श्री अरुण कुमार दुबे
(वरिष्ठ साहित्यकार श्री अरुण कुमार दुबे जी, उप पुलिस अधीक्षक पद से मध्य प्रदेश पुलिस विभाग से सेवा निवृत्त हुए हैं । संक्षिप्त परिचय ->> शिक्षा – एम. एस .सी. प्राणी शास्त्र। साहित्य – काव्य विधा गीत, ग़ज़ल, छंद लेखन में विशेष अभिरुचि। आज प्रस्तुत है, आपकी एक भाव प्रवण रचना “ज़िंदगी की उलझनें अपनी जगह…“)
☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ कविता # 110 ☆
ज़िंदगी की उलझनें अपनी जगह… ☆ श्री अरुण कुमार दुबे ☆
☆
सारे जग की दौलतों की चाहतें अपनी जगह
नेक रोज़ी की मगर हैं बरकतें अपनी जगह
*
दिल तो दिल है दिल की अपनी हसरतें अपनी जगह
और दिल पर इश्क़ की ये तोहमतें अपनी जगह
*
पिस रहा है हर बशर दो पाट के बस बीच में
मुश्किलें अपनी जगह हैं चाहतें अपनी जगह
*
ज़िंदगी की उलझनें अपनी जगह मुश्तेंद है
हम को हासिल फुरसतों की साअ‘तें अपनी जगह
*
इस क़दर क्यों कर नदीदा है समझता कौन है
मालो- ज़र अपनी जगह है बरकतें अपनी जगह
*
क्या कोई तक़दीर का लिख्खा मिटा सकता है दोस्त
मेहनतेँ अपनी जगह हैं राहतें अपनी जगह
*
अय दिले मगमूम तुझ को किस तरह समझाऊँ मैं
फ़ुरक़तें अपनी जगह हैं बहश्तें अपनी जगह
*
अहदे नौ के आदमी को काश आ जाये समझ
फ़ितरतें अपनी जगह हैं आदतें अपनी जगह
*
अब ये तेरा काम है चाहे जिसे अपना बना
उल्फ़तें अपनी जगह हैं नफ़रतें अपनी जगह
*
अय अरुण अपनी जगह दुनिया जहां के सारे काम
दोस्तों को दोस्तों की सोहबतें अपनी जगह
☆
© श्री अरुण कुमार दुबे
सम्पर्क : 5, सिविल लाइन्स सागर मध्य प्रदेश
सिरThanks मोबाइल : 9425172009 Email : arunkdubeynidhi@gmail. com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




