श्री श्याम खापर्डे
(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “जीने का अर्थ…”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # २३१ ☆
☆ # “जीने का अर्थ…” # ☆
☆
तुम्हारे पास आंखें हैं
अगर है
तो तुम्हें दिखाई क्यों नहीं देता ?
निर्बलों पर अत्याचार
महिलाओं पर बलात्कार
वंचितों का तिरस्कार
चुप अपराधों पर अखबार
क्या यह सब सही है ?
तुम्हारे पास कान है
अगर है
तो तुम्हें सुनाई क्यों नहीं देता ?
जरूरतमंद की पुकार
गरीब का भूख से हाहाकार
नारी का रुदन और धिक्कार
बुलडोजर से उजड़ता हुआ संसार
क्या यह सब सही है ?
तुम्हारे पास जिव्हा है
अगर है
तो तुम बोलते क्यों नहीं ?
जब कुचले जाते हैं वंचितों के अधिकार
शोषितों का शोषण होता बार-बार
निरपराध पर ज़ुल्म और पड़ती मार
लोकतंत्र हर पल हर घड़ी होता
तार तार
क्या यह सब सही है ?
अगर यह सब सही है
तो तुम अंधे हो
बहरे हो
गूंगे हो
तुम जैसे को
नहीं जीने का कोई अधिकार
तुम मुर्दा हो
इस धरती पर भार
अगर जीवित हो तो साबित करो
उठो, आगे बढ़ो
खुद को कुर्बान करो
जाओ,
अंबर से सितारे तोड़ कर लाओ
सुर्य बनकर दिन में ऊर्जा फैलाओ
रात में चांद बनकर
चांदनी जग पर बरसाओ
तभी तुम्हारे जीने का कोई अर्थ है
अन्यथा-
तुम्हारा जीवन सब व्यर्थ है /
☆
© श्याम खापर्डे
फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो 9425592588
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




