सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – शूलों से भरा प्रेम पथ…।
रचना संसार # ६3 – गीत – शूलों से भरा प्रेम पथ… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
☆
है शूलों से भरा प्रेम-पथ,
मनुज-स्वार्थ के खम्भ गड़े।
कुछ भौतिक लाभों के कारण,
कौरव पांडव देख लड़े।।
*
क्रोध घृणा जग मध्य बढ़ा है,
प्रेम सुधा का काम नहीं।
त्याग समर्पण को भूले सब,
समरसता का नाम नहीं।।
अवरोधों को पार करो सब,
छोटे हों या बहुत बडे़।।
*
धर्म-कर्म करता ना कोई,
गीता का भी ज्ञान नहीं।
मोहन की मुरली के जैसी,
मधुरिम कोई तान नहीं।।
बहु बाधित सुख शांति हुई है,
नाते हुए चिकने घड़े।।
*
तप्त हुई वसुधा पापों से,
दानव हर पल घात करें।
भूल भावना सहयोगों की,
राग-द्वेष की बात करें।
आवाहन करते खुशियों का,
दो मोती प्रभु सीप जड़े।।
☆
© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)
संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268
ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





