श्री संतोष नेमा “संतोष”
(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में आज प्रस्तुत है – संतोष के दोहे – दीप। आप श्री संतोष नेमा जी की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)
☆ साहित्यिक स्तम्भ – इंद्रधनुष # २७९ ☆
☆ संतोष के दोहे – दीप ☆ श्री संतोष नेमा ☆
☆
रात अमावस सहम कर, खड़ी रही चुपचाप
इक छोटे से दीप की, सुनते ही पदचाप
*
रोशन रखिये दिल सदा, मन में रख विश्वास
झूमें शशि की रश्मियाँ, घर घर करें उजास
*
दीप, तेल अरु वर्तिका, इनका अनुपम खेल
रोशन करे जहान को, इन तीनों का मेल
*
चंदा छिपकर देखता, दीपों की बारात
तारे भी अब चमककर, करते दिल की बात
*
मात शारदे पूजते, लक्ष्मी और गणेश
चौक द्वार तोरण लगें, करते तभी प्रवेश
*
अवध नगरिया सज गई, चहुँ दिशि हुआ उजास
राम आगमन देख सब, सब में है उल्लास
*
चकरी चलतीं बम चलें, करें फटाके धूम
फुलझड़ियाँ हँस कर कहें, रहो प्रेम सँग झूम
*
रखें सभी यह लालसा, लक्ष्मी आए द्वार
आँगन सजी रंगोलियाँ, द्वारे वंदनवार
*
आज हवा से लड़ रहा, एक अकेला दीप
लिए चुनौती सामने, हरता तिमिर प्रदीप
*
दीवाली के नाम पर, विज्ञापन भरमार
सजे हुए बाजार हैं, किंतु जेब लाचार
*
निर्धन के मन में तिमिर, काहे का त्योहार
खींचतान कर चल रहा, निर्धन का परिवार
*
शुभ, स्वास्थ, धन संपदा, हो सबका कल्यान
सब के हिय “संतोष” हो, दीपक ज्योति महान
☆
© संतोष कुमार नेमा “संतोष”
वरिष्ठ लेखक एवं साहित्यकार
आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.) मो 7000361983, 9300101799
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




