श्री संतोष नेमा “संतोष”

(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी  कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप  कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में आज प्रस्तुत है आपके  – मित्रता पर दोहे… । आप  श्री संतोष नेमा जी  की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)

 ☆ साहित्यिक स्तम्भ – इंद्रधनुष # २७० ☆

☆ मित्रता पर दोहे… ☆ श्री संतोष नेमा ☆

☆

संकट में जो साथ दें, होते सच्चे मित्र |

प्रेम, समर्पण, त्याग ही, होता मित्र-चरित्र ||

*

जाति-धर्म का हो नहीं, जहाँ कभी भी भेद |

सच्ची है वह मित्रता, कभी न जिसमें खेद ||

*

मित्र सुदामा सम नहीं, कलियुग में अब आज |

बिन बोले ही समझ ले, जो दिल की आवाज ||

*

दुखी मित्र को देखकर, जिसे न हो संताप |

बाबा तुलसी कह गए, ताहि विलोकत पाप ||

*

मित्रों से साझा करें, अपने मन की बात |

मित्र सदा ही जानते, मित्रों के जज़्बात ||

*

 गाली खाकर भी रखें, मन में जो अति प्यार |

डाँट-डपट जो कर सकें, होते सच्चे यार ||

*

कलियुग के इस दौर में, स्वारथ के संबंध |

पर सुमित्र रखता सदा, सत्य, प्रेम अनुबंध ||

*

भूल नहीं सकते कभी, बचपन के वे यार |

संग बिताया बालपन, प्रेम और तकरार ||

*

सदा समर्पित कर्ण-सा, खड़ा रहे जो साथ |

विपदा में भी साथ दे, कभी न छोड़े हाथ ||

*

ऐसे मित्र बनाइए, जैसे हैं शिव-राम  |

जपें निरन्तर रात-दिन, इक दूजे का नाम ||

*

गलत काम का समर्थन, करते जो भी मित्र |

वे दुश्मन से कम नहीं, जिनके गलत चरित्र ||

*

कुंदन जैसा मित्र हो, जिसका शुद्ध चरित्र |

दिल में भी संतोष हो, रिश्ते बनें पवित्र ||

☆

© संतोष  कुमार नेमा “संतोष”

वरिष्ठ लेखक एवं साहित्यकार

आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.) मो 7000361983, 9300101799

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted