आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है – पूर्णिका – बादल ।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 246 ☆

☆ पूर्णिका – बादल  ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

☆ 

झूम-झूम कर बरसो बादल

भू से मिल कर हरषो बादल

.

दबे- दबाए गए  उग-बढ़ें

अंकुर तरु हों वर दो बादल

.

बिन घर-घाट भटकना छोड़ो

निर्झर नदी समुद हो बादल

.

नव आशा-अरमान सफलता

बनो, न बाढ़-विपद हो बादल

.

छप-छपाक् कर भीग नहाएँ

करो तर-ब-तर खुश हो बादल

.

बड़वानल-दावानल से मिल

ताप-दाह सब हर लो बादल

.

पानी रहे आँख का बाकी

पानी गँवा न गरजो बादल

.

हों संजीव अजीव-जीव सब

खुशहाली घर-घर दो बादल

.

ला घनश्याम बजाओ नगाड़े

हे घनश्याम न बरजो बादल

☆

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

१६.८.२०२५

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted