प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’
(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी द्वारा रचित – “कविता – बड़ा कौन है?…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।)
☆ काव्य धारा # 231 ☆
☆ शिक्षाप्रद बाल गीत – बड़ा कौन है? ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆
☆
बड़ा नहीं बनता है कोई पद से या अधिकार से
बड़ा कहा जाता है मानव मन के सोच-विचार से।
*
जिनके मन में दया भाव और करुणा का आगार है
उनका आदर करता आया सदा सकल संसार है।
*
महावीर, गौतम और गाँधी तीनों बड़े उदार थे
इससे माने जाते सबसे बड़े संत संसार के ।
*
मिला बड़प्पन कभी न राजा, सिंहासन या ताज को
दिया बड़प्पन दुनिया ने मन की मीठी आवाज को।
*
कभी झलकता नहीं बड़प्पन कोई आकार प्रकार से
पर सौंदर्य निखरता दिखता मन के ममता-प्यार से।
*
छोटा हो भी बड़ा वही है जिसके प्रेमल भाव रहे
जिसके मन परिवार पड़ौसी और जग की परवाह।
*
छोटा-बड़ा हुआ करता है मानव निज व्यवहार से
नहीं कभी भी धन संग्रह से, पद से या अधिकार से।
☆
© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’
ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी भोपाल ४६२०२३
मो. 9425484452
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




