डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी की मानवीय जीवन पर आधारित एक विचारणीय कथा – दलील। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

(डॉ मुक्ता जी द्वारा रचित एक भजन – जब से श्याम मेरी गली आयो / स्वर- रुखसार खान, सौजन्य – तरूनम चैनल)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # ३४३ ☆

☆ कथा कहानी – दलील… ☆ डॉ. मुक्ता ☆

विवाह के बारह वर्ष तक रागिनी ज़ुल्म सहती रही। उस परिवार को वंशज न दे पाने के कारण उसे हर पल प्रताड़ित किया जाता था, जबकि वह दो बेटियों की जन्मदात्री थी।

देर रात रागिनी का पति नशे में धुत्त घर लौटता और उस पर चिल्लाने लगता। उसकी दोनों बेटियां, जिनकी आयु आठ व पांच वर्ष थी, दुबक कर बिस्तर में पड़ी रहतीं। कई बार वे अपने पिता की कर्क़़श ध्वनि को सुन कर सहम जातीं और मम्मी-मम्मी पुकारने लगतीं।

रागिनी कमरे में आती तथा उन्हें सुला कर लौट जाती। देर रात तक वह उस पर बरसता रहता और जब वह निढाल होकर पड़ जाता, रागिनी अपनी बेटियों के पास लौट आती। सुबह जब वे अपनी मम्मी के शरीर पर पड़े नीले निशान देखती, तो उनके मन में अनेक प्रश्न उठते और उनके पूछने पर वह उन्हें बहला देती। कई बार वह गिरने पर चोट लगने की बात कहती और कभी मौन रह जाती। परंतु सब कुछ जानकर भी वे मासूम गुमसुम बनी रहती।

रागिनी ने जब अपने माता-पिता को पति की हरक़तों से अवगत कराना चाहा, तो उन्होंने यह कहकर उसे आग़ाह कर दिया कि अब उसका इस घर से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि वे उसका विवाह कर विदा कर चुके हैं। उसे हर हाल में अपने ससुराल में ही रहना होगा, क्योंकि अब उसका मायके से कोई सरोकार नहीं।                

रागिनी ने अपने पति के जाने के पश्चात् मशीन पर सिलाई का काम प्रारंभ किया और उससे मिलने वाले पैसों से वह अपनी संतान की आवश्यकताओं की पूर्ति करने लगी तथा कभी-कभी कुछ पैसे उनके हाथ में थमा देती।

परंतु यह सिलसिला अधिक दिन तक नहीं चल सका। एक दिन उसके पति को खबर लग गई कि उसकी अनुपस्थिति में महिलाएं उसके घर आती हैं तथा उसकी पत्नी सिलाई का काम करती है। उसने रागिनी से उन पैसों का हिसाब मांगा, जो उसने अब तक कमाए थे।

रागिनी ने उसे बताया कि जो कुछ उसने आज तक कमाया है, वह घर में खर्च हो गया है। परंतु वह इससे संतुष्ट नहीं हुआ तथा शाम को घर लौटते ही उससे पैसे मांगने लगा।

रागिनी परेशान थी कि वह दिन भर जो भी कमाती  है, वह पल भर में सब झपट कर ले जाता है। अब वह पहले से अधिक पीने लगा था और नशे की हालत में ज़ुल्म करने का सिलसिला भी बढ़ता जा रहा था। बारह वर्ष इसी जद्दोज़हद में गुज़र गये। अब उसकी बेटियां भी बड़ी हो रही थीं। वह नहीं चाहती थी कि उनके मन में अपने पिता के प्रति वितृष्णा का भाव जाग्रत हो और भविष्य में उन्हें पुरुष नाम के जीव से घृणा हो जाए। सो! एक दिन रागिनी ने पति का घर त्यागने का निर्णय कर लिया।

वह अपनी मासूम बच्चियों को लेकर अपनी सखी आशना के यहां चली गई, जिसका अपना बुटीक था। उसने रागिनी को अपने साथ काम पर रख लिया और वह ‘वर्किंग वुमन हॉस्टल’ में रहने लगी। धीरे-धीरे कुसुम व गगन के चेहरे की रंगत लौटने लगी और वे तीनों खुशी से अपना जीवन-यापन करने लगीं।

समय पंख लगा जाने कब उड़ गया, पता ही नहीं चला। रागिनी ने अपनी बड़ी बेटी कुसुम को कानून की पढ़ाई कराई और छोटी बेटी गगन को डॉक्टर बनाने का निर्णय लिया। वे दोनों शाम को आकर ट्यूशन देती थीं और इससे उनकी पढ़ाई का खर्च चल रहा था।

कुसुम ने लॉ की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात् कोर्ट में अपनी प्रैक्टिस करनी प्रारंभ कर दी। वह अधिकतर महिलाओं के मुकदमे लेती तथा उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन देती। उसकी दलीलें सुनकर जज भी अचंभित रह जाते।

कुसुम ने दो वर्ष के पश्चात् ज्यूडिशरी की परीक्षा पास कर ली और कोर्ट में जज बन गई। जब भी किसी औरत की प्रताड़ना का मुकदमा आता, वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठती। उसे लगता कि उसके पिता कटघरे में खड़े हैं और वह अपनी मां को न्याय दिलाने का प्रयास कर रही है। वह उस अपराधी को सख़्त से सख़्त सज़ा सुनाती, ताकि भविष्य में कोई भी अपनी पत्नी पर ज़ुल्म करने का दु:साहस न कर सके।

गगन ने भी अपनी मेडिकल की परीक्षा पास कर ली। उसने साइकेट्री में पी•जी• की ताकि वह पीड़ित महिलाओं को से मुक्ति दिलाने में सहयोग दे सके। वह उनकी समस्याओं से अवगत होती और पीड़ित महिलाओं को परिजनों द्वारा प्रदत्त यातनाओं से मुक्ति दिलाने का भरसक प्रयास करती। । वह हर मरीज़ को पूरा समय देती;उसकी समस्याओं से अवगत होती और उसके पति व परिवारजनों को उसका पूरा ध्यान रखने को कहती। यदि फिर भी वे उसकी उपेक्षा करते, तो वह उन्हें कानून की धाराओं से परिचित कराती कि उन अप्रत्याशित परिस्थितियों में वे दंडित  भी किए जा सकते हैं।

रागिनी अपने मक़सद में क़ामयाब हो चुकी थी। वह अब अपनी बेटियों के नाम से जानी जाती थी। शहर में उन दोनों का दबदबा था; वे दोनों कर्तव्यनिष्ठ थीं, सजग थीं और निर्लिप्त भाव से अपने दायित्व का वहन कर रही थीं। उन दोनों के लिए अब अच्छे रिश्ते आने लगे थे

सो! रागिनी ने एक दिन दोनों से इस विषय में बात की, परंतु उन्होंने विवाह करने से इनकार कर दिया। मां के दबाव डालने पर उन्होंने पलट कर कहा कि ‘बहुत सुख दिया है पापा ने तुम्हें…कैसे हम सबकी ज़िंदगी को नरक बना कर रख छोड़ा था। फिर भी तुम हमसे विवाह करने की बात कह रही हो।

हां! मैं तुमसे पूरे होशो-हवास में यह सब कह रही हूं। यदि मैंने विवाह नहीं किया होता, तो तुम दोनों जैसी सुंदर व संस्कारवान बेटियां मुझे कहां से मिलतीं? मैं तुम्हारी मां हूं। मेरे लिए इससे बढ़कर अच्छी व गौरवपूर्ण बात और क्या हो सकती है?

ठीक है! मां हमारे धैर्य की परीक्षा मत लो। हमारी आज भी ना है और भविष्य में भी रहेगी। हम दोनों समाज में उन तिरस्कृत महिलाओं को न्याय दिलाने को दृढ़-प्रतिज्ञ हैं, जो आज भी दो जून की रोटी पाने के लिए ग़ुलामों-सा जीवन ढोने को विवश हैं।

उनके सामने जीने का न तो कोई लक्ष्य है, न ही कोई सरोकार। हम उन्हें वे सब अधिकार दिलाना चाहेंगी, ताकि वे सिर उठाकर दुनिया में जी सकें।

मां!पता नहीं तुम किस मिट्टी की बनी हो…ता- उम्र अकारण इतनी प्रताड़ना सहती रही और कभी उफ़् तक नहीं की। क्या तुम्हारे मन में नहीं आता कि पापा को उनके दुष्कर्मों की सज़ा मिलनी चाहिए?

ऐसी बातें मत करो। वे तुम्हारे पिता हैं।

हां! तुम उन्हें आज भी अपना पति मान सकती हो, परंतु हमारे लिए तो वे बरसों पहले मर चुके थे… जिस रात वे दूसरी आंटी को घर लाए थे और उस दिन उन्होंने हमें कमरे में बंद कर दिया था। उस रात जो शब्द हमने सुने थे, आज भी मस्तिष्क पर हथौड़े की भांति प्रहार करते हैं। तुम तो उसी कमरे में थीं और तुम्हारे सामने…तुम्हारा पत्नी होने का हक़ छीना गया था।

रागिनी कुसुम व गगन के संवाद सुनकर सन्न रह गई। उसे आभास हुआ कि जिन्हें वह मासूम समझती थी, वे कितनी समझदार हैं। आज तक वे अपने पिता के बारे में सब कुछ जानते हुए भी मौन रहीं। परंतु बरसों से जो लावा उनके अंतर्मन में सुलग रहा था, ज्वालामुखी के रूप में सहसा फूट निकला था। सो!रागिनी के पास उन्हें शांत करने के लिए अब कोई दलील नहीं थी।

●●●●

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted