डॉ सत्येंद्र सिंह
(वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सत्येंद्र सिंह जी का ई-अभिव्यक्ति में स्वागत। मध्य रेलवे के राजभाषा विभाग में 40 वर्ष राजभाषा हिंदी के शिक्षण, अनुवाद व भारत सरकार की राजभाषा नीति का कार्यान्वयन करते हुए झांसी, जबलपुर, मुंबई, कोल्हापुर सोलापुर घूमते हुए पुणे में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी के पद से 2009 में सेवानिवृत्त। 10 विभागीय पत्रिकाओं का संपादन, एक साझा कहानी संग्रह, दो साझा लघुकथा संग्रह तथा 3 कविता संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी झांसी, जबलपुर, छतरपुर, सांगली व पुणे महाराष्ट्र से रचनाओं का प्रसारण। जबलपुर में वे प्रोफेसर ज्ञानरंजन के साथ प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े रहे और झाँसी में जनवादी लेखक संघ से जुड़े रहे। पुणे में भी कई साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वे मानवता के प्रति समर्पित चिंतक व लेखक हैं। अप प्रत्येक बुधवार उनके साहित्य को आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक विचारणीय आलेख – “नशा… “।)
☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ सत्येंद्र साहित्य # 26 ☆
लघुकथा – नशा… ☆ डॉ सत्येंद्र सिंह ☆
दुनिया से परेशान होकर
नशा करना सीखा
अब नशे से परेशान हैं.
हमारी तथाकथित प्रगति का ही
परिणाम है नशा,
नशे की चीजें,
पर चीजों के क्यों कोसते हैं,
बनाने वालों को क्यों नहीं.
इस नशे से आदमी मरता है
कौन नहीं जानता,
फिर भी नशे की चीजें
हर रोज आविष्कृत हो रही हैं,
क्या बनाने वाला नहीं जानता.
आदमी को मारने के लिए
आदमी इतना उतावला है
कि हर रोज नये हथियार
बना रहा है,
पलक झपकते पूरे देश-
दुनिया को खत्म कर दे,
ऐसे जैविक, अणु परमाणु
हथियार बना रहा है,
क्योंकि दूसरे पर राज करना है
यह भूलकर कि
सारे आदमी मर जाएंगे
तो राज किस पर करेगा.
और फिर
जीकर भी क्या करेगा.
इसलिए अपने अंदर की
सच्चाई से भाग रहा है
उसका सामना करने का
साहस जो नहीं है,
नशे की आड़ में
अपने को भुला रहा है.
और जब साहस
एकदम जबाव दे जाता है,
तो मनुष्य का समूचा अस्तित्व
समाप्त हो जाता है
और एक नशीला व्यक्ति
खड़ा हो जाता है
अपना आप से दूर…….
बेहोश.
ऐसी बेहोशी
जिसकी चिकित्सा नहीं
चिकित्सा रोग की होती है
पलायन की नहीं.
जिसे ठीक होना है
अपने आपसे
दूर भागना बंद करदे
रुक जाए, थम जाए
फिर आपने आपको देखे,परखे
किसी और को न देखे
सिर्फ़ अपने आपको देखे
और फिर क्रांति
घटित होते देखे.
☆
© डॉ सत्येंद्र सिंह
सम्पर्क : सप्तगिरी सोसायटी, जांभुलवाडी रोड, आंबेगांव खुर्द, पुणे 411046
मोबाइल : 99229 93647
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






बहुत सुंदर विचारणीय प्रस्तुति
प्रबोधनात्मक रचना।हार्दिक बधाई!💐