सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – अल्हड़ गोरी…।
रचना संसार # 55 – गीत – अल्हड़ गोरी… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
☆
काम-वाण मारे अनंग ने, अल्हड़ गोरी है शरमाई ।
मदमाता यौवन कहता है, धरती पर पसरी फगुनाई।।
*
मधुकर कर में रंग छुपाए, सुमन गाल पे छाई लाली।
चंचल तितली झूम रही है, हँसती है गेहूँ की बाली।।
प्रीति पलाशी ओढ़ चुनरिया, आई छत प्रणयी इठलाती।
कजरारी आँखें फगुनारी, चले षोडशी भी बलखाती।।
ढोल-मृदंग चंग बजते हैं, सुन कर बौराई अमराई।
*
ठुमुक रही बागों में कोयल, हिरणी मस्त कुलाँचे भरती।
प्रेम-गीत गुलमोहर गाता, तन-मन सरसों मोहित करती।।
यौवन है छाया धरती पर, मधुमय चुम्बन देता महुआ।
श्वासों में घुलता फागुन है, बहकी-बहकी सी है पछुआ।।
अंतस् में खिलता सेमल है, हुई तरंगित है अँगनाई।
*
फागुन की मस्ती में डूबे, जन- जन मार रहे पिचकारी।
भीगी गोरी की चोली है, खिली प्रीति की अब फुलवारी।।
ललचाता है काम देव भी, देख मदिर सतरंगी होली।
भंग- वारुणी पीकर यौवन, मादक होकर करे ठिठोली।।
मधुऋतु में सब झूम रहे हैं, प्रियतम सुधि आई अकुलाई।
*
संयम डोला सन्यासी का, टूट गए हैं बंधन सारे।
अधर-रसीले ढूँढे प्रिय को, छैल -छबीले आजा प्यारे।
दहक रहा उर विरह अनल में, प्रीति चकोरी भी पगलाती।
मौन निमंत्रण देती आँखें, मन मतंग है लिखता पाती।।
आतुर मिलने को होली में, धड़कन -धड़कन है सकुचाई ।
☆
© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)
संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268
ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






