इतिहास का गवाह है। हम आपको ऐसे ही एक रहस्यमयी जगह ले चलते हैं। एक ऐसा क़िला जिसने कई लड़ाईयां देखी पर फिर भी ये अजेय रहा है।

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुद गांव में स्थित मुरुद-जंजीरा फोर्ट है जो अपनी बनावट के लिए जाना जाता है। चारों तरफ से पानी से घिरे होने की वजह से इसे आईलैंड फोर्ट भी कह सकते है। ये आइलैंड फोर्ट भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया में अपनी बनावट के लिए मशहूर है। यह भारत के पश्चिमी तट का एक मात्र किला हैं, जो कभी भी जीता नहीं जा सका था। स्‍थानीय लोग इसे फ़तह किला कहते हैं, जिसका शाब्दिक अर्थ अजेय होता है। माना जाता है कि यह किला पंच पीर पंजातन शाह बाबा की रूह के संरक्षण में है। शाह बाबा का मकबरा इसी किले में है। यह किला समुद्र तल से 90 फीट ऊंचा है। इसकी नींव समुद्र में 20 फीट गहरी है। इस किले का निर्माण 22 वर्षों में हुआ था। यह किला 22 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें 22 सुरक्षा चौकियां है। ब्रिटिश, पुर्तगाली, शिवाजी, कान्‍होजी आंग्रे, चिम्‍माजी अप्‍पा तथा शंभाजी ने इस किले को जीतने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सफल नहीं हो सका। इस किले में सिद्दि शासकों की कई तोपें अभी भी रखी हुई हैं। जंजीरा किला समुद्र के बीच बना चारों ओर से खारे पानी से घिरा है।

हमें क़िला देखने जाना था परंतु कोई बताने वाला नहीं मिलता था कि ज़ंजीरा कैसे जाएँ। जितने लोग उतनी बातें। कुछ उड़ती-उड़ती बात पता चली। यदि आप जाना चाहते हैं तो गेट वे आफ इंडिया पहुँचें, वहाँ से मंडवा के लिए फ़ेरी टिकट 75 रुपयों में ख़रीदें। फ़ेरी आपको मंडवा उतार देगी। वहाँ से फ़ेरी वालों की बस आपको उसी किराए में अलीबाग़ तक ले जाएगी। अलीबाग़ से 65 किलोमीटर की दूरी पर मरुद गाँव है। अलीबाग़ से मुरुद सरकारी बस से जाया जा सकता है या आप टैक्सी या ऑटो से भी 2000-2500 में जाना-आना कर सकते हैं। आपको यदि रुकना है तो रास्ते में काशिद समुद्री बीच पर होटेल गेस्ट हाउस मिल जाते हैं। अलीबाग़ से स्कूटर या बाइक भी 600 रुपए प्रतिदिन किराए पर मिल जाती हैं। आपके पास ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। काशिद के आगे ख़ोराबंदर गाँव हैं वहाँ से ज़ंजीरा क़िला तक जाने-आने का फेरि शुल्क 40 रुपयों का है। ख़ोराबंदर गाँव पहुँचना होगा।

पता चला कि 40 फीट ऊंची दीवारों से घिरा ये किला अरब सागर में एक आइलैंड पर है। इसका निर्माण अहमदनगर सल्तनत के मलिक अंबर की देखरेख में 15 वीं सदी में हुआ था। 15 वीं सदी में राजापुरी (मुरुद-जंजीरा किले से 4 किमी दूर) के मछुआरों ने खुद को समुद्री लुटेरों से बचाने के लिए एक बड़ी चट्टान पर मेधेकोट नाम का लकड़ी का किला बनाया। इस किले को बनाने के लिए मछुआरों के मुखिया राम पाटिल ने अहमदनगर सल्तनत के निज़ाम शाह से इजाज़त मांगी थी।

बाद में अहमदनगर सल्तनत के थानेदार ने इस किले को खाली करने कहा तो मछुआरों ने विरोध किया। फिर अहमदनगर के सेनापति पीरम खान एक व्यापारी बनकर सैनिकों से भरे तीन जहाज लेकर पहुंचे और किले पर कब्ज़ा कर लिया। पीरम खान के बाद अहमदनगर सल्तनत के नए सेनापति बुरहान खान ने लकड़ी से बने मेधेकोट किले को तुड़वाकर उसकी जगह पत्थरों से किला बनवाया।

इसके नाम में ही इसकी खासियत छिपी है दरअसल जंजीरा अरबी भाषा के ‘जजीरा’ शब्द से बना जिसका अर्थ होता है टापू। यमन और इथियोपिया से अफ़्रीकन हब्सी लोगों ने समुद्री लुटेरों से व्यापारिक जहाज़ों को सुरक्षा देने के लिए एक समुद्री सेना तैयार की थी वे हिंदुस्तान से अरब तुर्की होते हुए यूरोप की समुद्री यात्राओं को शुल्क लेकर सुरक्षा देते थे। उन्होंने मछुआरों से इसे हथिया लिया।  

यह रहस्मयी किला जंजीरा के सिद्धियों की राजधानी हुआ करता था, अंग्रजों और मराठा शासकों ने इस किले को जीतने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपने इस मकसद में कामयाब नहीं हो पाए। इसकी अजेयता का कारण ये भी है की पुराने समय में पानी के रास्ते इस किले तक पहुंचना बेहद मुश्किल काम था और जब कोई सेना इसकी तरफ बढती थी तब किले में मौजूद सेना आराम से दुश्मनों को हरा देती थी। इस किले पर 20 सिद्दीकी शासकों ने राज किया। अंतिम शासक सिद्दीकी मुहम्मद खान था, जिसका शासन खत्म होने के 330 वर्ष बाद 3 अप्रैल 1948 को यह किला भारतीय सीमा में शामिल कर लिया गया।

जब से मराठों का इतिहास पढ़ा था तबसे मुरूड़ का सिद्दी ज़ंजीरा क़िला देखने की बड़ी इच्छा थी। जिसे शिवाजी, बाज़ीराव और अंग्रेज़ नहीं जीत सके थे उसमें कोई ख़ासियत तो होगी। यह क़िला मुंबई से लगभग 200 किलोमीटर की दूरी पर अरब सागर के तट पर स्थित है। दादर से या बांद्रा से पनवेल जाएँ फिर पनवेल से 110 किलोमीटर बस से अलीबाग़ पहुँचें। अलीबाग़ से बाद, टैक्सी या ऑटो द्वारा मुरुड़ और आख़िर में ख़ोराबंदर से कश्ती द्वारा ज़ंजीरा क़िला पहुँचा जा सकता है। यह रास्ता लम्बा और समय खपाउ है अतः हमने गेट वे आफ इंडिया से फ़ेरी द्वारा मंडवा होते हुए मुरुड़ जाने का रास्ता चुना। 

बताया जाता है कि मुरुद-जंजीरा किले का दरवाजा दीवारों की आड़ में बनाया गया है। जो किले से कुछ मीटर नज़दीक पहुँचने पर दीवारों के कारण दिखाई देना बंद हो जाता है। यही वजह रही है कि दुश्मन किले के पास आने के बावजूद चकमा खा जाते हैं और किले में घुस नहीं पाते हैं। अनेक वर्ष बीत जाने के बाद भी तथा चारों ओर खारा अरब सागर होने के बाद भी यह मजबूती से खड़ा है।

जंजीरा किले का परकोटा बहुत ही मजबूत है, जिसमें कुल तीन दरवाजे हैं। दो मुख्य दरवाजे और एक चोर दरवाजा। मुख्य दरवाजों में एक पूर्व में राजापुरी गांव की दिशा में खुलता है, तो दूसरा ठीक विपरीत समुद्र की ओर खुलता है। चारों ओर कुल 19 बुर्ज हैं। प्रत्येक बुर्ज के बीच 90 फुट से अधिक का अंतर है। किले के चारों ओर 500 तोपें रखे जाने का उल्लेख भी कहीं-कहीं मिलता है। इन तोपों में कलाल बांगड़ी, लांडाकासम और चावरी तोपें आज भी देखने को मिलती हैं।

हम मलाड में रुके थे। वहाँ से लोकल ट्रेन द्वारा चर्चगेट पहुँचना है। टिकट ख़रीद कर चर्चगेट तरफ़ जाने वाली ट्रेन के प्लेटफ़ॉर्म पर इंतज़ार करने लगे। दो-तीन लोकल दनदनाते निकल गईं। तब एक लोकल आकर रुकी। भीड़ में चढ़ने की कोशिश की लेकिन जहां खड़े थे, वहीं खड़े रह गए। अगली ट्रेन के इंतज़ार में वहीं खड़े रहे कि अब तो सबसे पहले चढ़ लेंगे। जब अगली ट्रेन आई तो उतरने वाली भीड़ के रेले में हम पीछे खिसक गए और ट्रेन रवाना हो गई। इसके बाद टेकनिक समझ आई कि गेट के सामने न खड़े होकर कोने में रहो और ट्रेन आते ही हैंडल पकड़ कर घुस जाओ। यह तरीक़ा कामयाब रहा। ट्रेन में घुस गए परंतु चारों तरफ़ से लोग आलिंगन बद्ध खड़े हुए थे। बड़ा अजीब लगा। नज़र घुमा कर चारों तरफ़ देखा तो दूर कोने में एक सीट ख़ाली दिखी, जिसे एक सवारी ने अभी-अभी छोड़ा था। जब तक वहाँ पहुँचते, वह भर गई। वहाँ खड़े होकर सवारियों के उनींदा और थके चेहरे देखते रहे। अगली स्टेशन आने पर दो सीट ख़ाली हुईं। तब बैठने का सुख नसीब हुआ। हमारे बाजू की सीट पर एक महिला थी। कौतूहल वश उनसे पूछा- कहाँ तक जाएँगी?

उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

हमने पूछा- चर्चगेट जाएँगी। वे बोलीं- हओ.. तो।

वहाँ काम करती हैं, क्या?

न बाबा, पानी पीने को जाती।

हमें मारे गर्मी के पसीना निकल रहा थे। हमने पानी की बोतल निकाल गटागट पी लिया और अन्य सवारियों की तरह ऊँघने लगे। चर्चगेट का इतिहास याद आने लगा।

पुर्तगाल ने 1661 में ब्रागांजा की रानी कैथरीन के दहेज के हिस्से के रूप में बॉम्बे को ब्रिटिश क्राउन को उपहार में दिया था। 1818 तक बॉम्बे से लगा थाने मराठों के क़ब्ज़े में था। जिसे तीसरे आंग्ल-मराठा युद्ध में अंग्रेजों ने जीत लिया। तब उन्होंने बॉम्बे में एक क़िला बनाया। अंग्रेजों द्वारा निर्मित किले के क्षेत्र में तीन मुख्य द्वार थे। इनमें से एक द्वार सीधे सेंट थॉमस कैथेड्रल चर्च की ओर जाता था, इसलिए इसका नाम “चर्च गेट” रखा गया। इस गेट को 1860 में ध्वस्त कर दिया गया था। बाद में चर्चगेट रेलवे स्टेशन को 1870 में ध्वस्त गेट की स्थिति के करीब बनाया गया था। चर्चगेट स्टेशन मुंबई उपनगरीय रेलवे की पश्चिमी रेलवे लाइन का एक टर्मिनस है। यह शहर का सबसे दक्षिणी स्टेशन है, पहले कोलाबा सबसे दक्षिणी स्टेशन था, रेल लाइन को चर्चगेट तक  बढ़ा  दिया गया था, जिससे चर्चगेट सबसे दक्षिणी स्टेशन बन गया।

बंबई, बड़ौदा और मध्य भारत रेलवे (वर्तमान पश्चिम रेलवे) का उद्घाटन 1855 में अंकलेश्वर और उतरन (29 मील की दूरी) के बीच रेल लाइन (बीजी) के निर्माण के साथ हुआ था। 1859 में इस लाइन को पश्चिमी तट पर बम्बई तक बढ़ा दिया गया था। 1867 तक, मरीन लाइन्स के पास “बॉम्बे बैकबे” नामक स्टेशन तक, ग्रांट रोड स्टेशन से आगे, फोरशोर के साथ एक ट्रैक का निर्माण किया गया था। 12 अप्रैल 1867 को पहली उपनगरीय ट्रेन विरार से बॉम्बे बैक बे तक एक-एक ट्रेन के साथ शुरू की गई थी। स्टेशनों का नाम तब रखा गया था, “विरौर, नीला, बेसिन, पंजे, बोरेवाला, पहाड़ी, अंडारू, सांताक्रूज, बंडोरा, माहिम, दादूर, ग्रांट रोड और बॉम्बे बैकबे”।

वर्ष 1870 में, चर्चगेट का पहली बार स्टेशन के रूप में उल्लेख किया गया था। लाइन आगे 1872 में कोलाबा की ओर बढ़ी और वहां माल शेड बनाया गया। वर्ष 1896 में, यात्री और उपनगरीय दोनों लाइनों के लिए टर्मिनस के रूप में काम करने के लिए कोलाबा में एक नया स्टेशन स्थापित किया गया था। बॉम्बे सरकार ने रेलवे को चर्चगेट और कोलाबा के बीच रेल लाइन के सेक्शन को सौंपने का आदेश जारी किया। इसलिए, बॉम्बे सेंट्रल (मुंबई सेंट्रल), बेलासिस ब्रिज के पास एक नया स्टेशन बनाया गया था, जिसे 18 दिसंबर 1930 को खोला गया था। 31 दिसंबर की मध्यरात्रि से, कोलाबा एक टर्मिनस नहीं रहा। सोचते-सोचते चर्चगेट स्टेशन आ गया। पूरी ट्रेन ख़ाली हो गई। हम भी उतर कर बाहर आए। एक टैक्सी से गेट वे आफ इंडिया पहुँचे। एक नाव तुरंत छूट रही थी। टिकट लेकर सवार हो गये।

मई का महीना मुंबई में बेचैनी पैदा करने वाली ऊमस का होता है। सूर्य पूरी तैयारी के साथ सुबह आठ बजे से मानसूनी बादल बनाने के लिए अरब सागर के अथाह जल पर अपनी सीधी किरणें बिखेर कर भाप बनाने में व्यस्त था। जितना पानी आप पीते हैं उससे अधिक पसीने के रूप में निकलता जाता है। हम अस्सी रुपयों की फ़ेरी टिकट के साथ चार-चार बोतल पानी के ख़रीद कर पिट्ठु बेग में लेकर आठ बजे के आसपास नाव पर सवार हो गए। नाव पूरी भर चुकी थी, बिलकुल आगे की कुर्सी ख़ाली दिखीं जिन पर धूप पड़ रही थी शायद इसीलिए ख़ाली रह गईं थीं। उन पर जाकर बैठ गये।  

गले में पानी गटकने और पसीना बहाने का दौर शुरू हुआ जो रुकने का नाम नहीं ले रहा था। पसीने से गमछा निथर गया तो उसे निचोड़ कर फिर काम पर लगा दिया। फ़ेरी की शीटी बजी और नाव चल पड़ी, हमने भी पराँठे सब्ज़ी निकाली, हमारे मुँह चल पड़े। नाव उत्तर-पूर्व की दिशा में जा रही थी, सूर्य सीधा सामने था। पानी ख़त्म होने लगा तो हमने संतरे की गोलियाँ चूसना शुरू कर दिया। चारों तरफ़ पानी में सामान ढोने वाले जहाज़ों के बीच से हिचकोले खाती हमारी कश्ती मंज़िल की ओर बढ़ी जा रही थी। साढ़े नौ बजे मंडवा पहुँचे। अग्निसाक्षी फ़िल्म  इसी मंडवा की पृष्ठभूमि पर फ़िल्माई गई थी। घनी हरियाली में नारियल, केले, आम और दीगर पेड़ पेड़ों से ठंडी हवा और ख़ुश्बू से नाव की गर्मी और पसीना रफ़ूचक्कर हो गए।

मंडवा में कश्ती वालों की बस खड़ी थी, उसमें सवार हुए। बस के चलने से ठंडी हवा में सुहाना सफ़र शुरू हुआ। दाहिनी तरफ़ अरब सागर की लहरें और बाईं तरफ़ फल फूल से लदे बग़ीचे। पानी की कोई कमी ना होने से भरपूर फ़सल खड़ी थी, बाज़ारों में हर चीज़ किफ़ायती दामों पर मिल रही थी। साढ़े दस बजे के आसपास रायगढ़ जिले की तहसील अलीबाग़ पहुँचे। अलीबाग़ तहसील में समुद्री किनारों पर अनेकों बीच हैं। हर घर में गेस्ट हाउस के बोर्ड लगे हुए हैं।

अलीबाग़ से ज़ंजीरा क़िला जाने-आने के बारे में पूछा तो पता चला कि सरकारी बस सुबह, दोपहर, शाम को जाती है। स्कूटर 600 प्रतिदिन की दर से किराए पर मिलते हैं। अलीबाग़ से ज़ंजीरा साठ किलोमीटर है, याने एक सौ बीस किलोमीटर की यात्रा, वो भी चिलचिलाती धूप में, मुश्किल थी। विचार त्याग दिया। एक टैक्सी ड्राइवर से किराया पूछा वह बोला ज़ंजीरा जाने-आने के 2500/- रुपए  लगेंगे। आख़िर में एक टेम्पो वाले से बात की तो वह 1700/- में तैयार हो गया।

टेम्पो में सवार हुए, चिकनी सड़क पर सरसराते चल पड़ा। कठल, आम, केले और नारियल के घने पेड़ों के बीच छोटे-छोटे मकान, कुछ नए और कुछ सदियों पुराने स्वागत हेतु फलों से लदे होने से झुककर अभिवादन करते लग रहे थे। सड़क किनारे ताज़ी मछली, सूखी मछली और समुद्री झींगों का अम्बर लगा था। चिकनी चिपटी ट्रम्पेट मछली तीस से पचास रुपए किलो। यह रास्ता समुद्री मरीन प्रोडक्ट का स्वर्ग है। रास्ते में कहीं न रुके, सीधे मुरुड़ के अरब सागर किनारे स्थित खाराबंदर पहुँचे, वहाँ से स्याह ज़ंजीरा क़िला सामने दिख रहा था।

सुमिता बिटिया को कहा कि तुम टिकट काउंटर से टिकट लो हम नाव में जगह बनाते हैं। उसके लाइन में लगते ही बाक़ी तीन लोग झटके से नाव में जगह लेकर जम गए, नाव चलने को तैयार हो गई और चल भी दी लेकिन सुमिता टिकट लेकर नहीं आई तो हमने नाव चालक को रोका। वह बोला कि आपके पास टिकट है या नहीं, हमने सिर हिलाकर ना का इशारा किया तो उसने तुरंत वापिस नाव पलटा कर हमें किनारे उतार कर बताया कि पहले टिकट लीजिए और जिस नाव में जाएँगे उसी में वापस आएँगे। क़िला घूमने के किए चालीस मिनट मिलेंगे। आप अगली नाव का इंतज़ार करिए।

हम सब वापस फ़ेरीवालों की भीड़ में पहुँचे। शिकंजी, गन्ना रस के बाद बर्फ़ का गोला वग़ैरह चखते रहे। आपके लिए आज जो बाज़ार में सबसे सस्ता स्थानीय मौसमी फल बिक रहा है, वही सबसे स्वास्थ्यपरक है।  क्या ज़रूरत है कि आप ढाई सौ रूपये के किसी विदेशी एनर्जी ड्रिंक के प्रति लालायित हों ? दूर देश से ला कर बेचा जा रहा फल केवल फल नहीं है, वह ट्रांसपोर्ट का भाड़ा और पैकेजिंग का सामान भी बन चुका है। यक़ीनन महँगा बिकेगा, निश्चित ही व्यापारी एग्ज़ॉटिक के नाम पर उसकी मुँहमाँगी क़ीमत वसूलेंगे।

स्थानीयता और ऋतु-अनुकूलन भोजन में जितना रख सकें, रखिए। चिन्तन से बौद्धिक बनिए, जागरूकता से भी, फ़्रांसीसी क्रान्ति को समझना एक बात है, फ़्रांस का मेकअप रोज़ लगाकर पर्यावरण को हानि पहुँचाना दूसरी। अमेरिका के आज़ादी आंदोलन से लेने को जो कुछ है, उसे विचारात्मक रखिए। भोगात्मक चीज़ें यथासम्भव देशी ही स्वास्थ्यसम्मत हैं। हम उनसे कह सकते हैं कि हम तुमसे आइंस्टाइन ले लेंगे, पर तुम्हारा मैकडॉनल्ड तुम्हें मुबारक़।

तक़रीबन एक बजे नाव में सवार हुए, पंद्रह मिनट में क़िले के नज़दीक पहुँच कर नाव थम गई। बड़ी नाव क़िले से थोड़ी दूर छोड़नी पड़ी। क्योंकि क़िले के गेट पर दूसरी नाव एक डोंगी में सवारियों को बिठा रही थी। नाव के नाविकों ने इस समय का उपयोग गाइड सेवा के बहाने चार लोगों पर चार सौ रुपए वसूलना शुरू किया जबकि क़िले पर गाइड जैसी सेवा की कोई ज़रूरत नहीं थी, बहुत थोड़ा सा इतिहास था जो कि हमें पता था। जब पहले वाली नाव चली गई तब हमारी नाव के पास एक डोंगी आई जिसमें बीस-बीस लोग बैठकर क़िले की दीवारों से टकरा कर मचलती लहरों के बीच क़िले की सीढ़ी पर उत्तर कर अंदर घुसे। हुसैन शाह का मक़बरा देखा, तोपें, महल, मीठे पानी की झील, मस्जिद और तहख़ाने के साथ मकानों के खंडहर देखकर वापस गेट पर पहुँचे। पहले डोंगी फिर नाव में बैठकर किनारे आ लगे।

आठ सौ सालों से यह क़िला अरब सागर की लहरों तूफ़ानी सैलाबों को सहता हुआ अपराजेय अचल खड़ा है क्योंकि सामान्य परिस्थितियों में वहाँ पहुँचना कठिन है तो फिर तोपों के गोलों और बंदूक़ों की गोलियों की बौछारों के बीच कोई वहाँ कैसे पहुँच सकता है। इसके अपराजेय रहने का एक और कारण है कि इसके तटीय इलाक़े में अच्छी जलवायु से भरपूर खेती होती है, उस इलाक़े पर क़ब्ज़ा करने के बाद क़िले के सैनिकों को किनारे पर न आने देने की नीति से क़िले को जीतने की ज़रूरत नहीं रह जाती थी। लेकिन मुख्य भूमि से अलग थलग होने के कारण थोड़े दिनों के बाद विजेता इलाक़े को छोड़कर चले जाते थे।

वापसी में यातायात का क्रम पलट गया। टेम्पो से अलीबाग़, बस से मंडवा, नाव से गेट वे आफ इंडिया और लोकल से मालाड। नाव से गेट वे आफ इंडिया जाते समय समुंदर में ज्वार उठना शुरू हो चुका था। बड़े पल्लर नाव को बूटी तरह हिला रहे थे। कुछ लोग सी सिकनेस के शिकार होकर उल्टियाँ करने लगे। यात्रियों का सामान एक जगह से दूसरी जगह तेज़ी से खिसकने लगा। सीट को कसकर पकड़ बैठे रहे। किनारे पहुँचते-पहुँचते आठ बज चुके थे। बम्बई रोशनी में नहा रही थी। चर्चगेट स्टेशन पर ख़ाली खड़ी लोकल में सवार होकर नींद आने लगी। एक झपकी में दादर पहुँच गए और दूसरी में मलाड पहुँच गए।

 क्रमशः…

© श्री सुरेश पटवा 

भोपाल, मध्य प्रदेश

≈ संस्थापक सम्पादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted