☆ सूचनाएँ/Information ☆
(साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समाचार)
☆ श्री प्रतुल श्रीवास्तव एवं सुश्री प्रतिमा अखिलेश को मिलेगा डॉ. सुमित्र स्मृति सम्मान — अभिनंदन ☆ साभार – श्री राजेश पाठक प्रवीण ☆
जबलपुर। पाथेय साहित्य कला अकादमी द्वारा 25 अक्टूबर 2025 को अपरान्ह 3 बजे से आयोजित डॉ. राजकुमार सुमित्र स्मृति संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री प्रतुल श्रीवास्तव को डॉ० सुमित्र स्मृति सृजन सम्मान एवं प्रतिष्ठित कवयित्री, कथाकार प्रतिमा अखिलेश को डॉ. सुमित्र काव्य सम्मान से अलंकृत किया जायेगा, साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में क्रियाशील 21 संस्थाओं को
संस्थाश्री अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।तदाशय की जानकारी पाथेय साहित्य कला अकादमी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में अकादमी के महासचिव राजेश पाठक प्रवीण, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. तनूजा चौधरी ने दी।
राजेश पाठक प्रवीण ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि डॉक्टर सुमित्र साहित्यिक एवं सांस्कृतिक चेतना के प्रतिनिधि थे, उन्होंने 35 से अधिक साहित्यिक कृतियों का सृजन किया है, उनकी स्मृति में सम्मानित होने वाले वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रतुल श्रीवास्तव का सृजन सामाजिक चेतना का सृजन है उन्होंने अनेक कृतियों की रचना की है।उनकी रचनाओं में सामाजिक विसंगतियां के उन्मूलन का संदेश है।
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक प्रतुल श्रीवास्तव, भाषा विज्ञान एवं बुन्देली लोक साहित्य के मूर्धन्य विद्वान, शिक्षाविद् स्व.डॉ.पूरनचंद श्रीवास्तव के यशस्वी पुत्र हैं । हिंदी साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रतुल श्रीवास्तव का नाम हिंदी भाषी क्षेत्रों में जाना पहचाना है । इन्होंने दैनिक हितवाद, ज्ञानयुग प्रभात, नवभारत, देशबंधु, स्वतंत्रमत, हरिभूमि एवं पीपुल्स समाचार पत्रों के संपादकीय विभाग में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया । साहित्यिक पत्रिका “अनुमेहा” के प्रधान संपादक के रूप में इन्होंने उसे हिंदी साहित्य जगत में विशिष्ट पहचान दी । आपके सैकड़ों लेख एवं व्यंग्य देश की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं । आपके द्वारा रचित अनेक देवी स्तुतियाँ एवं प्रेम गीत भी चर्चित हैं । नागपुर, भोपाल एवं जबलपुर आकाशवाणी ने विभिन्न विषयों पर आपकी दर्जनों वार्ताओं का प्रसारण किया । प्रतुल जी ने भगवान रजनीश ‘ओशो’ एवं महर्षि महेश योगी सहित अनेक विभूतियों एवं समस्याओं पर डाक्यूमेंट्री फिल्मों का निर्माण भी किया । आपकी सहज-सरल चुटीली शैली पाठकों को उनकी रचनाएं एक ही बैठक में पढ़ने के लिए बाध्य करती हैं ।
प्रकाशित पुस्तकें- यादों का मायाजाल, अलसेट (हास्य-व्यंग्य), आखिरी कोना (हास्य-व्यंग्य), तिरछी नज़र (हास्य-व्यंग्य), मौन, व्यक्तित्व दर्शन
सुश्री प्रतिमा अखिलेश
सुश्री प्रतिमा अखिलेश ने कम उम्र में अपनी अनेक कृतियों के माध्यम से धर्म,अध्यात्म और समसामयिक परिस्थितियों को चित्रित किया है।
विधा— गीत, कहानी
प्रकाशित कृति–सुनो प्रियंवद, (गीत संग्रह), रुद्रदेहा साझा (पति के साथ), रघुनंदिनी- उपन्यास
डॉक्टर तनूजा चौधरी एवं ज्योति मिश्रा ने डॉक्टर सुमित्र के साहित्यिक अवदान पर प्रकाश डालते हुए आज 25 अक्टूबर को आयोजित समारोह में साहित्य अनुरागियों से उपस्थिति का आग्रह किया। पत्रकार वार्ता में अकादमी से डॉ. हर्ष कुमार तिवारी, यशोवर्धन पाठक,ज्योति मिश्रा, विजय जायसवाल भी उपस्थित थे ।
****
साभार – श्री राजेश पाठक प्रवीण, महासचिव, पाथेय साहित्य कला अकादमी
≈ श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈








हार्दिक बधाई