श्री राघवेंद्र तिवारी

(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी  हिन्दी, दूर शिक्षा, पत्रकारिता व जनसंचार,  मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित। 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘​जहाँ दरक कर गिरा समय भी​’​ ( 2014​)​ कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। ​आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है आपका एक अभिनव गीत “शायद आज पूर्ण हो पाये..”)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ # २४८ ☆।। अभिनव गीत ।। ☆

☆ “शायद आज पूर्ण हो पाये...” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆

☆

सुबह सुबह घर की छप्पर

जिस दिन धुँधुआती है ।

उस दिन भोजन मिलने की

आशा बढ़ जाती है ॥

 *

फुद के चिड़िया घासफूस की

छप्पर पर सहसा ।

खुशी बजी पीपल पत्तों में

जैसे हो जलसा ।

 *

सारे लोग प्रसन्न और –

हैं मुदित वनस्पतियाँ ।

पूरे एक साल में ज्यों

दीवाली आती है ॥

 *

घर के कीट पतंग सभी

यह सुखद खबर पाकर ।

एक दूसरे को समझाने

लगे पास जाकर ।

 *

यह सुयोग कितने दिन में

गृहस्वामी लाया है ।

जिसकी सुधि ईश्वर को

मुश्किल से आ पाती है ॥

 *

यह सारा पड़ौस प्रमुदित

हो उम्मीदों डूबा ।

शायद आज पूर्ण हो पाये

उसका मंसूबा ।

 *

जो उधार, उस  दिन की –

रोटीं शायद वापस हों ।

ठिठकी यह कल्पना सभी की

जोर लगाती है ॥

☆

©  श्री राघवेन्द्र तिवारी

28 – 08 – 20 25

संपर्क​ ​: ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047​, ​मोब : 09424482812​

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted