श्री संतोष नेमा “संतोष”
(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में आज प्रस्तुत है – संतोष के दोहे – गरीबी… । आप श्री संतोष नेमा जी की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)
☆ साहित्यिक स्तम्भ – इंद्रधनुष # 262 ☆
☆ संतोष के दोहे – गरीबी… ☆ श्री संतोष नेमा ☆
☆
हर मुश्किल से जूझता, देखो यहाँ गरीब |
रोटी भी दो जून की, उसको नहीं नसीब ||
*
सदा वक्त के नाम पर, रोज लगाए आस |
बिना कर्म आता नहीं, सुख गरीब के पास ||
*
नहीं गरीबी से बड़ा, कोई भी अभिशाप |
करो ज्ञान से दूर यह, खुद ही अपने आप ||
*
भाग्य भरोसे मत रहो, नहीं बनो मजबूर |
करें कर्म की साधना, तभी गरीबी दूर ||
*
दौलत के इस दौर में, बदल गए व्यवहार |
करे दिखावा झूठ का, मतलब का संसार ||
*
खूब कमाना चाहते, जीवन में धन धर्म|
पर नेकी की ओट में, करते खोटे कर्म ||
*
फुटपाथों पर देखिए, निर्धनता का शाप |
भूख मिटाने के लिए, करें स्वयं जो पाप ||
*
हर गरीब के भाल पर, लाचारी का भाव |
कौन हितैषी दीन का, सब देते हैं घाव ||
*
दूर गरीबी कर रहे, नेता कब से यार |
आते याद चुनाव में, निर्धन ही हर बार ||
*
कभी पोंछ कर देखिए, दीन दृगों का नीर |
पाने को संतोष धन, पढ़ें पराई पीर ||
☆
© संतोष कुमार नेमा “संतोष”
वरिष्ठ लेखक एवं साहित्यकार
आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.) मो 7000361983, 9300101799
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






