श्री श्याम खापर्डे
(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “सावन…” ।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 225 ☆
☆ # “सावन…” # ☆
☆
आ गया है सावन
आप भी आ जाइए
सुहाना है मौसम
मत शरमाइए
मंदिरों में बज रही है
घंटियाँ रात दिन
रात कट रही है
तारों को गिन गिन
चुभती हवाएं डस रही हैं
बनकर नागिन
आ जाओ जीना है
मुश्किल तुम बिन
भीगी भीगी काया की
अगन को बुझाइए
आ गया है सावन
आप भी आ जाइए
सावन की देखो लगी है झड़ी
बूंदो ने प्रीत की रचना है गढ़ी
कब तक रहोगी तुम दूर यूं खड़ी
बीत ना जाए मिलन की यह घड़ी
बूंदों की माला को तन पर सजाइये
आ गया है सावन
आप भी आ जाइए
कलियों पर देखो कितना निखार है
भंवरो को देखो कितना प्यार है
कण कण में देखो कितना खुमार है
बगिया को देखो तुम्हारा इंतज़ार है
सावन के झूलों में झूलने आ जाइए
आ गया है सावन आप भी आ जाइए
सावन कुदरत का अनमोल उपहार है
भक्ति-शक्ति प्रीत-गीत संगीत-श्रृंगार है
प्रियतम से मिलने की मादक पुकार है
उमंग में डूबा हुआ सारा संसार है
ईश्वर के वरदान को गले से लगाइए
आ गया है सावन आप भी आ जाइए
सुहाना है मौसम मत शरमाइए
☆
© श्याम खापर्डे
फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो 9425592588
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





