श्री श्याम खापर्डे
(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “वो तब भी नही मरा…”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # २३२ ☆
☆ # “वो तब भी नही मरा…” # ☆
☆
वह विषैले सांपों के
बीच में पला है
विष भी उसके
साथ-साथ चला है
आस्तीनों के सांपों ने
उसे कई बार डसा
और छला है
उसने सांपों के
कांटे जख्म पर
हमेशा अपना थूक मला है
वह तब भी नहीं मरा
और अब भी नहीं मरेगा
उसके शरीर पर
सांपों के काटने के
कई दाग है
इन दागों में
धधकती हुई आग है
उसकी आंखों में विष भरे
जलते हुए शोले है
छलनी हो गया संसार
जब उसने मुंह खोल
अपने शब्द बोले हैं
वह तब भी नहीं मरा
और अब भी नहीं मरेगा
उसने अपने नागपाश से
कितने सिंहासनोंको बचाया है
अपना शोर्य, पराक्रम, सूझबूझ
और चातुर्य दिखाया है
जब उसने अपना नागपाश खोला है
तो इतिहास गवाह है
कई साम्राज्यों का सिंहासन डोला है
वह तब भी नहीं मरा
और अब भी नहीं मरेगा
वह रोज सांपों के
संग खेलता है
सांपों के दंस को
अपने शरीर पर झेलता है
आजकल सांप
उससे डरते हैं
क्योंकि,
उसको डसने पर
ज्यादातर सांप ही मरते हैं
इसलिए वह तब भी नहीं मरा
और अब भी नहीं मरेगा
चाहे लाख कर ले जमाना
वह नहीं डरेगा
वह तब भी नहीं मरा था
और अब भी नहीं मरेगा /
☆
© श्याम खापर्डे
फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो 9425592588
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





