डॉ सत्येंद्र सिंह
(वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सत्येंद्र सिंह जी का ई-अभिव्यक्ति में स्वागत। मध्य रेलवे के राजभाषा विभाग में 40 वर्ष राजभाषा हिंदी के शिक्षण, अनुवाद व भारत सरकार की राजभाषा नीति का कार्यान्वयन करते हुए झांसी, जबलपुर, मुंबई, कोल्हापुर सोलापुर घूमते हुए पुणे में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी के पद से 2009 में सेवानिवृत्त। 10 विभागीय पत्रिकाओं का संपादन, एक साझा कहानी संग्रह, दो साझा लघुकथा संग्रह तथा 3 कविता संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी झांसी, जबलपुर, छतरपुर, सांगली व पुणे महाराष्ट्र से रचनाओं का प्रसारण। जबलपुर में वे प्रोफेसर ज्ञानरंजन के साथ प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े रहे और झाँसी में जनवादी लेखक संघ से जुड़े रहे। पुणे में भी कई साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वे मानवता के प्रति समर्पित चिंतक व लेखक हैं। अप प्रत्येक बुधवार उनके साहित्य को आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक विचारणीय कविता – “गंदगी… “।)
☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ सत्येंद्र साहित्य # 27 ☆
कविता – गंदगी… ☆ डॉ सत्येंद्र सिंह ☆
गंदगी हमेशा से समस्या रही है
घर में गली मोहल्ले में
गांव में शहर में
कूड़ा कर्कट कचरा की गंदगी
जीना दुर्लभ बना रही है।
गंदगी बाहर हो तो दिखती है
अंदर हो तो नहीं दिखती
पर अंदर से बाहर निकलती
जरूर है
और
जब निकलती है
अपने निशान
छोड़ जाती है।
शरीर की गंदगी
समय पर न निकली तो
हर कर्मेंद्रिय से निकलती है
और कभी दुर्गंध
कभी घाव व बीमारी
अपने निशान
अवश्य
दे जाती है।
मन की गंदगी
किसी को भी नहीं दिखती
स्वयं को जरूर दिखती है
और उसे निकालने हेतु
सावधान रहना चाहिए
वरना
लोभ मोह का परदा
ऐसे ढंक लेता है कि
मन गंदगी का
स्वरूप ही
धारण कर लेता है।
आत्मा की गंदगी
होती नहीं
डाली जाती है
पद की मद की अहंकार की
धन की ताकत की
मिथ्या अहम् की
जो भगवान ही बनना
चाहता है
सब पर शासन करना
चाहता है
चाहे उसके लिए
कुछ भी करना पडे
और वह गंदगी
राक्षस बन जाती है।
आइए गंदगी हटाना शुरू करें
पहले घर गली मोहल्ले की
गांव शहर धरती की
शरीर की मन की
और फिर आत्मा की।
गंदगी रहित जीवन
जीना ही स्वर्ग है।
☆
© डॉ सत्येंद्र सिंह
सम्पर्क : सप्तगिरी सोसायटी, जांभुलवाडी रोड, आंबेगांव खुर्द, पुणे 411046
मोबाइल : 99229 93647
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈







लाजवाब। गंदगी का प्रतीक लेकर बहुत ज़रूरी बात बड़े ही सहज ढंग से कह दी गई है।
बहुत ही सार्थक।
अद्भुत रचना।
बहुत सार्थक, गहराई लिए बेहतरीन रचना
वास्तविकता को शब्दों में उकेरा है, बहुत सुंदर।
मनुष्य जन्म की सार्थकता के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी दी है।धन्यवाद सहित बधाइयाँ!💐
सुंदर रचना