श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’
(सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ जी द्वारा गीत-नवगीत, बाल कविता, दोहे, हाइकु, लघुकथा आदि विधाओं में सतत लेखन। प्रकाशित कृतियाँ – एक लोकभाषा निमाड़ी काव्य संग्रह 3 हिंदी गीत संग्रह, 2 बाल कविता संग्रह, 1 लघुकथा संग्रह, 1 कारगिल शहीद राजेन्द्र यादव पर खंडकाव्य, तथा 1 दोहा संग्रह सहित 9 साहित्यिक पुस्तकें प्रकाशित। प्रकाशनार्थ पांडुलिपि – गीत व हाइकु संग्रह। विभिन्न साझा संग्रहों सहित पत्र पत्रिकाओं में रचना तथा आकाशवाणी / दूरदर्शन भोपाल से हिंदी एवं लोकभाषा निमाड़ी में प्रकाशन-प्रसारण, संवेदना (पथिकृत मानव सेवा संघ की पत्रिका का संपादन), साहित्य संपादक- रंग संस्कृति त्रैमासिक, भोपाल, 3 वर्ष पूर्व तक साहित्य संपादक- रुचिर संस्कार मासिक, जबलपुर, विशेष— सन 2017 से महाराष्ट्र शासन के शैक्षणिक पाठ्यक्रम कक्षा 9th की “हिंदी लोक भारती” पाठ्यपुस्तक में एक लघुकथा ” रात का चौकीदार” सम्मिलित। सम्मान : विद्या वाचस्पति सम्मान, कादम्बिनी सम्मान, कादम्बरी सम्मान, निमाड़ी लोक साहित्य सम्मान एवं लघुकथा यश अर्चन, दोहा रत्न अलंकरण, प्रज्ञा रत्न सम्मान, पद्य कृति पवैया सम्मान, साहित्य भूषण सहित अर्ध शताधिक सम्मान। संप्रति : भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स प्रतिष्ठान भोपाल के नगर प्रशासन विभाग से जनवरी 2010 में सेवा निवृत्ति। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय कविता “कल क्या होगा…?” ।)
☆ तन्मय साहित्य #285 ☆
☆ कल क्या होगा…? ☆ श्री सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ ☆
☆
जीवन यह अनमोल, व्यर्थ नहीं इसे गँवाएँ
सजग चित्त परहित की, खुशियों में सुख पाएँ।
*
कल क्या होगा, यह किसने जीवन में जाना
किए कृत्य निश्चित ही, उसके फल तो पाना
लाख उपाय छिपाने के, पर छिप न सकेंगे,
होगा सजीव चित्रपट, आखिर में पछताना,
क्यों न आज, सौजन्य भाव की पौध लगाएँ
सजग चित्त परहित की, खुशियों में सुख पाएँ।
*
एक-एक कर जीवन के, सब चित्र खुलेंगे
खुशी कभी दुख आकर, हमसे गले मिलेंगे
कहीं कंटकाकीर्ण दृश्य, सम्मुख होंगे तो
कहीं सुकृत्यों के, सुरभित नव पुष्प खिलेंगे,
सुखद चित्र हो, ऐसा कुछ प्रारब्ध बनाएँ
सजग चित्त परहित की, खुशियों में सुख पाएँ।
*
स्वप्न अधूरे ही रह जाते हैं, सब मन के
लक्ष्य कहाँ पूरे हो पाते हैं, जीवन के
रहे भटकते सुख पाने को, बाहर-बाहर
रहे अपरिचित खुद से, खुद के अवलोकन से,
करती रही भ्रमित, मायावी मृगतृष्णाएँ
सजग चित्त परहित की, खुशियों में सुख पाएँ।
*
बीत गया है समय, चलो उसको बिसराएँ
वर्तमान जो शेष, सजग उसको सुलझाएँ
यश-कीर्ति सम्मान, प्रतिष्ठा सम्मोहन में,
निरंकुशी मन पर, संयम की रास लगाएँ,
मन में शुचिता के, शुभ-मंगल भाव जगाएँ
सजग चित्त परहित की, खुशियों में सुख पाएँ।
☆ ☆ ☆ ☆ ☆
© सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’
जबलपुर/भोपाल, मध्यप्रदेश, अलीगढ उत्तरप्रदेश
मो. 9893266014
≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈



