श्री श्याम खापर्डे
(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “वर्षा की पहली फुहार…”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 224 ☆
☆ # “वर्षा की पहली फुहार…” # ☆
☆
तपती हुई धूप
झूलसा हुआ रूप
गर्मी की मार
पसीने की बहती हुई धार
व्याकुल मन
जलता हुआ तन
छालों भरे पांव
पेड़ों की छांव
पानी की प्यास
शीतल जल की आस
यह बहते हुए बेड़े
लू के थपेड़े
ग्रीष्म ऋतु की गर्मी
जब शरीर को झुलसाती है
तब मानसून के वर्षा की
याद आती है
वर्षा की पहली फुहार
जीवन में लाती है बहार
किसान सूनी सूनी आंखों में
सपने सजाता है
खुशहाली के मन में
दीपक जलाता है
चारों दिशाओं में
बहती बेकाबू हवाओं में
धरती की सौंधी सौंधी
खुशबू की गंध होती है
धरती और आकाश के
मिलन की
मादक सुगंध होती है
वसुंधरा पर नया निखार आता है
यौवन का नया श्रृंगार आता है
कण कण में जीवन की
आस पलती है
चल हो या अचल
सब के अंदर
प्रीत की ज्योत जलती है
टिप टिप की धुन
कानों में कुछ कहती है
मादक बयार
मदहोशी में बहती है
धरती पर हरियाली छा जाती है
पेड़ों पर नई कोपलें आती है
खेतों में बैलों के गले की
घंटियां बजती है
खेत जोतने के औजारों से
कृषि की भूमि सजती है
जब खेत में नागर चलते हैं
रून-झुन रून-झुन से
पांव मचलते हैं
जब मिट्टी में बीज पड़ते हैं
तब आशाओं के स्वप्न
किसान गढ़ते हैं
जलते हुए तन
अतृप्त प्यासे मन
पहली फुहार में
भिगकर झूमते हैं
वर्षा की पहली बूंदों को
चूमते हैं
नाचते हैं गाते हैं
खुशियां मनाते हैं
हाथों में हाथ लिए
सांसों में समाते हैं
पहली वर्षा का पहला पानी
जीवन की कहता है
नई कहानी
वृद्ध हो या तरुणाई
सब पर उमंग है छाई
वर्षा की पहली फुहार
आंखों को था
जिसका इंतजार
खुशियां ही खुशियां
लाती है
कवि कालिदास सा
प्रेम गीत गाती है/
☆
© श्याम खापर्डे
फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो 9425592588
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






