सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – ढोल -मजीरे स्वयं बजाती…।
रचना संसार # 54 – गीत – ढोल -मजीरे स्वयं बजाती… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
☆
वोट बैंक के खाते से बस,
खेलें नेता होली है।
अवसरवादी राजनीति में,
रोज़ पदों की डोली है।।
*
धुत्त नशे में अब नेता हैं,
कालिख मुख गद्दारी की।
हुड़दंगी दल बदलू नाचें,
हद होती मक्कारी की।।
ढोल -मजीरे स्वयं बजाती,
बड़ी प्रजा यह भोली है।
*
घर-घर राजदुलारे जाते,
भूल गये सब मर्यादा।
दीप-तले ख़ुद अँधियारा है,
कुचल गया चलता प्यादा।।
फिरती झाड़ू उम्मीदों पर,
लगे जिगर में गोली है।
*
दल्लों की भरमार हुई है,
आप जान लो सच्चाई ।
पिचकारी ई डी की चलती,
रँगें जेल की अँगनाई।।
मुखिया आँख बँधीं पट्टी है,
शैतानों की टोली है।
☆
© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)
संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268
ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





