सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – बिसात चौसर की…।
रचना संसार # ६१ – गीत – बिसात चौसर की… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
☆
बिछती बिसात चौसर की है,
दाँव लगाते मतवाले ।
शकुनी की चालों में फँसते,
पाँडव ये भोले भाले।।
**
कौरव पाँडव चौसर खेले,
धर्मराज सब हारे हैं।
दाँव लगे पत्नी भाई भी ,
किस्मत के सब मारे हैं।।
छलने वाली इस चौसर ने,
दिए उम्र भर के छाले।
*
बिछती बिसात चौसर की है,
दाँव लगाते मतवाले।।
**
मौन आज गाँडीव पार्थ का,
भीम गदा भी हारी है।
दुर्योधन की चालों में अब,
फँसी द्रोपदी नारी है।।
चीर हरण करता दुःशासन,
रक्षा कर वंशी वाले।
*
बिछती बिसात चौसर की है,
दाँव लगाते मतवाले।।
**
चौसर की इन चालों ने तो,
बीज युद्ध के बोए हैं।
होता युद्ध महाभारत फिर,
कपटी कौरव रोए हैं।।
बुरा खेल होता चौसर का,
खाने के पड़ते लाले।
*
बिछती बिसात चौसर की है
दाँव लगाते मतवाले।।
☆
© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)
संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268
ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




