श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव
(संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध एवं अग्रज साहित्यकार श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव जी के गीत, नवगीत एवं अनुगीत अपनी मौलिकता के लिए सुप्रसिद्ध हैं। आप प्रत्येक बुधवार को साप्ताहिक स्तम्भ “जय प्रकाश के नवगीत ” के अंतर्गत नवगीत आत्मसात कर सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपका एक सावन गीत “सावन में” ।)
जय प्रकाश के नवगीत # 111 ☆ सावन में ☆ श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव ☆
☆
सुनो सखी
बादल घिर आये,
सावन में।
सुनो सखी
मन कजरी गाये
सावन में।
झूल हवा ने
लहराया
भीगा आँचल।
बूँद दबाकर
हँसी होंठ
बहका काजल।
सुनो सखी
तन-मन गदराये,
सावन में।।
लहर लिपटकर
बाँहों में
नदिया गाती।
नाव बाढ़ के
कानों में
कुछ बतियाती।
सुनो सखी
तट फिर मुसकाये,
सावन में।।
पीपल पत्ता
झरे काँप
अल्हड़ बिजुरी।
कली चटकती
माथे से
सरके चुनरी।
सुनो सखी
मधुवन घन छाये,
सावन में ।।
***
© श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव
सम्पर्क : आई.सी. 5, सैनिक सोसायटी शक्ति नगर, जबलपुर, (म.प्र.)
मो.07869193927,
≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






