श्री संतोष नेमा “संतोष”

(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी  कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप  कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में आज प्रस्तुत है – संतोष के दोहे… । आप  श्री संतोष नेमा जी  की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)

 ☆ साहित्यिक स्तम्भ – इंद्रधनुष # 266 ☆

☆ संतोष के दोहे… ☆ श्री संतोष नेमा ☆

☆

क्रूर काल के सामने, नत मस्तक सब लोग |

उसकी मर्जी जब तलक, जीवन के सुख भोग ||

*

जाने कब किस मोड़ पर, हो जीवन का अंत |

नेक काम करते रहें, कहते सज्जन संत ||

*

करते हैं जिसकी स्वयं, रक्षा जब भगवान |

बाल न बाँका हो सके, समझो यह श्रीमान ||

*

केवल उसके हाथ है, जीवन की यह डोर |

दबे पैर आती सदा, मौत न करती शोर ||

*

कौन समझ सकता यहाँ, अजब नियति का  खेल |

करता वही बिछोह भी, और कराता  मेल ||

*

जला न पाई आग भी, ऐसा गीता ग्रंथ |

जिससे खुद श्रीकृष्ण ने, हमें दिखाया पंथ ||

*

एक राह पर सब चलें, हम सब राही साथ |

दुर्घटना कहती स्वयं, सब कुछ उसके हाथ ||

*

दृश्य विदारक देख कर, बहे अश्रु की धार |

हुआ एक पल में प्रलय, छूट गया संसार ||

*

चूड़ी बिंदिया चीख कर, करती रहीं पुकार |

क्रूर नियति के सामने, खाक हुआ शृंगार ||

*

नेकी कभी न छोड़िए, सदा चले यह साथ |

मिलता है संतोष भी, रख हितकारी हाथ ||

☆

© संतोष  कुमार नेमा “संतोष”

वरिष्ठ लेखक एवं साहित्यकार

आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.) मो 7000361983, 9300101799

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted