श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रेयस साहित्य # २२ ☆
☆ कविता ☆ ~ बिता लूंगा जिंदगी को ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆
☆
टूटना, फिर टूटना,फिर टूटना फिर टूट कर गिर जाना, जमीं पर
टूटती है कमर पर, उसको पकड़ कर, बैठ जाना जमीं पर
*
भाग्य में यदि यह ही लिखा है तो सही, यह ही सही है,
बिता लूंगा जिंदगी को, जो जहर खुद बन रही है,
मन का चंचल, व्यग्र होना,है नहीं भाता मगर,
रोक कर ही क्या करूंगा नृत्य ही यदि कर रही है,
घुटना, फिर घुटना, फिर घुटना घुट घुट के जीना, देखा है मैंने इस जमीं पर,
टूटती है कमर,पर उसको पकड़ कर , बैठ जाना फिर जमीं पर,
*
कागज कलम है हाथ मेरे, क्या ही है फिर दर्द मेरा,
लिखता रहूंगा,लिखता रहूंगा, लिखना ही है,बस फ़र्ज मेरा,
कर्ज है यदि जिंदगी का ,तो इसे भरना पड़ेगा,
भाव, कविता और कहानी, बस यही संसर्ग मेरा,
सोचना, फिर सोचना फिर सोचना फिर सोच करके बैठ जाना इस जमी पर
टूटती है कमर पर उसको पकड़ कर , बैठ जाना फिर जमीं पर
*
ए जमी, धरती मेरी,मेरा बजूद,कहना है इतना,
फ़र्ज है तो है निभाना, सिर्फ याराना है इतना,
फर्ज पूरा करता रहूँगा ,जितना निभा सकता हूँ मैं
भोगना तो पड़ेगा ही, भाग्य में लिखा है जितना
रोना रुलाना हंसना हंसना, रो रो के जीना, जी कर के फिर बैठ जाना जमीं पर
टूटती है कमर पर, उसको पकड़ कर , पकड़ कर, बैठ जाना जमीं पर
*
ईश मेरे कृपा कर तू,शक्ति कुछ मुझ में दिखा दे
कर्मपथ पर है अंधेरा,दीप कुछ ऐसा जला दे
हो उजाला जिंदगी में जिंदगी हंसने लगे फिर
रुक रहे थे पाँव जो, उंगली पकड़ उसको चला दे
सोना औ जगना जग जग के सोना, जग जग के बैठ जाना जमी पर,
टूटती है कमर पर, उसको पकड़ कर , पकड़ कर, बैठ जाना जमीं पर
☆
♥♥♥♥
© श्री राजेश कुमार सिंह “श्रेयस”
लखनऊ, उप्र, (भारत )
दिनांक 22-02-2025
≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




