डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’
(डॉ विजय तिवारी ‘ किसलय’ जी संस्कारधानी जबलपुर में साहित्य की बहुआयामी विधाओं में सृजनरत हैं । आपकी छंदबद्ध कवितायें, गजलें, नवगीत, छंदमुक्त कवितायें, क्षणिकाएँ, दोहे, कहानियाँ, लघुकथाएँ, समीक्षायें, आलेख, संस्कृति, कला, पर्यटन, इतिहास विषयक सृजन सामग्री यत्र-तत्र प्रकाशित/प्रसारित होती रहती है। आप साहित्य की लगभग सभी विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी सर्वप्रिय विधा काव्य लेखन है। आप कई विशिष्ट पुरस्कारों /अलंकरणों से पुरस्कृत /अलंकृत हैं। आप सर्वोत्कृट साहित्यकार ही नहीं अपितु निःस्वार्थ समाजसेवी भी हैं।आप प्रति शुक्रवार साहित्यिक स्तम्भ – किसलय की कलम से आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक अत्यंत विचारणीय एवं सार्थक आलेख “महामारियों से सीख लेना परमावश्यक”।)
☆ किसलय की कलम से # 58 ☆
☆ महामारियों से सीख लेना परमावश्यक ☆
छिति, जल, पावक, गगन, समीरा
पंच रचित् अति अधम सरीरा
प्राणियों और वनस्पतियों का जीवन उक्त पंच महाभूतों, पृथ्वी के विभिन्न तत्त्वों व इनसे निर्मित पदार्थों पर निर्भर है। प्रत्येक प्राणियों एवं वनस्पतियों में विभिन्न कारणों से कोई न कोई बीमारी लगना आम बात है। इन बीमारियाँ के अनेक प्रकार होते हैं। कुछ बीमारियाँ गंभीर प्रकृति की होती हैं, जिनसे जीव व वनस्पतियों का अंत भी होता आया है। बीमारियों का क्षेत्र सीमित अथवा व्यापक हो सकता है। इनकी अवधि कुछ दिनों से लेकर कई कई वर्षों तक हो सकती है।
विश्व में मनुष्यों की बीमारियों को लेकर लगातार अनुसंधान व इनके सटीक उपचार हेतु गहन अध्ययन व परीक्षण किये जा रहे हैं। नई-नई दवाईयों की खोज निरंतर की जा रही है। हम इतिहास देखें तो पाएँगे कि लाल बुखार, प्लेग, मलेरिया, बड़ी चेचक, एड्स, स्वाइन फ्लू एवं इस सदी की कोरोना (कोविड-19) जैसी भयानक महामारी की विभिषिकाओं ने तात्कालिक जनजीवन अस्त-व्यस्त किया है। बावजूद इसके मानव ने इन सब पर विजय भी प्राप्त की है। कोरोना बीमारी के विरुद्ध भारत की त्वरित सुरक्षात्मक प्रशासनिक कार्यवाही व कोरोना रोगप्रतिरोधी टीकाकरण अभियान ने विश्व को दिखा दिया है कि भारत द्वारा कोरोना विरोधी अभियान सबसे कारगर था।
विगत में फैली महामारियों के दुष्परिणामों एवं वर्तमान के कोरोना से अस्त-व्यस्त हुए समाज को पुनः पटरी पर आने में पता नहीं कितना वक्त लगेगा। इस महामारी के दौरान जनहानि के तो ऐसे ऐसे हृदय-विदारक दृश्य उपस्थित हुए हैं कि जिन्हें आजीवन नहीं भुलाया जा सकेगा। लोगों के रोजगार-धंधे चौपट हो गए। अच्छे-भले व्यापारी सड़क पर आ गए। लोगों का जमा जमाया कारोबार ठप्प हो गया। गरीबों की हालत बयां करने हेतु हमारे पास शब्द नहीं हैं। सामयिक सरकारी राहत तथा खाद्य सामग्री के भरोसे जीवन सँवरा नहीं करते। भूख मिटाना आपदा में आई मुसीबत का निराकरण नहीं है। कोरोना के पूर्व लोग जिस तरह अपने पसंद की जिंदगी जी रहे थे, क्या अभी संभव है, ये बात संपन्न-संभ्रांत लोगों की नहीं, सर्वहारा समाज की है। रोज की मजदूरी से जीवन-यापन करने वाले लोगों ने जो पाई-पाई जोड़कर कुछ रकम बचाई थी, वह तो कोरोना अवधि की बेरोजगारी के चलते समाप्त हो गई। अब तो यदि मजदूरी नहीं की तो खाने के भी लाले पड़ जाएँगे, अभी ये बचत की सोच भी नहीं सकते।
दुर्घटनाएँ, बीमारियाँ अथवा कोई महामारी बताकर नहीं आती। अचानक आई आपदा निश्चित रूप से बहुत हानिकारक व भयावह होती है। विगत से ली गई सीख और इस कोरोना महामारी ने जनसामान्य एवं सरकार को भी सतर्क रहने तथा ऐसी किसी भी विकट परिस्थितियों से निपटने के लिए सदैव तत्पर रहना सिखा दिया है।
एक अहम बात संपूर्ण विश्व की समझ में आ चुकी है कि भविष्य में ऐसी आपदाओं का आना पुनः संभाव्य है, बस हमें समय व स्थान का पता नहीं होगा। हम विगत की महामारियों के दुष्परिणाम पूर्व में ही सुन चुके हैं। अब हमने वर्तमान कोरोना महामारी का प्रलयंकारी रूप भी देख लिया है। इन महामारियों से बचना और बचाना अब हर मानव का सामाजिक दायित्व बन गया है। बूँद-बूँद जल से घड़ा भरता है। एक और एक ग्यारह भी होते हैं। इसलिए ‘पहले आप’ के स्थान पर ‘पहले स्वयं’ ही अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना और सुरक्षित रहना सीख लें। तभी ये बातें सार्थक होंगी।
इतनी विपरीत परिस्थितियों में रहकर भी यदि हम नहीं सुधरे, आशय यह है कि हम अब भी नवीनतम तकनीकि जनित सुख-सुविधाओं व ऐशोआराम के पीछे ही पड़े रहे, तो यह बात भी स्मरण रखिये कि ऐसी परिणति का ‘कोरोना’ सिर्फ एक नमूना है, इससे भी विषम परिस्थितियों का सामना भविष्य में करना पड़ सकता है।
हमें अब अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारना बंद करना होगा। आज हम जिस डाल पर बैठे हैं उसी डाल को ही काटने पर तुले हुए हैं, अर्थात हम जिस धरा पर जीवन जी रहे हैं, उसी का बेरहमी से दोहन कर रहे हैं, दुरुपयोग और अत्याचार कर रहे हैं। यदि अब भी मानव ने प्रकृति के साथ छेड़छाड़ बंद नहीं की। प्रकृति के अनुकूल उसके आँचल में जीना प्रारंभ नहीं किया तो भविष्य बदतर और भयानक होगा ही, मौलिक जरूरतें जैसे हवा, पानी, आवास, प्राकृतिक खाद्य सामग्रियों के भी लाले पड़ने वाले हैं। तब इन सब के अभाव में मृत्यु जैसी घटनाओं को भी सहजता में लिया जाएगा, हम इसे भी न भूलें।
आज इन महामारियों से सीख लेना परमावश्यक हो गया है। हमें प्रगति की अंधी दौड़ से बचना होगा। हमें पर्यावरण बचाना होगा। साथ ही प्रकृति के निकट रहने के आदत डालना होगी। वर्तमान की जीवन शैली का परित्याग कर हमें स्वीकार करना होगा कि भारतीय परंपरानुसार जीवन जीना ही हर आपदा का निदान है।
आईये, अपने वेदोक्त-
सर्वे भवन्तु सुखिनः,
सर्वे सन्तु निरामया।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु
मा कश्चित् दुख भाग् भवेत्
अर्थात सभी सुखी हों, सभी रोग मुक्त रहें, सभी मंगलमय के साक्षी बनें और किसी को भी दुख का भागी न बनना पड़े।
उक्त भावों को हृदयंगम करते हुए हम ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ के प्रयास प्रारंभ करें। निश्चित रूप से सुख-शांति का सबके जीवन में डेरा होगा।
© डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’
पता : ‘विसुलोक‘ 2429, मधुवन कालोनी, उखरी रोड, विवेकानंद वार्ड, जबलपुर – 482002 मध्यप्रदेश, भारत
संपर्क : 9425325353
ईमेल : vijaytiwari5@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈





आलेख प्रकाशन हेतु आभार अग्रज।
-किसलय