श्री राघवेंद्र तिवारी
(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी हिन्दी, दूर शिक्षा, पत्रकारिता व जनसंचार, मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित। 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘जहाँ दरक कर गिरा समय भी’ ( 2014) कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है आपका एक अभिनव गीत “अम्मा मत रोओ मैं हूँ...”)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ # 242 ☆।। अभिनव गीत ।। ☆
☆ “अम्मा मत रोओ मैं हूँ...” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆
(“जहाँ दरक कर गिरा समय भी” से)
☆
बापू के चौथे की चिन्ता
बेटा करता है
अच्छा लगता बुड्ढा मर,
घर खाली करता है
खाँस – खखार सुना करती
थी जब जब घर वाली
ताने दे दे कर परोसती
थी वह हर थाली
“इनको आग तपा कर धोना”
कहती महरी से –
चीजें स्वच्छ रहें घर में तब
घर, घर लगता है
छोटे बच्चों को आज्ञा थी
उधर नहीं जाना
इस बुड्ढे में बुरी आत्मा है
सब ने यह माना
तभी इस उमर तक जिन्दा है
कब का मर जाता
बिना मरे ही नर्क भोगता
यह यम लगता है
बाप मरे के अग्रिम धन के
चक्कर में बेटा
सोच रहा , किस तरह झटक ले
पैसा, अधलेटा
माँ के कंगन बेच समस्या
का निदान सम्भव
“अम्मा मत रोओ मैं हूँ”
यह बेटा कहता है
☆
© श्री राघवेन्द्र तिवारी
संपर्क : ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047, मोब : 09424482812






मार्मिक अभिव्यक्ति।