श्री आशीष कुमार

(युवा साहित्यकार श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। अब  प्रत्येक शनिवार आप पढ़ सकेंगे  उनके स्थायी स्तम्भ  “आशीष साहित्य”में  उनकी पुस्तक  पूर्ण विनाशक के महत्वपूर्ण अध्याय।  इस कड़ी में आज प्रस्तुत है   “ अश्वत्थामा ।)

Amazon Link – Purn Vinashak

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – ☆ आशीष साहित्य – # 27 ☆

☆ अश्वत्थामा 

महाभारत के युद्ध में अश्वत्थामा ने सक्रिय भाग लिया था। महाभारत युद्ध में वह कौरव-पक्ष का एक सेनापति था। उसने भीम-पुत्र घटोत्कच (अर्थ : गंजा व्यक्ति,उसका नाम उसके सिर की वजह से मिला था, जो केशो से वहींन था और एक घट, मिट्टी का एक पात्र की तरह के आकार का था, घटोत्कच भीम और हिडिंबा पुत्र था और बहुत बलशाली था) को परास्त किया तथा घटोत्कच पुत्र अंजनपर्वा(अर्थ : अज्ञात त्यौहार, उसे यह नाम मिला क्योंकि उसके जन्म के समय आस पास का वातावरण बिना किसी त्यौहार के ही त्यौहार जैसा हो गया था) का वध किया। उसके अतिरिक्त द्रुपदकुमार (अर्थ : दोषपूर्ण), शत्रुंजय (अर्थ : दुश्मन पर विजय), बलानीक (अर्थ : बच्चे की तरह निर्दोष), जयानीक (अर्थ : सत्य की जीत), जयाश्व (अर्थ : एक विशेष उद्देश्य में जीत)तथा राजा श्रुताहु (अर्थ : स्मृति का  प्रवाह)को भी मार डाला था। उन्होंने कुंतीभोज(अर्थ : ज्ञान प्राप्त करने की इच्छा) के दस पुत्रों का वध किया। द्रोण और अश्वत्थामा पिता-पुत्र की जोड़ी ने महाभारत युद्ध के समय पाण्डव सेना को तितर-बितर कर दिया।

पांडवों की सेना की हार देख़कर भगवान श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर (अर्थ : “वह जो युद्ध में स्थिर है”, युधिष्ठिर पाँच पाण्डवों में सबसे बड़े भाई थे। वह पांडु और कुंती के पहले पुत्र थे। युधिष्ठिर को धर्मराज (यमराज) पुत्र भी कहा जाता है। वो भाला चलाने में निपुण थे और वे कभी झूठ नहीं बोलते थे) से कूटनीति सहारा लेने को कहा। इस योजना के तहत यह बात फैला दी गई कि “अश्वत्थामा मारा गया” जब गुरु द्रोणाचार्य ने धर्मराज युधिष्ठिर से अश्वत्थामा की सत्यता जानना चाही तो उन्होने उत्तर दिया”अश्वत्थामा मारा गया परन्तु हाथी”, परन्तु उन्होंने बड़े धीरे स्वर में “परन्तु हाथी” कहा, और झूट बोलने से बच गए। इस घटना से पूर्व पांडवों और उनके पक्ष के लोगों की भगवान श्री कृष्ण के साथ विस्तृत मंथना हुई कि ये सत्य होगा कि नहीं “परन्तु हाथी” को इतने स्वर में बोला जाए। श्रीकृष्ण ने उसी समय शन्खनाद किया, जिसके शोर से गुरु द्रोणाचार्य आखरी शब्द नहीं सुन पाए। अपने प्रिय पुत्र की मृत्यु का समाचार सुनकर आपने शस्त्र त्याग दिये और युद्ध भूमि में आखें बन्द कर शोक अवस्था में बैठ गये। गुरु द्रोणाचार्य जी को निहत्ता जानकर द्रोपदी के भाई द्युष्टद्युम्न (अर्थ : “कार्रवाई में तेज”,पांचालराज द्रुपद का अग्नि तुल्य तेजस्वी पुत्र। यह पृषत अथवा जंतु राजा का नाती, एवं द्रुपद राजा का पुत्र था) ने तलवार से उनका सिर काट डाला। अश्वत्थामा ने द्रोणाचार्य वध के पश्चात अपने पिता की निर्मम हत्या का बदला लेने के लिए पांडवों पर नारायण अस्त्र का प्रयोग किया । जिसके आगे सारी पाण्डव सेना ने हथियार डाल दिए ।

युद्ध के 18 वें दिन केवल तीन कौरव योद्धा जीवित बचे थे अश्वत्थामा, कृपाचार्य और कृतवर्मा (अर्थ : आत्मविश्वास के लिए प्रसिद्ध)। उसी दिन अश्वत्थामा ने सभी पांडवों को मारने के लिए एक शपथ ली। रात्रि में अश्वत्थामा ने एक उल्लू देखा जो कौवे के परिवार पर आक्रमण करता था और सभी कौवों को मार देता था। इसे देखने के बाद, अश्वत्थामा भी ऐसा करने का निर्णय करता है।

उसने अपनी योजना को निष्पादित करने के लिए अपने साथी योद्धा कृपा और कृतवर्मा की सहायता ली। अश्वत्थामा ने इसी तरह की स्थिति में अपने पिता की मृत्यु का हवाला देते हुए अपने नियोजित हमले को न्यायसंगत ठहराया, और वचन दिया कि वह पांडवों को उसी तरह उत्तर देगा, क्योंकि उन्होंने युद्ध के नियमों का उल्लंघन करके उसके पिता की हत्या की थी।

जब तीनों ने पांडवों के शिविर पर हमला किया, तो उन्हें द्वारपर एक बड़े राक्षस का सामना करना पड़ा। उस राक्षस ने आसानी से अश्वत्थामा, कृपा और कृतवर्मा के हमले को निष्फल कर दिया। यह समझाते हुए कि भाग्य उनके पक्ष में नहीं है, अश्वत्थामा ने महादेव से आशीर्वाद लेने का निर्णय किया। रेवती नक्षत्र के सितारों की ऊर्जा (वह ऊर्जा अभी भी रेवती नक्षत्र के तारा समूह से गायब है) का बलिदान देने के साथ ही भगवान महाकाल की प्रार्थना करने के बाद, अश्वत्थामा अपने शरीर का अग्नि में बलिदान देने के लिए तैयार हो गया।उस पल में, महादेव उसे आशीर्वाद देने के लिए अपने भयानक गणों के साथ प्रकट हुए।

महादेव शिव ने कहा, “कृष्ण से ज्यादा मुझे कोई भी प्रेय नहीं है, उन्हें सम्मानित करने के लिए और उनके वचन पर मैंने  पांचालों (पांडवों के पुत्रों) की रक्षा की है। लेकिन तुम्हारी तपस्या बर्बाद नहीं हो सकती है” यह कहकर उन्होंने एक उत्कृष्ट, चमकती तलवार के साथ अश्वत्थामा के शरीर में प्रवेश किया। विनाशक दिव्यता से भरा, द्रोण का पुत्र ऊर्जा से चमकता हुआ पांडवों के शिविर में प्रवेश करता है। उसके बाद उन्होंने उसने द्युष्टद्युम्न को मार डाला। इसके बाद उसने युधामन्यु (अर्थ : युद्ध की भावना), उत्तमानुज (अर्थ : सबसे अच्छा छोटा भाई), द्रौपदी का पुत्र और शिखंडी (अर्थ : सिर के मुकुट या माला पर लगा ताला) सहित कई और लोगों की हत्या कर दी।कृपा और कृतवर्मा ने द्वार पर ही अश्वत्थामा का इंतजार किया और उन सभी को मार डाला जिन्होंने भागने की कोशिश की। फिर अश्वत्थामा ने  शिविर को भी अग्नि लगा दी, और अपना क्रोध जारी रखा।

पुत्रों के हत्या से दुखी द्रौपदी विलाप करने लगी। उसके विलाप को सुन कर अर्जुन ने उस नीच कर्म हत्यारे ब्राह्मण के सिर को काट डालने की प्रतिज्ञा की। अर्जुन की प्रतिज्ञा सुन अश्वत्थामा भाग निकला। भगवान श्रीकृष्ण को सारथी बनाकर एवं अपना गाण्डीव धनुष लेकर अर्जुन ने उसका पीछा किया। अश्वत्थामा को कहीं भी सुरक्षा नहीं मिली तो भय के कारण उसने अर्जुन पर ब्रह्मास्त्र का प्रयोग कर दिया। अश्वत्थामा ब्रह्मास्त्र को चलाना तो जानता था पर उसे लौटाना नहीं जानता था। उस अति प्रचण्ड तेजोमय अग्नि को अपनी ओर आता देख अर्जुन ने श्रीकृष्ण से विनती की, “हे जनार्दन! आप ही इस त्रिगुणमयी श्रृष्टि को रचने वाले परमेश्वर हैं। श्रृष्टि के आदि और अंत में आप ही शेष रहते हैं। आप ही अपने भक्तजनों की रक्षा के लिये अवतार ग्रहण करते हैं। आप ही ब्रह्मास्वरूप हो रचना करते हैं, आप ही विष्णु स्वरूप हो पालन करते हैं और आप ही रुद्रस्वरूप हो संहार करते हैं। आप ही बताइये कि यह प्रचण्ड अग्नि मेरी ओर कहाँ से आ रही है और इससे मेरी रक्षा कैसे होगी?”

भगवान श्रीकृष्ण बोले, “हे अर्जुन! तुम्हारे भय से व्याकुल होकर अश्वत्थामा ने यह ब्रह्मास्त्र तुम पर चलाया है, ब्रह्मास्त्र से तुम्हारे प्राण घोर संकट में हैं। वह अश्वत्थामा इसका प्रयोग तो जानता है किन्तु इसके निवारण से अनभिज्ञ है। इससे बचने के लिये तुम्हें भी अपने ब्रह्मास्त्र का प्रयोग करना होगा क्यों कि अन्य किसी अस्त्र से इसका निवारण नहीं हो सकता”

भगवान श्रीकृष्ण की इस मन्त्रणा को सुनकर महारथी अर्जुन ने भी तत्काल आचमन करके अपना ब्रह्मास्त्र छोड़ दिया। दोनों ब्रह्मास्त्र परस्पर भिड़ गये और प्रचण्ड अग्नि उत्पन्न होकर तीनों लोकों को तप्त करने लगी। उनकी लपटों से सारी प्रजा दग्ध होने लगी। इस विनाश को देखकर अर्जुन ने संतों के अनुरोध पर अपने ब्रह्मास्त्र को वापस ले लिया, लेकिन अश्वत्थामा ने अपने ब्रह्मास्त्र की दिशा बदल कर अर्जुन के बेटे अभिमन्यु की विधवा के गर्भ की ओर कर दी।ब्रह्मास्त्र द्वारा अभिमन्यु की पत्नी उत्तरा (अर्थ : पार होना) के गर्भ पर हुए हमले से भगवान कृष्ण ने उत्तरा के भ्रूण को बचा लिया।

अभिमन्युका अर्थ अत्यधिक क्रोध है। अभिमन्यु चंद्रमा-देवता (चंद्र) के पुत्र वर्चस (अर्थ :प्रसिद्धि)का पुनर्जन्म था। जब चाँद-देवता से पूछा गया कि वह अपने पुत्र को धरती पर अवतरित कर दे, तो उसने एक समझौता किया कि उसका पुत्र सोलह वर्षों तक ही धरती पर रहेगा क्योंकि वह उससे ज्यादा समय तक अलग नहीं रह सकता है।

भगवान श्रीकृष्ण बोले, “हे अर्जुन! धर्मात्मा, सोये हुये, असावधान, मतवाले, पागल, अज्ञानी, रथहीन, स्त्री तथा बालक को मारना धर्म के अनुसार वर्जित है। इसने धर्म के विरुद्ध आचरण किया है, सोये हुये निरापराध बालकों की हत्या की है। जीवित रहेगा तो पुनः पाप करेगा। अतः तत्काल इसका वध कर दो। लेकिन मैंने तुमको भगवद् गीता में यह भी सिखाया है कि किसी भी परिस्थिति में गुरु (शिक्षक) और ब्राह्मण के पुत्र को कभी नहीं मारा जाना चाहिए। तो अब यह तुम पर निर्भर है कि तुम अश्वत्थामा के साथ क्या करेंगे। क्या तुम उसे एक धर्म के अनुसार दंडित करोगे या दूसरे के अनुसार उसे जीवन दान दोगे।

अर्जुन ने उत्तर दिया, “मेरे लिए आपका कथन हर परिस्थिति में अंतिम है। आपने मुझे गीता के व्याख्यान में बताया है कि किसी भी स्थिति में गुरु के पुत्र को नहीं मारना चाहिए, और भगवान मैं आपके उन्हीं वचनों का पालन करते हुए अश्वत्थामा को जीवन दान देता हूँ”

तब अर्जुन ने अश्वत्थामा को जीवित छोड़ दिया, लेकिन कृष्ण तो भगवान हैं वह अश्वत्थामा को ऐसे शर्मनाक कृत्य के लिए दंडित किए बिना कैसे छोड़ सकते थे।

तब भगवान श्रीकृष्ण ने अश्वत्थामा के माथे से अमूल्य मणि को नोंच कर निकाल दिया। जन्म से ही अश्वत्थामा के मस्तिष्क में एक अमूल्य मणि विद्यमान थी। जो कि उसे दैत्य, दानव, शस्त्र, व्याधि, देवता, नाग आदि से निर्भय रखती थी।

भगवान श्रीकृष्ण ने अश्वत्थामा को श्राप दिया कि तुम हजारोंवर्षों तक इस पृथ्वी पर भटकते रहोगे और किसी भी जगह, कोई भी तुम्हें समझ नहीं पायेगा। तुम्हारे शरीर से पीब और लहू की गंध निकलेगी। इसलिए तुम मनुष्यों के बीच नहीं रह सकोगे। दुर्गम वन में ही पड़े रहोगे।

तो जब ऐसी स्थिति जीवन में आ जाये कि यदि आप कुछ करने के लिए अपने धर्म का पालन कर रहे हैं, और साथ ही साथ अपना धर्म तोड़ना भी पड़ रहा है, तो उस वर्तमान स्थिति में जो आपको सर्वप्रथम अपना उपयुक्त धर्म लगे वही करना चाहिए या जो आपकी आत्मा की पहली आवाज़ हो या अपने आंतरिक विवेक का पालन करना चाहिए जैसा की अर्जुन ने किया। बाकि धर्म भगवान स्वयं संभाल लेंगे जैसा की इस परिस्थिति में भगवान कृष्ण ने अश्वत्थामा को श्राप देकर किया।

 

© आशीष कुमार  

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments