आचार्य भगवत दुबे
(संस्कारधानी जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर आचार्य भगवत दुबे जी को सादर चरण स्पर्श । वे आज भी हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते हैं। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया है।सीमित शब्दों में आपकी उपलब्धियों का उल्लेख अकल्पनीय है। आचार्य भगवत दुबे जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की विस्तृत जानकारी के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें 👉 ☆ हिन्दी साहित्य – आलेख – ☆ आचार्य भगवत दुबे – व्यक्तित्व और कृतित्व ☆. आप निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणा स्त्रोत हैं। हमारे विशेष अनुरोध पर आपने अपना साहित्य हमारे प्रबुद्ध पाठकों से साझा करना सहर्ष स्वीकार किया है। अब आप आचार्य जी की रचनाएँ प्रत्येक मंगलवार को आत्मसात कर सकें गे।
इस सप्ताह से प्रस्तुत हैं “चिंतन के चौपाल” के विचारणीय मुक्तक।)
साप्ताहिक स्तम्भ – ☆ कादम्बरी # 112 – मुक्तक – चिंतन के चौपाल – 15 ☆ आचार्य भगवत दुबे
☆
हर कहानी के कथानक भिन्न हैं,
मंजिलें पाने के मानक भिन्न हैं,
कितने राही मुश्किलें को देखकर
मार्ग चुन लेते अचानक भिन्न हैं।
0
चाहतें दिल में जगा देता है प्यार,
दूरियाँ सारी मिटा देता है प्यार,
जाति, भाषा, मजहबों की खाईयाँ
पाटकर राहें बना देता है प्यार।
0
नदी सिन्धु से जब मिल जाती,
मिलकर स्वयं सिन्धु हो जाती,
ईश्वर है असीम सागर सा
जहाँ प्राण की बिन्दु समाती।
0
कभी अंतस से जब आवाज आती है,
सजन की कामना जब दीप्ति पाती है,
कलम, कागज पे अपने आप चलती है
कि ज्यों कविता विवश लिखवाई जाती है।
☆
https://www.bhagwatdubey.com
© आचार्य भगवत दुबे
82, पी एन्ड टी कॉलोनी, जसूजा सिटी, पोस्ट गढ़ा, जबलपुर, मध्य प्रदेश
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






