डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम एवं विचारणीय व्यंग्य  – ‘बाबाओं का स्वर्णकाल‘। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # ३४३ ☆

☆ व्यंग्य ☆ बाबाओं का स्वर्णकाल ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

शिब्बू ऐसे ही दोस्तों के कहने पर बाबा के दरबार में चला गया था। दरबार में हज़ारों की भीड़ थी, महिलाएं संख्या में ज़्यादा। बाबा का प्रवचन चल रहा था। एक तरफ गायन-मंडली बैठी थी। बाबा प्रवचन के बीच में कोई धुन छेड़ देते और फिर गायन मंडली उसे उठा लेती। इस तरह बाबा को थोड़ी राहत मिल जाती थी।

बाबा की शोहरत कुछ दिनों में बड़ी तेज़ी से फैली थी। चर्चा थी कि वे  बड़े ज्ञानी थे। सब शंकाओं का समाधान कर देते थे। इसीलिए देर रात तक आश्रम में भक्तों की भीड़ बनी रहती थी।

शिब्बू और उसके दोस्त बाबा की गद्दी के पास ही बैठे थे। बाबा के दाढ़ी-मूंछ से ढंके चेहरे को देखते-देखते शिब्बू को लगा बाबा को उसने पहले देखा है। अचानक वह उठकर खड़ा हो गया, बाबा को संबोधन करके बोला, ‘आप तिरलोकी नाथ मासाब तो नहीं हैं?’

सवाल सुनकर बाबा का चेहरा उतर गया, संभल कर बोले, ‘अरे शिवदयाल, तुम यहां कैसे?’

शिब्बू बोला, ‘बस ऐसे ही दोस्तों के साथ आ गया।’

बाबा बोले, ‘इस सत्संग के बाद हमारे कक्ष में मिलना।’

सत्संग खत्म हुआ तो शिब्बू बाबा के कक्ष में पहुंचा। बाबा मसनद के सहारे उठंगे थे। शिब्बू उनके चरन छूकर बैठ गया। फिर पूछा, ‘आपने तीन साल मुझे स्कूल में पढ़ाया था। आप बाबा कैसे बन गये?’

बाबा कुछ असमंजस में दिखे, फिर बोले, ‘यह मेरा दूसरा जनम है। पिछला सब छोड़ दिया है।’

शिब्बू बोला, ‘आप तो अच्छा पढ़ाते थे, फिर यह बाबा बनने की बात कैसे आपके मन में आयी?’

बाबा कुछ देर आंखें बंद किये मौन बैठे रहे, फिर बोले, ‘एक घटना के बाद मेरा मन अचानक मास्टरी से उचट गया। हमारे क्षेत्र के मंत्री चमनलाल के पास एक दिन स्कूल के लिए अतिरिक्त फंड मंज़ूर कराने का प्रस्ताव लेकर गया था। मंत्री जी अपने चुनाव क्षेत्र का दौरा करके लौटे थे। सोफे पर लंबे लेटे थे। मुझे जानते थे लेकिन देख कर भी उठे नहीं। लेटे ही लेटे बात की। बीच-बीच में झपकी लेते रहे। मुझे बैठने को भी नहीं कहा। कहा कि आवेदन बाहर पीए को दे दूं। तीन चार दिन बाद स्थानीय अखबार में देखा कि वे एक बीस पच्चीस साल के बारहवीं पास बाबा के चरणों में औंधे पड़े हैं। बस तभी मास्टरी छोड़कर बाबा बनने का निश्चय कर लिया। हमारे पास इन बाबाओं से ज़्यादा ज्ञान है, बोलने की कला है, लेकिन ये अनपढ़ बाबा हमसे ज्यादा इज़्ज़त पाते हैं। यही ऐसा धंधा है जिसमें पैसा और सम्मान दोनों एक साथ मिलते हैं। जो बाबा भक्तों को माया से दूर रहने का उपदेश देते हैं वे खुद चार करोड़ की गाड़ी में घूमते हैं और पांच करोड़ का सोना शरीर पर पहनते हैं। पूछने पर जवाब मिलता है सब भक्तों का दिया हुआ है, उनकी नज़र में तो सोने और मिट्टी में कोई फर्क नहीं है। पुलिस वाले इन पर हाथ डालने से डरते हैं। इन पर आयकर लागू नहीं होता। मास्टर को देश की भावी पीढ़ी का निर्माता कहा जाता है, लेकिन समाज में बाबा ज़्यादा पुज रहे हैं। हमारी क्लास में बीस छात्र भी नहीं जुटते, इनके दरबार में लाखों जुटते हैं क्योंकि इनके अनुसार इनके पास आदमी के हर दु:ख की दवा मिलती है।

‘मास्टर से अपेक्षा की जाती है कि मेहनत से पढ़ाये और अच्छा रिज़ल्ट लाये। अच्छा रिज़ल्ट न लाने पर मास्टर को दंड मिलता है। लेकिन एक बाबा बिना पढ़े पास होने का नुस्खा बताते हैं और उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। इन बाबा के हिसाब से पढ़ाई-लिखाई की कोई ज़रूरत नहीं है। यही बाबा भक्तों से पूछते हैं कि उन्हें रात में सफेद साड़ी और बड़ी बिन्दी वाली चुड़ैल दिखी थी या नहीं। एक बाबा सीधे रावण और हनुमान जी से बात करते हैं और अपने दरबार में प्रेतबाधा से ग्रस्त आदमी को बीस पच्चीस फीट दूर से थप्पड़ मारते हैं। आदमी भी उनके हाथ की हरकत के साथ ज़मीन पर लुढ़कता पुढ़कता है, जैसे कि बाबा का थप्पड़ उसे लग रहा हो। विडंबना यह है कि सैकड़ों उच्च शिक्षा प्राप्त लोग दरबार में हाजि़र होकर चुपचाप यह तमाशा देखते हैं। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश और सेनाध्यक्ष उनके सामने सिर नवाते हैं। कई साल पहले उत्तर प्रदेश के एक बाबा भक्तों से कहते थे कि रात को उनके घर शिवजी आये थे, फिर पूछते थे कि क्या उन्होंने डमरू की आवाज़ सुनी थी, और भक्त एक स्वर में जवाब देते थे कि उन्होंने सुनी थी।

‘स्वतंत्रता के पचहत्तर साल बाद तरक्की यह हुई है कि बाबागीरी का विस्फोट हुआ है। रोज़ दस बीस बाबा पैदा हो रहे हैं। कोई जीभ निकाले दौड़ रहा है तो कोई आंखें फाड़े। एक युवा साध्वी दिखीं जो शरीर पर भभूत लपेटे थीं और भभूत को घिस घिस कर, उतारकर भक्तों में बांट रही थीं। संविधान के मूल कर्तव्यों में कहा गया है कि देश में वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहन मिलना चाहिए, लेकिन वैज्ञानिक सोच कितना बढ़ रहा है यह सबके सामने है। ऐसे में बेचारा मास्टर बच्चों को क्या पढ़ाये?

‘बाबाओं के दरबार में शंका करने की इजाज़त नहीं होती। ज़्यादा सवाल पूछोगे तो भक्त लाठी लेकर दौड़ेंगे और शंकालु की कपाल-क्रिया हो जाएगी। बाबा स्त्रियों पर ज़्यादा भरोसा करते हैं क्योंकि वे सवाल नहीं पूछतीं, बाबा जिस तरफ इशारा करे उधर ही सिर पर कलश रखकर चल पड़ती हैं।’

शिब्बू ने पूछा, ‘तो क्या आप अब बाबा ही बने रहेंगे?’

मासाब बोले, ‘हम धर्म का असली मर्म समझाने के लिए इस लाइन में आये हैं। अभी धर्म के नाम पर महज़ कर्मकांड और अंधानुकरण हो रहा है। हम तो कुछ अच्छा करने की कोशिश करेंगे, लेकिन देखना यह है कि ये धंधे वाले बाबा हमें कब तक टिकने देते हैं।’

—–

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
5 1 vote
Article Rating
1
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted