श्री राजेन्द्र तिवारी
(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी जबलपुर से श्री राजेंद्र तिवारी जी का स्वागत। इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएं देने के पश्चात मध्य प्रदेश पुलिस में विभिन्न स्थानों पर थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए समाज कल्याण तथा देशभक्ति जनसेवा के कार्य को चरितार्थ किया। कादम्बरी साहित्य सम्मान सहित कई विशेष सम्मान एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित, आकाशवाणी और दूरदर्शन द्वारा वार्ताएं प्रसारित। हॉकी में स्पेन के विरुद्ध भारत का प्रतिनिधित्व तथा कई सम्मानित टूर्नामेंट में भाग लिया। सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहा। हम आपकी रचनाएँ समय समय पर अपने पाठकों के साथ साझा करते रहेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण कविता ‘नदिया बहती रही…‘।)
☆ कविता – नदिया बहती रही… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆
☆
कूलों ने कहा कि, थम जाओ,
वृक्षों ने कहा कि रुक जाओ,
वह सुनती रही, पर चलती रही,
मंद प्रवाहिनी बहती रही,
नदिया, बहती रही, बहती रही.
*
मोह के बंधन तोड़ चली,
नेह का नाता छोड़ चली,
उलझ गई वो पर्वत से,
सागर से नाता जोड़ चली,
नदिया बहती रही, बहती रही,
*
लहर लहर लहराती रही,
मधुर मधुर मुस्काती रही,
खेतों में, खलिहानों में,
लगी फसल सहलाती रही,
नदिया बहती रही, बहती रही,
*
दुर्गम पथ पर चलती रही,
राह के शूल बहाती रही,
राह न पूछी सागर की,
सागर में ही मिलती रही,
नदिया बहती रही, बहती रही,
☆
© श्री राजेन्द्र तिवारी
संपर्क – 70, रामेश्वरम कॉलोनी, विजय नगर, जबलपुर
मो 9425391435
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/ ≈






