श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव
(संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध एवं अग्रज साहित्यकार श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव जी के गीत, नवगीत एवं अनुगीत अपनी मौलिकता के लिए सुप्रसिद्ध हैं। आप प्रत्येक बुधवार को साप्ताहिक स्तम्भ “जय प्रकाश के नवगीत ” के अंतर्गत नवगीत आत्मसात कर सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण एवं विचारणीय नवगीत “अपनापन खोया” ।)
जय प्रकाश के नवगीत # 109 ☆ अपनापन खोया ☆ श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव ☆
☆
हरदम अपने आँसू से ही
अपना मुँह धोया
न जाने किस रंगमहल में
अपनापन खोया
नयन राह में सपना पाले
ख़ुशहाली के
पर बदले ना दिन सारे ही
बदहाली के
सिरहाने पर रख दर्दों को
अँधियारा सोया।
रोज उजेरी भोर उसारे
रिश्ते काते
पर हासिल में आए सारे
खाली खाते
अनुबंधों पर कटता जीवन
काँधे पर ढोया।
उमर निगोड़ी समझौतों का
पाठ पढ़ाती
फिर भी काम नहीं आती है
ठकुरसुहाती
संस्कार सब गए रसातल
काटा जो बोया ।
***
© श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव
सम्पर्क : आई.सी. 5, सैनिक सोसायटी शक्ति नगर, जबलपुर, (म.प्र.)
मो.07869193927,
≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






