सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’

(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम नवगीत – झुलस रहा धरती का आँचल…।

? रचना संसार # 53 – नवगीत – झुलस रहा धरती का आँचल…  ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’ ? ?

☆

  रूठा है शृंगार सलोना,

बिन्दी भी उपहास उड़ाये।

होठों की लाली मुरझायी,

खारे आँसू खूब बहाये।।

 *

ठहर गया है जीवन जैसे,

घुप्प अँधेरा भी छाया है।

व्यथित हृदय आंदोलित होता,

साथ मौत  का भी साया है ।।

टूटे खपरैलों में तड़पे,

पंछी सी  कंचन काया है।

कहें हवाएँ जहरीली यह,

एक बबंडर सा आया है ।।

माया-मृग का नित्य भुलावा,

बस सपने दिन रात दिखाये।

* 

सावन में प्यासी अँखियाँ है,

पतझड़ घाव नहीं जाते हैं।

हिय का दर्पण टूट गया अब,

अनहोनी से घबराते हैं।.

अंतर्व्यथा बतायें किसको,

निठुर हुए रिश्ते नाते हैं।

रामभरोसे साँसे चलतीं,

सूखी रोटी बस खाते हैं।.

खिन्न पवन आलस्य भरी सी,

करुण सुरों में गीत सुनाये।

 *

झुलस रहा धरती का आँचल,

ओढ़ें लोग मुखौटे मोटे।

चोटिल वन -उपवन कहते है,

हरियाली के पड़ते टोटे ।।

रोता पर्वत भरता आहें,

मनुज दुष्ट होते हैं खोटे।

खाल उधेड़े जेब गर्म कर,

बिन पेंदी के हैं ये लोटे ।।

सूखे कुँआ-बावली रोती,

पीर बड़ी ये झील बताये।

☆

© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’

(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)

संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268

ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted