श्री राघवेंद्र तिवारी
(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी हिन्दी, दूर शिक्षा, पत्रकारिता व जनसंचार, मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित। 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘जहाँ दरक कर गिरा समय भी’ ( 2014) कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है आपका एक अभिनव गीत “बूँदें बनकर गिरा सुवासित...”)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ # २४९ ☆।। अभिनव गीत ।। ☆
☆ “बूँदें बनकर गिरा सुवासित...” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆
☆
बादल बाँह पकड़ने जिसकी
चढ़ा दुछत्ती पर ।
बूँदें बनकर गिरा सुवासित
पत्ती पत्ती परा ॥
*
जिस मुडेर को छूकर
उड़ जाती थी गौरैया ।
उस पर हाथ धरे
मुट्टी भर लेकर पुरवैया ।
*
इतनी दूर चली जाती है
सबकी आँखों से ।
धीमे धीमे आ जाती
जलचुकती बत्ती पर ॥
*
समाधान की उँगली पकड़े
क्षण के कोने पर ।
बैठ चिकोटी काट, गुम हुआ
जीवन के ब्रण पर ।
*
वह सायास किसी
परिवर्तन की आशा लेकर ।
है विश्वास टिकाये
घर की रत्ती रत्ती पर ॥
*
लगा व्यवस्थित हुआ जा रहा
दिन का राज मुकुट ।
जो अब तक बैठा चिन्तित था
उस नदिया के तट ।
*
जिसका तीक्ष्ण प्रवाह
बहाता है इस अघजग को ।
टिका न रह पायेगा
किंचित समय – दुलत्ती पर ॥
☆
© श्री राघवेन्द्र तिवारी
05-09-2025
संपर्क : ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047, मोब : 09424482812



