आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’
(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि। संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है – पूर्णिका – सेवंती।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 241 ☆
☆ पूर्णिका – सेवंती ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆
☆
रंग-बिरंगी सेवंती हँसती-गाती सेवंती
इतराती-इठलाती है जन-मन भाती सेवंती
.
लाड़ लड़ाती तितली से गीत सुनाती सेवंती
गृह बगिया की शोभा है मोह बढ़ाती सेवंती
.
आतप, वर्षा, ठंडी से लड़ जी जाती सेवंती
करती न ही कराती है ठकुर सुहाती सेवंती
.
वादे करे न जुमला कह झुठलाती है सेवंती
कलियों की रक्षा करती सीख सिखाती सेवंती
.
पाखंडों से दूर रहे प्रभु गुण गाती सेवंती
जड़ जमीन से जुड़ी रखे शीश उठाकर सेवंती
.
सबकी सुने, न अपनी कह धैर्य धराती सेवंती
दूर सियासत से रहती सच अपनाती सेवंती
.
घोड़े नई कल्पना के नित दौड़ाती सेवंती
‘रमता जोगी’ सा जीवन ‘बहता पानी’ सेवंती
.
शब्द दहेज मायके से चुन ले जाती सेवंती
संस्कार संवर्धित कर जीवन पाती सेवंती
.
जय-जयकार करे सत की असत मिटाती सेवंती
गुस्सा पी होती गुमसुम गम खा जाती सेवन्ती
☆
© आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’
संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,
चलभाष: ९४२५१८३२४४ ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






