श्री श्याम खापर्डे
(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “अंधकार…”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # २३१ ☆
☆ # “अंधकार…” # ☆
☆
चलो अंधकार से बात करते हैं
तिमिर से दो दो हाथ करते हैं
उजाले को इसने छुपा रखा है
किरणों को छीनकर सुप्रभात करते हैं
*
कितना जालिम यह अंधेरा है
सदियों से हमको इसने घेरा है
हम नागपाश में है जकड़े हुए
यह बलपूर्वक डाले हुए डेरा हैं
*
सांस लेना भी नामुमकिन है
एक जैसे ही रात और दिन है
खौफ़ इतना है इसका जमाने में
आंखें खोलना भी जुर्म संगीन है
*
हम अंधेरे के अब आदी है
डर के कारण ही यह बर्बादी है
तोड़कर इस नागपाश को
आगे बढ़ना ही आजादी है
*
सदियों से बहुत सहते आए हैं
झूठ और पाखंड से सदा भरमाए हैं
अब तो सब्र का बांध टूट गया
चारों तरफ रोशनी के साए हैं
*
अब अंधेरे को कुचलना होगा
सुप्त भावनाओं को मचलना होगा
टिमटिमा रहे हैं जो अधजले दीपक
उन्हें पूरे दमखम से जलना होगा
*
तब रोशनी का सैलाब आएगा
अंधकार को दूर भगाएगा
रोशनी होगी हर कुटिया हर घर में
हर आंख में खुशियों का दीपक जगमगायेंगा /
☆
© श्याम खापर्डे
फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो 9425592588
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





