सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपका एक अप्रतिम गीत – मेघदूत…।
रचना संसार # ६९ – गीत – मेघदूत… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
☆
मेघदूत सँग मेघा लाए,
कहती धरती है प्यारी ।
काले बादल झूम रहे हैं,
हिय में बदली है कारी ।।
*
बंजर धरती फूल खिलाती,
बरखा सबको है भाती।
पावस ऋतु है बड़ी सुहानी,
कंचन देखो बरसाती।।
धरा चूमती नभ को देखो,
मन ही मन है मुस्काती।
ओढ़ी चुनर प्रीति की उसने,
प्रेम गीत प्रिय है गाती ।
नाच दिखाते चमचम तारे,
धरती तन-मन है वारी ।।
*
बूँदें चमकें मोती जैसी,
मिट्टी सौंधी भी भाती।
बरखा ऋतु देती सौगातें,
शुभ संदेशा भी लाती ।।
चमकी बिजली बदन काँपता,
गोरी देखो घबराती।
रिमझिम बूँदें आस जगाती,
स्वाति बूँद भी इठलाती।।
मेघदूत का स्वागत करिए,
करे कृपा हम पे भारी।
*
हर्षित भी देखो किसान है,
भरती है उनकी झोली।
कोयल कूके बगिया में भी,
मधुरिम लगती है बोली।।
तटबंधों को तोड़ बह रही,
उफनी नदिया है भोली।
विरहिन के तन आग लगी है,
चलती हो जैसे गोली।।
रिमझिम बूँदें शीतल करतीं,
बगिया की देखो क्यारी।
☆
© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)
संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268
ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




