श्री प्रदीप शर्मा
(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “नानखटाई…“।)
अभी अभी # ११३३ ⇒ आलेख – नानखटाई
श्री प्रदीप शर्मा
जो न तो मिठाई है, और न ही जिसमें खटाई है, वह और कुछ नहीं, बस नानखटाई है। बाटी के आकार का, खुशी से फूल कर कुप्पा, यह एक ऐसा भूला बिसरा बेकरी प्रॉडक्ट है, जो बचपन में स्कूल के दिनों में हमें ललचाया करता था। हम इसे नाक कटाई भी कहते थे।
शहर के व्यस्ततम महात्मा गांधी मार्ग पर एक बिना तले समोसे की दुकान थी, जिसे एवरफ्रेश कहते थे। यहां बिना तले समोसे के अलावा ब्रेड बिस्किट, केक, पेस्ट्री, केक रस्क, और क्रीम रोल के साथ साथ ही, एक ट्रे में गोलमटोल नान खटाई भी विराजमान रहती थी। चूंकि अधिकतर बेकरी सिन्धियों और मुसलमानों की होती थी, इसलिए शहर में कड़ाही के समोसे कचोरी और पोहे जलेबी को इनसे कोई खतरा नहीं था।।
दिन में दुकान और रात में गुमटी में तब्दील होने वाली इन गुमटियों में, एवरफ्रेश के पास ही हमारी भी दुकान थी। एवरफ्रेश में एक सीधा सादा, कम उम्र का मेहनती लड़का काम करता था, जिसे आजकल सेल्समैन कहा जाता है। हमने उस लड़के का नामकरण प्यार से नानखटाई रख दिया था। चूंकि एवरफ्रेश बेकरी का कारखाना भी हमारे निवास के आसपास ही था, इसलिए एवरफ्रेश एक तरह से हमारा परिवार हो गया था।
नामकरण एक संस्कार है। जिसे रीति रिवाज से संपन्न किया जाता है लेकिन प्यार से बड़ा भी क्या कोई संस्कार हुआ है। हम जब किसी अनजान बच्चे को गोद में लेते हैं तो अनजाने में ही उसे प्यार से एक नाम दे देते हैं और वह उसका प्यार का, घर का नाम हो जाता है। बच्चों को पप्पू, गुड्डू, बाबा, मुन्ना राजा, प्रिंस, तो ठीक, भैया, छोटा, नाना, पोपट, नन्नू और मन्नू जैसे नामों से पुकारा जाता है और बच्चियां बड़ी होकर बूढ़ी भी हो जाती हैं फिर भी, छोटी, मझली, बड़की, बिट्टी, मोना, सोना, पप्पी, गुड्डी और मुन्नी ही कहलाती है।।
किसी का प्यार से नाम रखना, और नाम धरने में बड़ा अंतर है। नान खटाई हमने जिस लड़के का नाम रखा था, वह दिल्ली के किसी गरीब परिवार का था। उनके करीबी रिश्तेदार एवरफ्रेश में आए तो अपने दूर के इस लड़के को भी साथ ले आए। दिन में एवरफ्रेश में काम करता, रात को पास की गुमटी में सो जाता। सर्दी, गर्मी, बरसात, सरकारी नल के नीचे ही स्नान ध्यान ! सुख दुख की बातें शेयर होती। कम पढ़ा लिखा था। उसके घर चिट्ठी लिखने का मेरा काम था। कुछ, लिखवाता, सुनवाता, फिर आगे लिखवाता। पता उसने किसी से डायरी में नोट करवा लिया था, मॉडल टाउन, शक्ति नगर, पुरानी दिल्ली।
कुछ वर्ष बाद उसकी इधर शादी हुई, उधर नौकरी छूटी। पलासिया चौराहे पर एक दुकान ली, किराए का मकान लिया। मेहनत और संघर्ष क्या कभी खत्म हुआ है। यह दुकान भी खाली करनी पड़ी। कुछ साल बाद अचानक फोन आया। रामगंज मंडी में हूं। एक ढाबा खोल लिया है। फिर एक लंबा विराम। कल अचानक फोन आया। लडके की बैंक में नौकरी लग गई है। मकान भी किस्तों में लड़के ने ले लिया है। कब आ रहे हो। बस यही कहानी है नान खटाई की।।
एक नाम प्यार से दिया जाता है और एक नाम नफरत से दिया जाता है। इंसानियत हमें प्यार सिखाती है और सियासत नफरत। हमने सीता को ही नहीं बदनाम किया, गंगा को ही नहीं मैला किया, बच्चों के नामों के साथ भी खिलवाड़ किया। आज पप्पू के साथ कर रहे हैं, कल किसी और के नाम के साथ करेंगे।
हम इतने बड़े तो हो गए, इतने समझदार भी हो गए। अभी और कितने बड़े होंगे, कितने समझदार होंगे। प्यार में छोटा होना हम कब सीखेंगे। प्यार की नहीं नफरत की होड़। कैसा है यह समय का मोड़। मन खट्टा हो गया है। आज नान खटाई से मुंह का स्वाद बदलूंगा। क्योंकि आज नान खटाई के जीवन में फिर खुशियां छाई हैं।।
© श्री प्रदीप शर्मा
संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर
मो 8319180002
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





