श्री राघवेंद्र तिवारी
(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी हिन्दी, दूर शिक्षा, पत्रकारिता व जनसंचार, मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित। 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘जहाँ दरक कर गिरा समय भी’ ( 2014) कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है आपका एक अभिनव गीत “मानस में कौंध रही...”)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ # 244 ☆।। अभिनव गीत ।। ☆
☆ “मानस में कौंध रही...” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆
(1971 का/ 55 वर्ष पुराना एक गीत)
☆
कुण्ठा को जकड़ रही
उलझन की रस्सियाँ
चोटियाँ बाँध रही
जैसे कुछ बच्चियाँ
दरवाजे देहरी से आ सटा
संशय का मुन्ना
जैसे कि जेब में अटक
रहा खोटा अधन्ना
माँग रहा लिखने को
पीड़ा की बत्तियाँ
मानस में कौंध रही
तीखी उत्तेजना
दुविधा को कल से
फिर कान्वेंट भेजना
एक साल पहले की
दोहराने गलतियाँ
सिर पर है नाम -करण
इकलौते बेटे का
भय को क्या नाम दूँ
तुलसी या गेटे का
( जब) नामों में नहीं हुई
अपनी ही नत्थियाँ
☆
© श्री राघवेन्द्र तिवारी
26 – 7 – 2025
संपर्क : ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047, मोब : 09424482812






