श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव
(संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध एवं अग्रज साहित्यकार श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव जी के गीत, नवगीत एवं अनुगीत अपनी मौलिकता के लिए सुप्रसिद्ध हैं। आप प्रत्येक बुधवार को साप्ताहिक स्तम्भ “जय प्रकाश के नवगीत ” के अंतर्गत नवगीत आत्मसात कर सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण एवं विचारणीय नवगीत “कट रही है ज़िंदगानी”।)
जय प्रकाश के नवगीत # 113 ☆ कट रही है ज़िंदगानी ☆ श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव ☆
☆
याद आई
फिर वही बीती कहानी
स्वाँग भरते
कट रही है ज़िंदगानी ।
याद है वो
बचपना मिट्टी सना
बुजुर्गों के
स्नेह का साया घना
याद आतीं
लोरियाँ थपकी पुरानी ।
छल प्रपंचों से
नहीं नाता रहा
शीष पर
आशीष का छाता रहा
देह माँ की
हुलसती देख नादानी ।
नीम के नीचे
बिछा सुख-दुख सभी
पाठ पढ़ते
कठिनता के जब कभी
अश्रु बनकर
छलक जाता आँख का पानी।
***
© श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव
सम्पर्क : आई.सी. 5, सैनिक सोसायटी शक्ति नगर, जबलपुर, (म.प्र.)
मो.07869193927,
≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




