श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “विचारों का आखेट।)

?अभी अभी # 343 ⇒ विचारों का आखेट? श्री प्रदीप शर्मा  ?

शेर को जंगल का राजा कहा गया है। एक जंगल हमारे विचारों का भी है, और हम ही उस जंगल के राजा हैं। एक शेर की तरह हम अपने विचारों के जंगल में निर्विघ्न घूमते हैं, जब भी हमें भूख लगती है, हम अपने ही विचारों का आखेट कर लेते हैं।

हमारे विचारों के इस जंगल में प्रवेश तो कोई भी कर सकता है, लेकिन हमारे अदृश्य विचारों का शिकार नहीं कर सकता। विचार हमारे मन के आंगन में निर्द्वंद्व विचारा करते हैं। एक उड़ती चिड़िया की तरह हमें अपने ही विचारों को शब्दों और लेखनी के पिंजरे में कैद करना पड़ता है। आप चाहें तो हमारे मन को विचारों का चिड़ियाघर अथवा अजायबघर भी कह सकते हैं।।

आत्मा की तरह ही विचार भी अमर हैं। विचार प्रकट और अप्रकट दोनों होते हैं, प्रकट विचारों का कोई कॉपीराइट नहीं होता। लेकिन पुस्तक के रूप में प्रकट विचारों का कॉपीराइट हो सकता है।

मनुष्य के अप्रकट विचार एक ऐसा अक्षुण्ण भंडारगृह है, कुबेर का खजाना है, गोडाउन है, जिसका कभी क्षरण नहीं होता।

हमारी विचार गंगा कहां से निकलती है, कोई नहीं जानता, इसका कोई गोमुख नहीं, लेकिन इस ज्ञान रूपी गंगासागर के गर्भ में कितने मोती हैं, कोई नहीं जानता।

जो प्रकट है, वह अनमोल मोती है, और जो अभी अप्रकट है, उसकी कोई थाह नहीं।।

एक ऐसा नंदन कानन है हमारा मन, जिसमें स्मृतियों और संकल्प विकल्पों के बीच नए विचार भी पनप रहे हैं। इधर मन ने संस्कार संचित किया उधर विचार पीछे पीछे चले आए बाराती की तरह। अमृत मंथन की तरह हमारे विचारों का भी मंथन चलता रहता है। अफसोस, अमृत तो सभी चाहते हैं, लेकिन यहां किसी नीलकंठ विषपायी का नितांत अभाव है।

पृथ्वी के गर्भ की तरह ही हमारे विचारों और संस्कारों के गर्भ में क्या है, कौन जानता है। जब विचारों का निर्झर बाहर आता है, तब ही पता चलता है, यह गुप्तगंगा है अथवा कोई ज्वालामुखी। कहीं प्रेम की गंगा तो कहीं नफरत का ज्वालामुखी।

विचारों में आग भी है, ठंडक भी, अमृत भी है और जहर भी। हमारे मन के नंदन कानन में केवल फूल ही खिले, कांटे नहीं, प्रेम और अमृत ही संचित हो, नफरत का ज़हर नहीं, इसका केवल एक ही उपाय है, नीलकंठ महादेव की शरण ;

हे नीलकंठ, हे महादेव

ऐसी कृपा अब कर दो।

मेरे मन में जहर भरा है

उसको अमृत कर दो।।

हे नीलकंठ, हे महादेव , ,

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments